शनिवार, 30 अप्रैल 2016

बादलों से अठखेलियां

नीचे जमीन से
ऊपर आसमान पर
उड़ते और ऊँचे उड़ते
यह मन मेरा, मयूर-सा नाच रहा है।

सामने दिख रहे
मनभावन से इन
काले-सफेद बादलों को
उस पार जाकर छूना लेना चाहता है।

सफेद बादल
इस ओर मुस्काते
उस ओर काले बादल
इशारों से बुला रहे अपने पास हैं देखो।

उधर देखती हूँ
धूम्ररेख से धूमिल
धुँआते बादलों को
निहारते ही रह जाने का हसीन पल है।

सोच रही हूँ मैं
जहाज की खिड़की
खोलकर, जी भरकर
अठखेलियाँ कर लूँ इस मनसिज से।

यह स्वर्णिम
अवसर जीवन में
जब फिर आ पाएगा
तब-की-तब इठलाकर देखा जाएगा।

दूर गगन में
होड़ लगाते हुए
उन पक्षियों की मस्ती
आकर्षित कर रही है बरबस मुझको।

पंछियों के इस
निश्छल कलरव को
सुनकर चाहती हूँ मैं भी
अपना सुर इनके साथ मिला दूँ अपना।

पंख लगाकर
इनके साथ उड़ूँ
नीले आसमान को छूकर
मन की चाहत को कर पाऊँ अब पूरी मैं।
चन्द्र प्रभा सूद
Twitter : http//tco/86whejp

गुरुवार, 28 अप्रैल 2016

बच्चों का भोलापन

बच्चे अपने भोलेपन में ऐसे कार्य कर जाते हैँ जिनसे उनके अपने कोमल मन को ही ठेस लग जाती है। बच्चों के मन में छल-कपट, ईर्ष्या-द्वेष नहीं होता। वे ईमानदार, सच्चे, सरल हृदय और भावुक होते हैं। इसीलिए उन्हें भगवान का रूप कहा जाता है। इन मासूम बच्चों के मन में हम बड़े जहर घोलकर इन्हें समय से पहले बड़ा बनाने का अपराध अनायास ही करते हैं।
         ये बच्चे बिना सोचे-समझे किसी की भी बात पर आँख मूँदकर विश्वास कर लेते हैं यानि उसे सच मान लेते हैं।
           अपनी बात मनवाने के लिए वे हठ अवश्य करते हैं। यदि उनकी इच्छा को न पूरा किया जाए तो वे आहत भी हो जाते हैं। कुछ समय तक रूठे भी रहते हैं और थोड़े समय के बाद फिर पहले की तरह मस्त हो जाते हैं। तब उन्हें देखकर कोई यह नहीं कह सकता कि कुछ पल पहले वे नाराज थे। यही बच्चों की चरित्रगत विशेषता है। इसी कारण वे सबका मन मोह लेने में सफल रहते हैं, उन्हें अपना बना लेते हैं। शीघ्र ही हरेक के साथ ऐसे घुलमिल जाते हैं, मानो उनका साथ बरसों पुराना है।
           घर में माता को काम करते देखते हैँ तो अपनी माँ का हाथ बटाने के लिए कभी वे झाड़ू लगाने लगते हैँ तो कभी डस्टिंग करने लगते हैं। कभी रसोई में जाकर रोटी बनाने की जिद करते हैं। पिता को गाड़ी साफ करते देख उनकी सहायता के लिए भागे आते हैं। दादा-दादी के आवाज लगाने पर भागकर उनका काम खुशी-खुशी करते हैं।
