बूँद-बूँद से घट भरता है और यदि किसी कारणवश उसमें छेद हो जाए तब उसी प्रकार से समय बीतते क्रमशः खाली भी हो जाता है। मनुष्य को अपने जीवन में सदा ही सावधान रहना चाहिए। उसे एक-एक करके अपने शुभ कर्मों में बढ़ोत्तरी करनी चाहिए। तुच्छ स्वार्थों के कारण उन्हें नष्ट नहीं होने देना चाहिए।
मनुष्य अपने भीतर यदि अच्छाइयों को जोड़ना आरम्भ करेगा तो वह अपने इस जीवन में ऊँचाइयों को छू लेता है। गुणों की अधिकता उसे महान बनाती है। वह संसार में पूजनीय बन जाता है। समाज को दशा और दिशा देने की सामर्थ्य उसमें आ जाती है। उसका जीवन सात्विक बन जाता है। उसका लोक और परलोक दोनों ही संवर जाते हैं।
इसके विपरीत यदि वह बुराइयों की डगर पर चल पड़ता है तब उसका जीवन नरक के समान कष्टदायक हो जाता है। ऐसे मनुष्य से सभी किनारा करते हैं। कोई भी मनुष्य उसकी संगति में रहकर अपयश का भागी नहीं बनना चाहता। उसके अपने परिवारी जन भी दुखी होकर उससे मुँह मोड़ लेते हैं। फिर वह अकेला रह जाता है। समय बीतते उसे यह अहसास होता है कि क्षणिक सुख की चाह में उसने बहुत कुछ गंवा दिया है। उस समय रिश्ते टूट जाते हैं और जीवन के अवसान का समय आ जाता है।
हम परिश्रम करके यदि थोड़ा-थोड़ा करके धन का संग्रह करते हैं तो बहुत-सी धनराशि एकत्र कर लेते हैं जो हमारे सुख-दुख में हमारा साथ निभाती है। इसके विपरीत यदि मनुष्य कुव्यसनों में पड़ जाए या उसे निठल्ले बैठने की आदत हो जाए तब पूर्वजों द्वारा कमाया हुआ भी साथ नहीं देता बल्कि बरबाद हो जाता है। तब धन-सम्पत्ति रूठकर घर से विदा हो जाती है। तब हम चाहकर भी उसे रोक नहीं पाते बस हाथ ही मलते रह जाते हैं। इसके अतिरिक्त हम कुछ और कर भी नहीं सकते।
अपना लोक व परलोक सुधारने के लिए नियमित आत्मविशलेषण करके हम अपने दुर्गुणों को दूर करते हुए क्रमशः सद् गुणों को अपने अंतस में समाहित कर सकते हैं।
मूर्ख व्यक्ति का कोई भी साथी नहीं बनना चाहता। सभी उससे अपना पिण्ड छुड़ाना चाहते हैं। ऐसे मूर्ख व्यक्ति के परलोक की बात तो छोड़ दीजिए उसका इहलोक भी नरक के समान ही कष्टदायक हो जाता है।
धीरे-धीरे सद् ग्रन्थों को पढ़कर हम ज्ञान अर्जित कर सकते हैं। आयु के बीतने पर हम अनुभवजन्य ज्ञान प्राप्त कर सकते हैं। नहीं तो मूर्खों की कतार को बढ़ाकर आयुपर्यन्त दूसरों द्वारा किए गए अपमान को सहन करते रहते हैं।
लोगों को दूसरों की छीछालेदार करने में बहुत ही मानसिक प्रसन्नता मिलती है। उन्हें अनुचित रूप से टीका-टिप्पणी करके आनन्दित होने का अवसर कभी नहीं देना चाहिए।
अपने आप को संतुलित बनाए रखने के लिए आवश्यक है कि हम घट की भाँति पूर्ण बनें और बूँद-बूँद जल रूपी सद् गुणों से अपने व्यक्तित्व में निखार लाकर पूर्णता की ओर बढ़ें। छेदयुक्त मटके की तरह बनकर रिक्तता के मार्ग पर चलने से अर्थात जीवन को जीरो बनाने हमें सदा ही बचना चाहिए। तभी हम विवेकशील मनुष्य कहला सकेंगे।
चन्द्र प्रभा सूद
Twitter- http://t.co/86wT8BHeJP
मंगलवार, 15 सितंबर 2015
बूँद-बूँद से घट भरता
सोमवार, 14 सितंबर 2015
सागर की तरह गम्भीर
