शुक्रवार, 13 नवंबर 2026

अहंकारवश स्वयं को महान न समझें

अहंकारवश स्वयं को महान न समझें

हर इन्सान में अच्छाई और बुराई दोनों ही का समावेश होता है। ऐसा नहीं हो सकता कि किसी मनुष्य में केवल अच्छाइयाँ ही हों और दूसरे में केवल बुराइयाँ ही हों। यदि मनुष्य में कोई भी कमी नहीं होगी तो फिर वह मानव नहीं रह जाता बल्कि ईश्वर तुत्य हो जाता है।
          इसके विपरीत केवल कमियाँ ही किसी मनुष्य में नहीं हो सकतीं। जिन्हें हम बुरा कहकर समाज से तिरस्कृत करते हैं, उनमें भी कुछ-न-कुछ अच्छाइयाँ मिल ही जाती हैं। कोई भी मनुष्य जब अहंकार के कारण स्वयं को दूसरों से अधिक महान समझने लगता है तब वह सबकी नजर में बुरा बनने लगता है।
          हर मनुष्य स्वयं को दूसरों से अधिक समझदार समझता है। इसलिए वह दूसरों की प्रशंसा करने से परहेज करता है। दूसरों की मन से प्रशंसा करने के लिए बहुत बड़ा जिगर चाहिए। दूसरों की बुराई करने के लिए किसी हुनर की आवश्यकता नहीं होती। वह तो किसी भी समय, किसी की भी की जा सकती है।
        इसी कड़ी में हम यह भी कह सकते हैं कि जब तक हम दूसरे लोगों के लिए कुछ करते रहते हैं तब तक वे लापरवाह बने रहते हैं और कुछ नहीं करते। लेकिन जब इसके विपरीत आचरण हो जाए तो सब कहने लगते हैं कि आप तो पहले जैसे नहीं रहे, बिल्कुल बदल गए हैं।
          मनुष्य को सदा छिद्रान्वेषी अर्थात् दूसरों की बुराइयाँ ढूँढने वाला नहीं बनना चाहिए। हो सकता है कि जिसकी कमियाँ खोजकर उसका उपहास कर रहे हों, उससे भी अधिक दोष अपने अन्दर हों। एक अँगुली यदि दूसरे की ओर करो तो चार अँगुलियाँ अपनी ओर होती हैं।
        सन्त कबीरदास जी ने निम्न दोहे में इसी भाव को स्पष्ट करते हुए कहा है-
      बुरा जो देखन मैं चला बुरा न मिलया कोय।
     जो दिल खोजा आपना मुझसे बुरा न कोय।।
अर्थात् कबीरदास जी कहते हैं कि मैं बुरे की खोज करने चला था पर मुझे कोई भी बुरा व्यक्ति नहीं मिला। जब अपने अन्तस् को टटोला तब ज्ञात हुआ कि मुझसे बुरा कोई भी नहीं है।
        यह दोहा स्पष्ट कर रहा है कि अपनी बुराइयों को यदि मनुष्य खोजने लगे तो वह चौंक जाएगा कि उसके अन्तस् में इतनी कमियाँ है। तभी वह स्वयं को सुधारने का यत्न भी करेगा अन्यथा दूसरों को दोष देते, उनका उपहास करते नहीं थकता।
          परनिन्दा में सबका मन बहुत रमता है। इन्सान ऐसा कोई भी स्वर्णिम अवसर नहीं चूकता। इसके विपरीत अपनी अथवा अपनी बुराई की चर्चा वह सहन नहीं कर सकता। इसे वह अपने अहं का प्रश्न बना लेता है। अपने निन्दकों से किनारा करने में ही अपनी भलाई समझता है।
          इसी को ध्यान में रखते हुए कबीरदास जी कहते हैं-
       निन्दक नियरे  राखिये आँगन  कुटी छवाय।
       बिन पानी साबुन बिना निरमल करे सुभाय।।
अर्थात् निन्दक को अपने बहुत पास रखना चाहिए यानी उसे अपने घर के आँगन में ही कुटिया या कमरा बनाकर देना चाहिए। वह सबसे बड़ा हितैषी होता है जो साबुन और पानी के बिना मनुष्य के स्वभाव को निर्मल बना देता है।
          भर्तृहरि जी 'नीर्तिशतकम्' में कहते हैं कि-
        परगुणपरमाणून्    पर्वतीकृत्य     नित्यम्।
       निजहृदि विकसन्त: सन्ति सन्त: कियन्त:।।
अर्थात् दूसरों के परमाणु के समान छोटे से गुण को पर्वत के समान विशाल मानने वाले सज्जन लोग विरले ही मिलते हैं।
      कहने का तात्पर्य यह है कि दूसरों के दोषों को बढ़ा-चढ़ाकर चटखारे लेने वाले लोगों की संख्या अधिक है। ऐसे लोग दूसरों की अच्छाइयों को अनदेखा कर देते हैं। परन्तु दूसरों के दोषों को अनदेखा करके उनके गुणों का बखान करना ही वास्तव में महानता कहलाती है।
        आत्मोन्नति चाहने वाले प्रत्येक मनुष्य को दूसरों की बुराई की ओर से आँख मूँद लेनी चाहिए और उनके गुणों की ओर ध्यान देना चाहिए। जहाँ तक हो सके आत्मचिन्तन करते हुए अपनी बुराइयों या कमियों को दूर करके सद् गुणों का विकास करना चाहिए। 
     दोष पराये देख कर चले हसन्त हसन्त।
    अपने याद न आवहि जिनको आदि न अन्त।
अर्थात् कबीर दास जी कहते हैं कि मनुष्य का यह स्वभाव है कि वह दूसरों की गलतियों और दोषों को देखकर उन पर हँसता हुआ आगे बढ़ जाता है। लेकिन विडम्बना यह है कि उसे अपने खुद के अगनित अवगुण और दोष याद नहीं आते। उनका नं कोई आदि होता है और न अन्त  होता है। 
        सार रूप में हम कह सकते हैं है कि दूसरों की आलोचना करने या उनका उपहास उड़ाने से पहले हमें अपने अन्तस् में झाँककर देखना चाहिए। पूर्वाग्रह को छोड़कर अपने अहंकार को सुधारने का प्रयास करना चाहिए। यह अभ्यास करता हुआ मनुष्य महान बन सकता है।
चन्द्र प्रभा सूद