          घर में यदि कोई बीमार हो जाए तब उनका काम बढ़ जाता है। वे उनकी तिमारदारी में जुट जाते हैं। बार-बार उन्हें छूकर देखते हैं। उन्हें पानी देना, दवा देना और उनके पास सारा समय बैठना व गप्पे लगाकर उनका मन बहलाने का काम ये बखूबी करते हैं। जिससे बिमारी की उस अवस्था में भी उन्हें सुकून मिलता है।
          इस तरह घर में हर किसी सदस्य के लिए फिक्रमन्द रहने वाले बच्चे अपनी नासमझी के कारण प्रायः कुछ-न-कुछ गड़बड़ कर देते हैं। दिन में दसियों बार काम फैला देते हैं, इसके लिए उन्हें डाँट भी लगा दी जाती है। फिर भी वे अपने परोपकारी स्वभाव को नहीं छोड़ते और अपनी ही धुन में खोए रहते हैं। थोड़ी देर के बाद फिर आ जाते हैं कोई दूसरा काम करने के लिए। जरा-सी शाबाशी मिलने पर इतराने लगते हैं।
         अपने अल्पज्ञान के कारण यदा कदा वे अकरणीय कार्य कर जाते हैं। घर के पालतू जीवों को खेल-खेल में तंग करने लगते हैं। कभी-कभी अनजाने में उन जीवों को चोट लग जाती है तब इससे वे उदास हो जाते हैं।
        कभी घर में कोई चिड़िया अण्डे देती है तो उन्हें ज्ञिज्ञासा रहती है कि उसमें से बच्चे कब निकलेंगे? वे कैसे दिखाई देंगे? उन्हें खाना कौन खिलाएगा? आदि प्रश्न उन्हें उद्वेलित करते रहते हैं। इसलिए कभी वे उन अण्डों को सबकी नजर बचाकर छू लेते हैं तो अगले दिन वे उन्हें टूटे हुए मिलते हैं। तब वे व्यथित होकर माता-पिता से इसका कारण जानने का प्रयास करते हैं। जब उन्हें यह पता चलता है कि उनके छूने से चिड़िया ने अण्डों को तोड़ डाला है तो आहत हुआ बालमन फिर उस गलती को न दोहराने की कसम खाता है।
          अपने मंहगे अथवा सस्ते सभी खिलौनों को तोड़कर प्रायः बच्चे उसका मेकेनिज्म समझने का यत्न करते हैं कि वे किस प्रकार बने हैं अथवा उसमें किन-किन वस्तुओं का प्रयोग किया गया है। अपनी इस आदत के कारण उन्हें अक्सर अपने बड़ों की नाराजगी झेलनी पड़ती है। फिर भविष्य में खिलौनों को न तोड़ने की कसम खाकर वे दुबारा उसी काम में मशगूल हो जाते हैं।
          बच्चों को बचपन में ही जीने देने का यत्न करना चाहिए। आयु से पहले उन्हें बड़ा बनकर उनका बचपन नहीं छीनना चाहिए। हो सके तो कुछ पल के लिए उनके साथ बच्चा बनकर अपने बचपन के हसीन पलों को याद कर लीजिए।