मनुष्य को सागर की भाँति गम्भीर होना चाहिए। सागर की गम्भीरता की थाह हम मनुष्य नहीं पा सकते। अपने गर्भ में न जाने कितने अनमोल रत्न छिपाए हुए है जिनके बारे में हमें जानकारी तक नहीं है। जितना ही गहरे हम सागर में पैठते जाते हैं उतना ही इसकी विशालता का ज्ञान होता है। उसी प्रकार मनुष्य को भी अपने अतंस में रखे सभी रहस्यों को गुप्त रखना चाहिए, उन्हें आत्मसात करना चाहिए। किसी भी परिस्थिति में दूसरों के समक्ष उनको उद्घाटित नहीं करना चाहिए। इसी से ही उसकी गम्भीरता एवं महानता का ज्ञान होता है।
सागर की सबसे बड़ी महानता यह है कि इसने हमें एक स्थान से दूसरे स्थान पर जाने का मार्ग दिया है। मनुष्यों और सामान से लदे इतने भारी-भरकम समुद्री जहाजों को यह आवागमन से कभी नहीं रोकता। इसकी महानता के कारण हम अनेकानेक वस्तुओं का सुविधापूर्वक आयात-निर्यात करके उनका उपभोग कर पाते हैं।
अनेक नदियों को अपने अंतस में समाकर सागर उन्हें एकाकार कर लेता है। इसका जल विभिन्न आकार-प्रकार के अनेक इतने खूबसूरत जलचरों की आश्रय स्थली है जिनके विषय में हमें जानते तक नहीं है। उनकी खोज करने के लिए बारबार वैज्ञानिक आकर इसका सीना चीरते रहते हैं। अनेक खजानों को समेटने वाला यह सदा ही सबके लिए आकर्षण का केन्द्र रहा है। इसकी लहरों का उतार-चढ़ाव किसी चमत्कार से कम नहीं है।
महापुरुषों की यही पहचान है कि वे अपने अंतस में न जाने किन-किन दीन-दुखियों की गाथाओं को रहस्य बनाकर अपने मन के किसी कोने में छिपा देते हैं। सम्पर्क में आने वाले लोगों की अच्छाइयों और बुराइयों को केवल अपने तक सीमित रखते हैं। सागर की तरह हर प्रकार के उतार-चढ़ावों को झेल लेते हैं पर उसकी आँच किसी पर नहीं आने देते।
अपने साथ अन्याय करने वालों को भी सागर की तरह क्षमा कर देते हैं। किसी से बदला लेने के बारे में ये महापुरुष विचार तक नहीं करते हैं।
पौराणिक कथा के अनुसार देवताओं और राक्षसों ने समुद्र मंथन किया था। मंथन से मिलने वाले रत्नों का बटवारा तो हो गया परन्तु हलाहल विष को बाँटने के लिए कोई तैयार नहीं हुआ तब भगवान शंकर ने उस विष का पान सृष्टि की भलाई के लिए किया। यही कार्य सज्जन जन भी करते हैं। दूसरों को सद् गुणों व खुशियाँ लुटाने वाले लोगों के व्यंग्य बाणों को हंसते हुए सहते हैं।
रामायण में प्रसंग आता है कि जब भगवान राम को रावण से युद्ध करने के लिए लंका पर चढ़ाई करनी थी तो उन्होंने सागर से मार्ग देने की प्रार्थना की थी। हम लोगों की तरह अनावश्यक अधिकार जमाने का प्रयास नहीं किया था। यह उनकी सज्जनता थी, महानता थी।
भगवान भोलेनाथ के विषय में प्रचलित है कि वे इतने भोले हैं जो हर भक्त की सच्चे मन से की साधना से प्रसन्न होकर उसे मनचाहा वरदान देते हैं। परन्तु यदि वे किसी कारण से कुपित हो जाएँ तो फिर उनके ताण्डव से सृष्टि में कोई भी नहीं बच सकता।
सागर हमें सब सुख देता है परन्तु फिर भी हम मनुष्य उसे दूषित करने से बाज नहीं आते। उसका परिणाम उसका उफान यानि ज्वार भाटा होता है जो किसी भी समय भयंकर विनाश कर सकता है। ऐसी चेतावनी वैज्ञानिक समय-समय पर देते रहते हैं।
सागर की तरह घोर गम्भीर सज्जन हमारे जीवन के मार्गदर्शक व प्रेरक होते हैं। अत: उनका सम्मान करने की आदत हम सबको होनी चाहिए। ऐसे महापुरुष बहुत विरले होते हैं।
चन्द्र प्रभा सूद
Twitter- http://t.co/86wT8BHeJP
रविवार, 13 सितंबर 2015
हिन्दी दिवस पर विशेष
हिन्दी दिवस 14 सितम्बर पर विशेष-
आज हिन्दी दिवस पर हमें आत्ममंथन करने की आवश्यकता है। वाकई क्या हम हिन्दी भाषा के विस्तार अथवा प्रचार-प्रसार के प्रति मन, वचन और कर्म से सन्नद्घ हैं?