गुरुवार, 12 नवंबर 2026

उपहार का मूल्य नहीं ऑंके

उपहार का मूल्य नहीं आँकें

यदि कोई बन्धु-बान्धव बहुत प्यार से अथवा सम्मान से उपहार दे तो उसके मूल्य को नहीं आँकना चाहिए बल्कि उसे देने वाले की भावनाओं की कद्र करनी चाहिए। जिस प्रेम से व्यक्ति ने उपहार दिया है, उसे उसी तरह से उसे ग्रहण करना चाहिए। यह आवश्यक नहीं है कि आपको वह पसन्द आ ही जाएगा। 
         उपहार की असली मूल्य उसके पैसों या बाजार के मूल्य से नहीं बल्कि देने वाले की भावना, स्नेह ‌और निष्ठा से आंकी जानी चाहिए। उपहार इस बात का प्रतीक होता है कि सामने वाला व्यक्ति आपकी कितनी परवाह करता है। महंगे उपहार से अधिक महत्वपूर्ण वह समय और प्रयास होता है जो देने वाले ने दूसरे के लिए लिए निकालता है। सबसे आवश्यक बात है कि किसी भी उपहार को उसके आकार या कीमत से ऑंकना रिश्तों की मिठास को कम कर सकता है।
          वह चाहे मन को न भाए अथवा नहीं पर उपहार लाने वाले से मानपूर्वक लेकर, उसका धन्यवाद भी करना चाहिए। ऐसा किया गया व्यवहार व्यक्ति विशेष के स्वयं के संस्कारों को प्रदर्शित करता है। इससे उपहार लाने वाले व्यक्ति का मन प्रसन्न होता है कि जिसके लिए उपहार लिया उसे अच्छा लगा है।
          संस्कृत भाषा का एक प्रसिद्ध श्लोक है जो लोगों की विविधता के विषय में बताता है -
     मुण्डे मुण्डे मतिर्भिन्ना कुण्डे कुण्डे नवं पय:।
    जातौ जातौ नवाचारा: नवा वाणी मुखे मुखे।।
अर्थात् हर व्यक्ति के सोचने का ढंग और बुद्धि अलग होती है। जिस प्रकार अलग-अलग बर्तनों या कुओं में रखे पानी या दूध का स्वाद या गुणवत्ता भिन्न हो सकती है। अलग-अलग समाजों, समूहों या जातियों में रीति-रिवाज और जीवनशैली अलग होती है। हर व्यक्ति के बोलने और बात को कहने का तरीका अलग होता है। 
         कल्पना कीजिए यदि सबकी रुचि एक जैसी हो जाए यानी हर तरफ एक ही रंग अथवा एक जैसी ही वस्तुएँ दिखाई देने लगे तो सब बोर हो जाएगा। इसीलिए संसार में भिन्नता में ही आनन्द मिलता है।
        इससे यही अर्थ निकलता है जितने लोग उतनी पसन्द। हर व्यक्ति की सोच, उसकी पसन्द-नापसन्द दूसरों से अलग यानी विशेष होती है। इसलिए यह मानना कठिन होता है कि उसकी पसन्द की हुई वस्तु दूसरे को निश्चित ही रुचिकर लगेगी। हो सकता है उसकी लाई हुई वस्तु दूसरे को बिल्कुल ही न पसन्द आए अथवा वह पहले से ही उसके पास हो।
        तथाकथित पैसे वाले अपने से कम पैसे वाले लोगों को यानी उनके अनुसार नीची हैसियत वालों से उपहार लेने में अपना अपमान समझते हैं। उन्हें लगता है कि फलाँ व्यक्ति की हमारे समक्ष कोई औकात नहीं है। वह अच्छी और मँहगी वस्तु नहीं खरीद सकता, वह तो निश्चित ही सबस्टैन्डर्ड वस्तु लाया होगा। चाहे वह बेचारा सामने वाले की हैसियत को देखते हुए चाहे कितना मँहगा उपहार खरीद कर लाया हो।