बुधवार, 27 अप्रैल 2016

विद्यार्थी जीवन में सफलता

विद्यार्थी जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए सावधान रहना बहुत आवश्यक होता है। एक ओर यही समय योग्यता अर्जित करके आगे बढ़ने का होता है और दूसरी ओर मौज-मस्ती करने का भी यही समय होता है। विद्यार्थी जीवन में बुलन्दियों को छूने का मूलमन्त्र निम्न श्लोक हमें बता रहा है, इस पर ध्यान देना चाहिए-
       काक चेष्टा बको ध्यानं श्वाननिद्रा तथैव च।
       अल्पहारी गृहत्यागी विद्यार्थी पञ्च  लक्षणम्।
अर्थात् विद्यार्थी के पाँच लक्षण होते हैं- कौए की तरह प्रयत्न, बगुले की भाँति ध्यान, कुत्ते के समान निद्रा, कम खाने वाला और घर को छोड़ने वाला।
           इस श्लोक के माध्यम से कवि स्पष्ट करना चाहता है कि एक विद्यार्थी के प्रयत्न कौए की तरह होने चाहिए। एकसाथ घण्टों बैठकर पढ़ने के स्थान पर थोड़े-थोड़े समय के अन्तराल से पढ़ना चाहिए। इससे थकावट भी नहीं होती और याद करने में सुविधा होती है।
           बगुला जिस प्रकार अपना शिकार मछली पकड़ने के लिए ध्यान मुद्रा में एक पैर पर तालाब में खड़ा हो जाता है, उसी प्रकार विद्यार्थी को अपना ध्यान लक्ष्य पर केन्द्रित करना चाहिए। उसका उद्देश्य केवल योग्यता अर्जित करना होना चाहिए। दुनिया के सभी आकर्षणों से अपने मन को हटाकर अपनी पढ़ाई पर केन्द्रित करना चहिए क्योंकि ये सभी खाली समय के चोंचले होते हैं। इनके चक्कर में फंसने वाले अपनी पढ़ाई में पिछड़ जाते हैं।
         विद्यार्थी जीवन में नींद कुत्ते की तरह होनी चाहिए, जरा-सी आहट हुई नहीं कि खुल गई। इस अवस्था में यदि अधिक सोया जाए तो पढ़ाई करने का समय नहीं मिल पाता। सोने से पहले जागने का जो समय निश्चित किया जाए, उस समय बिना कष्ट के अपनी जिम्मेदारी से जागकर पढ़ना चाहिए। ऐसा नहीं सोचना चाहिए कि मम्मी जगाएगी तो तभी जागेंगे और पढ़ेंगे।
         पढ़ने वाले बच्चों को अपने आहार पर नियन्त्रण रखना चाहिए। उन्हें पौष्टिक भोजन खाना चाहिए ताकि उनका स्वस्थ ठीक रहे। यदि वे जंक फूड अधिक खाएँगे तो उनका स्वस्थ अवश्य ही प्रभावित होगा। आवश्यकता से अधिक खाएँगे तो नींद अधिक आएगी और शरीर रोगी भी हो सकता है। इसके कारण पढ़ाई का नुकसान होगा सो अलग।
           विद्यार्थी को पढ़ाई करने के लिए यदि अपने घर से दूर किसी अन्य शहर या विदेश जाना पड़े तो कदापि संकोच नहीं करना चाहिए। ज्ञानार्जन करने और अपने जीवन को उचित दिशा देने के लिए उसे अपने घर का मोह त्यागना चाहिए।
       विद्यार्थी जीवन में उद्देश्य ज्ञानार्जन होना चाहिए। इस समय पर बच्चा यदि योग्यता ग्रहण कर लेता है तो अपने जीवन में सेटल होने में उसे परेशानी नहीं होती। उच्च पद पर आसीन होकर वह जीवन का आनन्द ले सकता है।
         इसके विपरीत विद्यार्थी जीवन में मौज-मस्ती में डूबे रहने वाले बच्चों को भविष्य में अपना कैरियर बनाने में अधिक मशक्कत करनी पड़ती है। सारा जीवन उन्हें संघर्ष करना पड़ता है।
           बीता हुआ समय फिर लौटकर नहीं आ सकता। बड़े होने पर जब मनोनुकूल नौकरी नहीं मिल पाती तो उस समय फिर पश्चाताप करने का कोई लाभ नहीं होता।
          विद्यार्थियों को अपने पढ़ने और खेलने के समय में तालमेल बिठाने के लिए समय सारिणी (time table) बना लेनी चाहिए। प्रयास यही करना चाहिए कि उसके अनुसार अपने दिन कार्यक्रम चले, बाधित न होने पाए। यदि किसी कारणवश दिन का कार्यक्रम बाधित हो जाए तो उस दिन का बचा हुआ कार्य आने वाले दिनों में पूर्ण कर लिया जाए।
          विवेकपूर्ण आचरण से ही विद्यार्थी अपने जीवन में सफलता की सीढ़ियाँ चढ़ता है। वह दिन दोगुनी और रात चौगुनी तरक्की करता है।
चन्द्र प्रभा सूद
Twitter : http//tco/86whejp