मेरे विचार में ऐसा नहीं है। हम सबका इस विषय में दोहरा चरित्र है। कहने को हमें हिन्दी से बहुत प्यार है क्योंकि वह हमारी मातृभाषा है। इस मातृभाषा का अपमान खुल्लमखुल्ला हम सब कर रहे हैं। चौबीसों घंटे हम हिन्दी में बात करते हैं। अपने बच्चों की जब शिक्षा का समय आता है तो हमारे सारे असूल धरे रह जाते हैं। वहाँ हम अंग्रेज़ी भाषा को महत्त्व देते हैं। इसे मैं गलत नहीं मानती क्योंकि इतने वर्षों अंग्रेजों की गुलामी के बाद हमारी मानसिकता वैसी ही बन चुकी है।
हिन्दी के पिछड़ने का प्रमुख कारण राजनैतिक इच्छाशाक्ति है। जब तक राजकाज की भाषा हिन्दी नहीं बनेगी तब तक इसे अपना स्थान नहीं प्राप्त होगा।
दूसरा कारण है कि हिन्दी पढ़े लोगों की मानसिकता। उनकी सोच है कि यदि वे अंग्रेजी में बोलेंगे तो उन्हें सम्मान मिलेगा और वे पिछड़े नहीं कहलाएँगे। अपनी भाषा का जब वे ही आदर नहीं करेंगे तो अन्यों से उम्मीद रखना व्यर्थ है।
टीवी सिनेमा के कलाकार जो हिन्दी से रोटी खाते हैं वे पूछे गए प्रश्नों के उत्तर अंग्रेजी में देकर अपने कर्त्तव्य की इतिश्री कर लेते हैं।
उनके अतिरिक्त रचनाकार भी हिन्दी भाषा के प्रति संवेदनशील नहीं हैं। वर्तनी, लिंग, वचन आदि की उनकी अशुद्धियाँ भाषा को कमजोर बनाती हैं। इससे भी बढ़कर कुछ लोग रोमन भाषा में अपनी हिन्दी की रचना लिखकर हिन्दी के प्रति अपना प्रेम प्रदर्शित करते हैं। इसकख उदाहरण फेसबुक पर देख सकते हैं।
इसके साथ-साथ विश्व के अन्य देशों की भाँति हमारे भारत में भी शिक्षा का माध्यम अपनी मातृभाषा हिन्दी होना चाहिए। तरक्क़ी हम अपनी भाषा में पढ़कर भी कर सकते हैं। इसीलिए महाकवि ने कहते हैं- 'निज भाषा उन्नति गहे सब भाषा का मूल।'
यदि वास्तव में हम अपनी भाषा के प्रति संवेदनशील हैं तो ईमानदारी से इसके लिए प्रयास करना चाहिए। हिन्दी के नाम पर केवल गोष्ठियाँ करने या हिन्दी दिवस पर भाषण देकर हम अपनी जिम्मेदारी से मुक्त नहीं हो सकते। सरकार के साथ-साथ हम सभी हिन्दी प्रेमियों को एकजुट होकर ठोस कदम उठाने होंगे।
अंत में यही कहूँगी जिस व्यक्ति को अपने देश, अपने वेश और अपनी भाषा से प्यार नहीं उसे अपने को भारतवासी कहलाने का अधिकार नहीं।
चन्द्र प्रभा सूद
शनिवार, 12 सितंबर 2015
मायके व ससुराल में सामंजस्य
बेटियाँ अपने माता-पिता का मान होती हैं। अपने मायके की शान होती हैं। भाइयों की जान होती हैं। उन्हें घर-परिवार में बहुत महत्त्वपूर्ण स्थान दिया जाता है। उनकी राय को सदा अहमियत भी दी जाती हैं। उनकी चहचहाहट से सारा घर गुलजार रहता है।
सभी माता-पिता अपनी प्यारी बेटी को पढ़ा-लिखाकर अपने पैरों पर खड़ा हुआ देखना चाहते हैं। आज वे उनकी इच्छा का सम्मान करते हुए प्रयत्न कर रही हैं। अपने माता-पिता का नाम रौशन करती हुईं वे इसीलिए उच्च पदों पर आसीन हैं।
समयानुसार जब बेटी की शादी हो जाती है तो उसका दायित्व बहुत बढ़ जाता है। तब उसे मायके के साथ-साथ अपने ससुराल की भी चिन्ता होनी चाहिए। उसे केवल मायके के बारे में सोचते हुए अपने ससुराल के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को नहीं भूलना चाहिए।
मायके में हर दूसरे दिन जाना या अपनी ससुराल की छोटी-मोटी नोकझोंक को नमक-मिर्च लगाकर माता-पिता की सहानुभूति बटोरने से बचना चाहिए। इससे संबंधों में दरार आने की संभावना बढ़ती है जिससे दोनों घरों में अनावश्यक तनाव बढ़ जाता है और मनमुटाव होने लगता है।
पढ़ी-लिखी समझदार लड़कियों से समाज समझदारी की उम्मीद रखता है। जब तक पानी सिर से ऊपर होने की नौबत न आए तब तक सदा ही अपने परिवार में मिलजुलकर सामंजस्य बनाए रखने का यत्न करना चाहिए।
भाई की शादी के बाद तो बेटी को अधिक सावधानी बरतनी चाहिए। जहाँ तक सम्भव हो सके मायके को अपने भाई और भाभी के सुपुर्द कर देना चाहिए। वे अपने घर को कैसा भी रखते हैं उसमें दखलअंदाजी नहीं करनी चाहिए। भाभी और ननद के संबंधों की बुनियाद आपसी प्रेम व विश्वास पर होती है क्योंकि वे रक्त संबंध नहीं होते। इस रिश्ते में कटुता न आने पाए इसलिए सदा सावधान रहना चाहिए।
हर व्यक्ति सुरुचिपूर्ण तरीके से, अपनी इच्छा से ही अपने घर की साज-सज्जा करना चाहता है। उसमें जाकर व्यर्थ ही मीनमेख निकालना सर्वथा अनुचित होता है। ऐसा करने से उनके मन में आपके प्रति रोष उत्पन्न होगा। उन्हें ऐसा लगेगा कि उनके घर में आप अनावश्यक रूप से हस्ताक्षेप कर रही हैं। यह बेरुखी वाला व्यवहार धीरे-धीरे बढ़ता हुआ विनाश के कगार पर पहुँच जाता है।
अपने माता-पिता की चिन्ता हर बेटी को निस्संदेह रहती है। भाई-भाभी को यह कहकर अपमानित करना कि वे उनका ध्यान नहीं रखते अनुचित है। वे उनके भी माता-पिता हैं। इसलिए वे यथासंभव उनका सम्मान व ध्यान रखते ही हैं।
सबसे बड़ी समस्या तब आड़े आती है जब बेटी अपने माता-पिता के भाई-भाभी के विरुद्ध कान भरती है और वे भी उसकी बातों में आकर अपने बेटे-बहू को दोष देने लगते हैं। मैं सबसे प्रार्थना करूँगी कि ऐसी स्थितियों से यथासंभव बचें।
यदि बेटी चाहे भी तो माता-पिता को अपने साथ नहीं रख पाती और न ही वे अपने बेटे का घर छोड़कर बेटी के पास रहना चाहते हैं। इसका कारण हमारा है पारिवारिक व सामाजिक ढाँचा।
बेटियों को एक बात का और ध्यान रखना चाहिए कि मायके में अनावश्यक दखल देते हुए अपने ससुराल की ओर से लापरवाह नहीं होना चाहिए। ऐसा न हो कि 'दुविधा में दोनों गए माया मिली न राम।'
अर्थात मायके से संबंध बिगड़ जाएँ और ससुराल में भी सम्मान कम हो जाए।
यह बात हमेशा ही स्मृति में रखनी चाहिए कि माता-पिता का साथ सबको सीमित समय तक ही मिलता है पर बहन को अपने भाई और भाभी के साथ आयु पर्यंत निभाना होता है। अतः अपनी ओर से ऐसा व्यवहार करना चाहिए जिससे घर-परिवार में सबका सम्मान बना रहे और जग हंसाई भी न हो।