मंगलवार, 26 अप्रैल 2016

परिवार की परिकल्पना

परिवार की परिकल्पना भारतीय संस्कृति की अनमोल धरोहर है। परिवार में जितना अधिक आपसी विश्वास और तालमेल बना रहेगा उतना ही घर के सदस्यों का आपसी सद्भाव दूसरों के लिए उदाहरण बनता है। ऐसे घर की महक चारों दिशाओं में फैलती है।
          संत कबीर दास जी के जीवन कआ एक प्रसंग बताना चाहती हूँ। कबीर दास जी प्रतिदिन सत्संग किया करते थे। दूर-दूर से लोग उनके पास सुनने के लिए आते थे। एक दिन सत्संग खत्म होने के बाद भी एक आदमी बैठा ही रहा। कबीर दास जी ने उससे न जाने का कारण पूछा तो उसने बताया कि घर के सभी सदस्यों से उसका झगड़ा होता रहता है। वह जानना चाहता था कि उसके घर में ही क्लेश क्यों होता है, वह उसे कैसे दूर कर सकता है।
            कबीर जी ने थोड़ी देर चुप रहकर अपनी पत्नी से लालटेन जलाकर लाने के लिए कहा तो उनकी पत्नी लालटेन जलाकर ले आई। वह आदमी हैरान होकर सोचने लगा इतनी दोपहर में इन्होंने लालटेन क्यों मंगवाई? थोड़ी देर बाद कबीर जी ने कुछ मीठा मंगवाया तो उनकी पत्नी नमकीन देकर चली गई। उस आदमी ने सोचा कि यह तो शायद पागलों का घर है। मीठा के बदले नमकीन और दिन में लालटेन।
        उस व्यक्ति ने कबीर दास से जब जाने के लिए पूछा तब कबीर ने उससे उसकी समस्या के समाधान हो जाने के विषय में पूछा। उस व्यक्ति ने अनभिज्ञयता प्रकट की तो कबीर जी ने कहा कि लालटेन मंगवाने पर मेरी पत्नी कह सकती थी कि तुम क्या सठिया गए हो। इतनी दोपहर में लालटेन की क्या जरूरत है। लेकिन उसने सोचा कि किसी काम के लिए लालटेन मंगवाई होगी। मीठा मंगवाया तो नमकीन देकर चली गई। मैं चुप रहा कि हो सकता है घर में कोई मीठी वस्तु न हो। इसमें तकरार कैसा? आपसी विश्वास बढ़ाने और तकरार न करने से विषम परिस्थितियाँ स्वयं दूर हो गईं।
           तब उसे समझ आया कि कबीर जी ने उसे समझाने के लिए ऐसा किया था। कबीर जी ने फिर कहा कि गृहस्थी में आपसी विश्वास से ही तालमेल बनता है। आदमी से गलती हो जाए तो औरत संभाल ले और औरत से कोई त्रुटि हो जाए तो पति उसे नजरअंदाज कर दे।
           सुखी गृहस्थी का मूल मंत्र गुरु नानक देव जी ने बताया है कि 'एक ने कही दूजे ने मानी नानक कहे दोवें ज्ञानी।'
           अर्थात् घर में बिना विरोध किए एक-दूसरे की बात को मान लेना समझदारी होती है। अनावश्यक विरोध से टकराव की स्थिति बनती है। हाँ, पहले बात मान लो और फिर माहौल देखकर अपनी राय को भी रखना चाहिए। इससे दूसरे को उसकी गलती का अहसास भी हो जाएगा और घर का वातावरण भी नहीं बिगड़ेगा। ऐसा करने में मनुष्य का अहं आड़े आ सकता है पर घर की सुख-शान्ति बनाए रखने में बहुत कारगर उपाय है। तभी घर स्वर्ग के समान बन सुन्दर बन जाता है।
          इस तथ्य को हृदयंगम कर लेना चाहिए कि परिवार से बड़ा कोई धन इस संसार में नहीं है। पिता से बड़ा सलाहकार इस दुनिया में कोई नहीं मिल सकता। माता के आँचल की छाया से बड़ा स्थान दुनिया में  अन्य कोई नहीं हो सकता। उसे पाने के लिए देवता भी तरसते हैं।
         अपने भाई से अच्छा कोई साथी कोई नहीं हो सकता। बहन से बड़ा कोई शुभचिन्तक नहीं हो सकता। अपने भाई-बहनों से ही मनुष्य संसार में सुशोभित होता है। पत्नी से बड़ा कोई मित्र इस संसार में नहीं हो सकता। वही मनुष्य के सुख-दुख का सच्चा साथी होती है। उसके बिना वह अधूरा रहता है।
            परिवार के बिना हम लोग जीवन की कल्पना ही नहीं कर सकते। यदि अपने जीवन में सुख-समृद्धि चाहिए तो परिवार में सामंजस्य बनाकर रखना चाहिए।
चन्द्र प्रभा सूद
Twitter : http//tco/86whejp