चन्द्र प्रभा सूद
Twitter- http://t.co/86wT8BHeJP
शुक्रवार, 11 सितंबर 2015
फूल की शिक्षा
मुस्कुराते हुए
फूल ने कहा मुझसे
एक दिन यूँ हंसते हुए
मेरी तरफ भी निहार लो घड़ी भर
मैंने झल्लाते हुए
उससे शिकायत की
मेरे बहुमूल्य समय को
तुमने बरबाद कर दिया उलझाकर
वैसे ही मैं अपनी
परेशानियों में दुखी
भटक रही हूँ कब से
इधर-उधर भाग रही हूँ राह खोजती
फूल ने फिर से
अट्टहास कर कहा
क्या तुम अकेली हो दुखी
मुझे भी बहुत से गम हैं तुम्हारी तरह
मैंने हैरान होकर
उससे पूछ लिया था
उसे क्योंकर होने लगी
परेशानी जो वह कह गिला कर रहा है
उसने जो बताया
सुनकर मेरे तो बस
रोंगटे खड़े हो गए थे कि
उसकी मुसकान के पीछे कितनी पीड़ा है
कहने लगा मुझसे
अपने ही साथ पैदा हुए
काँटों से दिन-रात ही मैं
होता रहता हूँ लहूलुहान पल-पल यहाँ
पक्षी चोंच मारकर
मुझे जख्मी करते हैं
किससे शिकायत करूँ
भंवरे रस लेकर उड़ जाते है हर दिन
आँधी-तूफान और
सर्दी-गर्मी के थपेड़े
करते हैं मुझे हैरान सदा
फिर भी मैं मुस्कुराता रहता हूँ हरदम
कोई गिला नहीं
कोई शिकायत नहीं
चारों ओर बस अपनी
सुगन्ध बिखेरता हूँ बिना भेदभाव के
मैं हतप्रभ-सी बस
देखती रही थी और
सुनती रही उसकी बातें
सच्चाई और ईमानदार है इस सोच में
मन में विचार आया
कष्ट में फूलों की तरह
समभाव रह करके मैं भी
सीख सकती हूँ हसना और मुस्कुराना।
चन्द्र प्रभा सूद
Twitter- http://t.co/86wT8BHeJP
गुरुवार, 10 सितंबर 2015
दसवाँ विश्व हिन्दी सम्मेलन
दसवें विश्व हिन्दी सम्मेलन (भोपाल) के अवसर पर विशेष-
कल 10 सितम्बर को विश्व हिन्दी सम्मेलन आरम्भ हो गया है। हिन्दी के नाम पर छींटाकशी भी चल रही है। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है कि तथाकथित हिन्दी प्रेमी केवल भाषणों का आदान-प्रदान करके अपने कर्त्तव्य की इतिश्री कर लेते हैं। उससे ही उनका हिन्दी प्रेम छलककर सबको सम्मोहित करने का प्रयास करता है।
यह सत्य है कि आज हिन्दी अपने ही देश में पराई हो रही है। उसकी इस स्थिति का श्रेय हम सभी भारतवासियों को है जो बड़ी शान से कहते हैं कि हिन्दी बहुत कठिन भाषा है।
चाहे हिन्दी प्रेमी हों अथवा टीवी- सिनेमा के कलाकार हों सभी हिन्दी से रोटी कमाते हैं पर जब उनसे कुछ पूछा जाए तो उत्तर अंग्रेजी में देते हैं। ऐसा करके उनका सीना गर्व से फूल जाता है। उन्हें शायद हिन्दी में बोलने में शर्म महसूस होती है।
मैं देश की राजधानी दिल्ली की बात करना चाहती हूँ जहाँ हिन्दी के नाम पर छोटे-छोटे गुट बने हुए हैं। हिन्दी भाषियों में हो रही यह गुटबन्दी भाषा का भला नहीं कर रही बल्कि उसे नित्य हानि ही पहुँचा रही है।
तथाकथित साहित्यकार एक-दूसरे की पीठ सहलाकर ही महान रचनाकार कहलवाने का जुगाड़ कर रहे हैं। बिना ऐसी किसी महत्त्वपूर्ण रचना के लिखे ही सम्मान बाँटने अथवा बटोरने की होड़-सी मची हुई है। इनमें से बहुत से ऐसे लोग भी हैं जिन्हें भाषा को शुद्ध लिखना व बोलना तक नहीं आता।
आपको फेसबुक पर ऐसे उदाहरण आसानी से मिल जाएँगे जिनकी लिखी हुई दो-चार पंक्तियों में भी भाषागत अशुद्धियाँ मिल जाएँगी। ऐसे लोगों को वर्तनी अथवा व्याकरण से कोई लेना देना नहीं है परन्तु हाँ उन्हें सम्मान भी मिल रहे हैं और वाहवाही भी।
मन को उस समय बहुत कष्ट होता है जब रचनाकारों की बिना स्वाध्याय के उथली रचनाएँ पढ़ने के लिए मिलती हैं।
तब समझ में नहीं आता कि हम साहित्य में क्या योगदान कर रहे हैं? अपने आने वाली पीढ़ी को क्या ऐसा साहित्य थाती के रूप में सौंपेगे?
आज फेसबुक पर एक मित्र ने बड़े ही दुखी मन से पूछा है- 'क्या इस देश समाज में लेखक या कलाकार की कोई इज्जत नहीं होती?'
इस प्रश्न के उत्तर में मैंने उन्हें लिखा है- 'इज्जत कमाई जाती है। यदि लेखक और कलाकार इज्जत कमाना चाहते हैं तो एक-दूसरे पर कीचड़ उछालना छोड़कर अपनी रचनाधर्मिता का निर्वहण करें। ऐसी रचनाएँ समाज को दें कि वह उनके समक्ष नतमस्तक हो जाए।'
फेसबुक पर प्रायः हिन्दी प्रेमियों की ऐसी व्यथा कथा पढ़ने के लिए मिल जाती है।
कुछ लोगों को रातोंरात महाकवि बनने की शीघ्रता है। सबसे बड़ा मजाक यह हो रहा है कि कुछ महानुभाव अपने नाम से पूर्व कवि, कविराज अथवा महाकवि भी लिख रहे हैं। अरे मेरे भाई साहित्य प्रेमियों को निर्धारित करने दीजिए कि आप कितने पानी में हैं।
हिन्दी की हो रही दुर्दशा को हम सब मिलकर सुधार सकते हैं। यह एक अकेले के बूते की बात नहीं है। अपनी भाषा को यथोचित स्थान दिलाने के लिए हम सबको साझा प्रयास करना होगा। अपने आपको स्वाध्यायशील बनाना होगा। जिससे जब कलम चले तो दूसरों को झकझोर कर रख दे और सबके हृदयों पर राज करे। हिन्दी भाषा पर हमें अपनी पकड़ इतनी मजबूत करनी होगी जिससे यह समृद्ध भाषा हमें गौरवान्वित कर सके। उस समय हम अपना मस्तक शान से उठाकर कह सकें-
' हम हिन्दुस्तानी हैं और हमारी मातृभाषा हिन्दी है। हमें अपने देश और अपनी भाषा पर गर्व है।'
चन्द्र प्रभा सूद
Twitter- http://t.co/86wT8BHeJP
बुधवार, 9 सितंबर 2015
सबका सहयोग अपेक्षित
मनुष्य को अपना जीवन बाधारहित चलाने के लिए उसे सबका सहयोग अपेक्षित होता है। घर-परिवार में शांति बनी रहनी चाहिए यह आवश्यक है। छोटे-बड़े सभी कार्यों को करने के लिए उसे बहुत से दूसरे लोगों की आवश्यकता होती है।
प्राय: घर में काम करने वालों में आया और कामवाली बाई की प्रत्यक्ष रूप से भूमिका होती है। घर की सफाई, बर्तनों की धुलाई, कपड़ों की धुलाई, घर की झाड़-पौंछ आदि कार्य यदि घर में एक दिन भी न हों तो बस तूफान आ जाता है। ऐसा लगता है कि सब अस्त-व्यस्त हो गया है। घर में हर ओर गंदगी का साम्राज्य दिखाई देता है। फिर न खाने का मजा, न बैठने में चैन।