सोमवार, 25 अप्रैल 2016

दिन बदलने की आशा

मनुष्य इस आशा में सारा जीवन व्यतीत देता है कि कभी तो उसके दिन बदलेंगे और वह भी सुख की साँस ले सकेगा। वह उस दिन की प्रतीक्षा करता है जब उसका भी अपना आसमान होगा जहाँ वह लम्बी उड़ान भरेगा। उसकी अपनी जमीन होगी जहाँ वह पैर जमाकर खड़ा हो पाएगा। तब कोई उसकी ओर चुभती नजरों से देखने की हिमाकत नहीं करेगा।
          कहते हैं बारह वर्ष बाद तो घूरे के भी दिन बदलते हैं। इन्सान के अपने भाग्य में भी परिवर्तन होगा, ऐसे सपने तो वह देख सकता है। कुछ सौभाग्यशाली लोग होते हैं जिनके जीवन में समय बीतते बदलाव आ जाता है। परन्तु कुछ दुर्भाग्यपूर्ण लोग भी संसार में हैं जो जन्म से मृत्यु तक एड़ियाँ घिसते रहते हैं। उनके लिए सावन हरे न भादों सूखे वाली स्थिति रहती है।
        उम्मीद वर्षो से घर की दहलीज पर खड़ी वो मुस्कान है जो हमारे कानों में धीरे से कहती है- 'सब अच्छा होगा।' और इसी सब अच्छा होने की आशा में हम अपना सारा जीवन दाँव पर लगा देते हैं। अपने जीवन को अधिक और अधिक खुशहाल बनाने के लिए अनथक श्रम करते हुए भी मुस्कुराते रहते हैं। अपने उद्देश्य को पाने में जुटा मनुष्य हसी-खुशी कोल्हू का बैल बन जाता है।
          घर-परिवार के दायित्वों को यदि मनुष्य सफलतापूर्वक निभा सके तो उससे अधिक सौभाग्यशाली कोई और हो नहीं सकता। किन्तु जब उनको पूरा करने की कवायद करता हुआ वह, बस जोड़तोड़ तक सीमित रह जाता है तब यह मानसिक सन्ताप उसे पलभर भी जीने नहीं देता। धीरे-धीरे उसकी हिम्मत जवाब देने लगती है। तब उसके कुमार्गगामी बन जाने की सम्भावना बढ़ जाती है।
          उस समय मनुष्य भूल जाता है कि समय से पहले और भाग्य से अधिक कभी भी किसी को कुछ नहीं मिलता। यदि इस सूत्र का स्मरण कर लिया जाए तो वह सदा सन्मार्ग का पथिक ही रहे। तब मनुष्य अपने जीवन को इस तरह नरक की भट्टी में झोंककर और अधिक कष्टों को न्यौता नहीं देगा। यदि वह अपने विवेक का सहारा ले सके तो सब बन्धु-बान्धवों का जीवन बरबाद होने से बचा सकता है।
         मनुष्य को सदा आशा का दामन थामकर रखना चाहिए। इस बात को उसे स्मरण रखना चाहिए कि जब काले घने बादल आकाश पर छा जाते हैं तब वे शक्तिशाली सूर्य को भी आक्रान्त कर लेते हैं। दिन में ही रात होने का अहसास होने लगता है यानि घटाटोप अंधकार छा जाता है। उस समय बादलों के बरस जाने के बाद सूर्य मुस्कुराता हुआ फिर से आकाश में चमकने लगता है। सब कुछ साफ-साफ दिखाई देने लगता है।
           मनुष्य के जीवन में भी कठिनाइयों के पल यदा कदा आते रहते हैं। उसे निराश हताश करते हैं। सब बन्धु-बान्धवों से उसे अलग-थलग कर देते हैं। उसका अपना साया ही मानो पराया हो जाता है। अपने चारों ओर उसे निराशा के बादल घिरते हुए दिखाई देते हैँ। ऐसी कठिन परिस्थितियों में भी सुख की चाह में मनुष्य को आशा का दामन नहीं छोड़ना चाहिए। अपने समय पर स्थितियाँ फिर से अनुकूल हो जाती हैं और मनुष्य की झोली में पड़े हुए काँटे फूलों में बदल जाते हैं।
           उस समय मुरझाया हुआ मनुष्य पुनः फूलों की तरह महकने लगता है। तब मनुष्य को कर्तापन के वृथा अहंकार को अपने पास फटकने भी नहीं देना चाहिए। जीवन की हर परीक्षा में तपकर कुन्दन की तरह और निखरकर सामने आना चाहिए। हर परिस्थिति में उसे उस मालिक का अनुगृहीत होना चाहिए। तभी मनुष्य को मानसिक और आत्मिक बल तथा शान्ति मिलती है।
चन्द्र प्रभा सूद
Twitter : http//tco/86whejp