ऐसे समय में बच्चों की मौज हो जाती है क्योंकि प्रायः बाजार से खाना मंगवा कर खा लिया जाता है। जब सारे कार्य स्वयं करने पड़ते हैं तो बुखार चढ़ने लगता है। सारा समय चिड़चिड़ाहट का माहौल बन जाता है घर का सुख चैन मानो छिन जाता है। कहीं जाना हो तो सब कैंसिल।
घर से यदि सफाई कर्मचारी चार दिन तक कचरा लेने न आए तो घर में बदबू आने लगती है और यदि किसी लोकेलिटी से कचरा न उठे तो वातावरण में दुर्गन्ध फैल जाती है। इसी तरह यदि घर का सीवर बंद हो जाए तो सफाई कर्मचारी की सहायता के बिना वह कदापि खुल नहीं सकता। ऐसा ही हाल दफ्तर आदि का भी हाल होता है।
जो लोग अपने ड्राइवर पर निर्भर रहते हैं उसके छुट्टी माँगने पर भड़क जाते हैं। ऐसा करते समय वे भूल जाते हैं कि उसका भी घर-परिवार है और उसको भी तो किसी समस्या से दो-चार होना पड़ सकता है।
धोबी यदि कुछ दिन कपड़ों को प्रेस न करे तो घर में बिना प्रेस के कपड़ों का बहुत बड़ा ढेर लग जाता है। घर से बाहर जाते समय पहनने के लिए कपड़े नहीं मिलते तो कपड़े स्वयं प्रेस करने पड़ जाते हैं।
समय के अभाव में एक झंझट और बढ़ जाता है।
इसी प्रकार इलेक्ट्रिशियन, पलंबर,
कारपेंटर, केबल वाला, माली, नाई आदि के न मिल पाने की स्थिति में भी मनुष्य को अनावश्यक रूप से परेशानी होती है।
वैसे जब तक सब ठीक-ठाक चलता रहता है तो बढ़िया अन्यथा हम स्वयं को दुनिया का सबसे दुखी इंसान समझने लगते हैं। जरा-सी भी परेशानी आने पर हम ईश्वर को दोष देने लगते हैं और उसे कोसते रहते हैं।
अपने गिरेबान में यदि झांककर देखें तो हमें स्वयं पर ग्लानि होने लगेगी। बहुत से ऐसे लोग हैं जो अपने पास काम करने वाले नौकर, माली, ड्राइवर आदि को नाम से पुकारने में भी अपनी हेठी समझते हैं। उनके बिना एक कदम भी नहीं चल सकते पर पैसे का ऐसा नशा है जो उन सबको एक इंसान मानने से भी इन्कार करते हैं जैसे उनका कोई वजूद ही नहीं है।
सभी कार्य करने वालों को उनका मानदेय (हक का पैसा) ऐसे देते है जैसे उन पर उपकार कर रहे हों।
कभी उन सबको उनके नाम से पुकार कर देखिए, उनकी दुख-परेशानियों में उनसे सहानुभूति जताइए, उनके कंधे पर हाथ रखकर यह दिखाइए कि वे भी आप ही की तरह इंसान हैं, वे सब आपके मुरीद हो जाएँगे। आपके कष्ट के समय एक ही इशारे पर भागे चले आएँगे।
किसी भी व्यक्ति को उसके व्यवसाय को आधार मानकर उससे घृणा करना छोड़ दीजिए। ईश्वर की बनाई सृष्टि के जीवों से जो व्यक्ति भेदभाव करता है या नफरत करता है उससे वह बहुत नाराज होता है। जब वह सबको समान दृष्टि से देखता है तो किसी को हक नहीं देता कि वह अन्य जीवों से अन्याय करे।
चन्द्र प्रभा सूद
Twitter- http://t.co/86wT8BHeJP