निर्माण और विनाश

निर्माण और विनाश परस्पर विरोधी होते हुए भी एक सिक्के के दो पासों की तरह जुड़े रहते हैं। इन्हें अलग-अलग नहीं किया जा सकता। जहाँ निर्माण है वहाँ विनाश भी अवश्यंभावी होता है।
           इसीलिए इस संसार को मरणधर्मा कहा जाता है। इसका अर्थ यही है कि जो भी चराचर जीव इस दुनिया में आया है उसकी मृत्यु निश्चित है। उसके चाहने या न चाहने का कोई औचित्य नहीं होता। उसे इस धरा से जाना ही होता है, उसके पास इसका कोई विकल्प नहीं होता। सदा के लिए कोई भी यहाँ नहीं रह सकता।
           बीज का वृक्ष बनना रूप परिवर्तन होता है, निर्माण नहीं कहलाता। परन्तु वृक्ष को काटकर उससे अपनी आवश्यकता की अथवा आकर्षक वस्तुएँ बनाना निर्माण कहलाता है। उस काष्ठ को नष्ट कर देना या ईंधन के रूप में उसका प्रयोग करना ही विनाश कहलाता है।
           यह समस्त चराचर जगत् उस प्रभु की रचना है अथवा निर्माण है। जब भी प्राकृतिक आपदाएँ आती हैं तब वे स्थान-स्थान पर विनाश का ताण्डव करती हैं। चारों ओर त्राहि-त्राहि मचने लगती है। वे किसी चराचर जीव का पक्षपात नहीं करतीं।
          किसी भी निर्माण में वर्षों लगते हैं किन्तु उसका विनाश करने में अधिक समय नहीं लगता। जैसे एक बहुमंजिला भवन बनाने में वर्ष भर या इससे भी अधिक समय लग सकता है परन्तु उसे तोड़ने के लिए कुछ दिन ही बहुत हो जाते हैं। मैं यही कहना चाहती हूँ कि निर्माण करना बहुत कठिन होता है और विधवंस करना सरल होता है।
          'सूक्तिमुक्तावली' ग्रन्थ में कवि ने इसी भाव का वर्णन किया है-
दीर्घप्रयासेन कृतं हि वस्तुनिमेषमात्रेण भजेद् विनाशम्।
कृतं कुलालस्य तु वर्षमैक नेतुं हि दण्डस्य मुहुर्तमात्रम्॥
अर्थात् लम्बी अवधि में परिश्रम से प्रस्तुत की गई वस्तु का विनाश क्षणभर में ही किया जा सकता है। कुम्भकार को जिस वस्तु को तैयार करने में एक वर्ष का समय लगता है, उसी को डण्डे ने क्षणभर में ही विध्वस्त कर दिया।
           इस श्लोक के माध्यम से कवि हमें यही समझाना चाहता है कि निर्माण की अपेक्षा विध्वंस सरलता से, बिना समय गंवाए पलभर में किया जा सकता है। कुम्हार का उदाहरण देकर अपनी बात को कवि ने बड़े सुन्दर शब्दों में प्रस्तुत किया है।
          इतिहास के पन्ने खंगालने पर हम जान सकते हैं कि कितने शहर, कितनी सभ्यताएँ समय बीतते पृथ्वी के गर्त में  समा गईं। आज जब कभी उन स्थानों की खुदाई की जाती है तो वहाँ से उन प्राचीन सभ्यताओं के अवशेष मिलते रहते हैं जो किसी चमत्कार से कम नहीं लगते। यह उन सबकी विनाश लीला को दर्शाती है। आखिर कभी तो वहाँ इतना निर्माण हुआ होगा।
          विद्वानों का मानना है कि रेगिस्तान के स्थान पर नदियाँ अथवा समुद्र आ जाते हैं और समुद्रों अथवा नदियों के स्थान पर शहर बस जाते हैं। इसी प्रकार पर्वत धरती में बदल जाते हैं और पृथ्वी पहाड़ों अथवा टीलों में बदल जाती है। यह भी निर्माण और विनाश की ही कहानी कही जा सकती है। इसी तरह समुद्र से भी यदा कदा खोई वस्तुओं के अवशेष मिलते रहते हैं जिसके विषय में जानकर हम आश्चर्यचकित रह जाते हैँ।
          मनुष्य को सदा निर्माण कार्य करते रहना चाहिए जो देश, धर्म, समाज और घर-परिवार के लिए उपयोगी हों। उसे सदा आतंकवादी तथा तोड़फोड़ की अन्य सभी गतिविधियों से यथासम्भव ही दूर रहना चाहिए। निर्माण सदा-सर्वदा श्रेयस्कर होता है और विनाश की ओर कदम बढ़ाना पतन का कारण बनता है।
चन्द्र प्रभा सूद
Twitter : http//tco/86whejp