         अपने अहंकार में चूर वे उसकी आँखों के सामने ही उपहार को बिना देखे सेवकों को दे देते हैं। इससे वह व्यक्ति बहुत ही आहत हो जाता है और अपमानित महसूस करता है। उनके इस व्यवहार से उसके मन को कितना कष्ट होता है, इसका वे अनुमान भी नहीं लगा सकते।
        यदि किसी का लाया हुआ उपहार पसन्द नहीं आया या वह वस्तु पहले से ही घर में विद्यमान है तो भी उपहार प्रसन्नता पूर्वक लेना चाहिए। बाद में उसका उपयोग चाहे न करें अथवा किसी को दे दें परन्तु सामने से किसी का तिरस्कार करना किसी सभ्य व्यक्ति को कभी शोभा नहीं देता।
        इस सार्वभौमिक सत्य को स्मरण करते रहना चाहिए कि समय सदा एक-सा नहीं रहता। कब भिखारी राजा बन जाए और कब राजा रंक बन जाए कोई भी नहीं कह सकता। यह सब भविष्य के गर्भ में छुपा रहता है। इसलिए मनुष्य को कदापि अनावश्यक ही मिथ्या अभिमान नहीं करना चाहिए।
        हो सकता है कि जिसका उपहार लेते समय किसी व्यक्ति ने उसका उपहास किया गया था, कल को उसकी ही हैसियत उससे भी बढ़कर हो जाए। फिर उस समय अपनी झेंप मिटाने के लिए उसके सामने उसे बगलें झाँकनी पड़ सकती है या नजरें झुकानी पड़ सकती हैं।
        हर व्यक्ति अपनी सामर्थ्य और समझ के अनुसार अच्छा उपहार ही खरीदता है। वह बाजार में खरीददारी करने जाता है तो अपना अमूल्य समय और धन दोनों ही व्यय करता है। यदि किसी से उपहार लेने में नाक नीची होती है तो उस व्यक्ति विशेष को उचित समय देखकर समझाना चाहिए ताकि वह अपने धन को व्यय न करे और अपनी आवश्यकताओं को पूर्ण करने में लगाए।
        अपने मिथ्या अभिमान के कारण आखिर समाज में किस-किस से सम्बन्ध बिगाड़ेंगे। ईश्वर ऐसे लोगों से नाराज होता है जो स्वयं को महान और अन्य सबको तुच्छ समझने की भूल करते हैं। इसे भूलना नहीं चाहिए कि उस मालिक ने किसी को भी दूसरे मनुष्यों के साथ भेदभाव करने का अधिकार नहीं दिया है।
चन्द्र प्रभा सूद 

बुधवार, 11 नवंबर 2026

अपने लिए थोड़ा-सा समय निकालिए

अपने लिए थोड़ा-सा समय निकालिए 

मनुष्य की जिम्मेदारियाँ आजीवन समाप्त नहीं होतीं। समय-समय पर बस उनका रूप बदलता रहता है। इसलिए अपनी व्यस्त दिनचर्या में से थोड़ा-सा समय स्वयं के लिए निकालना चाहिए।  अपना कहे जाने वाला यह समय व्यक्ति के मानसिक स्वास्थ्य और खुशहाली के लिए अत्यन्त आवश्यक होता है। 
       ‌आज की व्यस्त दिनचर्या में से अपने लिए थोड़ा-सा समय निकाल पाना सबसे कठिन कार्य लगता है। चाहे कार्यक्षेत्र की थकान की अधिकता हो अथवा कोई छोटी-मोटी बिमारी, उन सबको नजरअंदाज करते हुए मनुष्य बस कोल्हू के बैल की तरह जुटा रहता है। उसके पास आराम करने का समय ही नहीं होता। 
          मनुष्य अपने दायित्वों को निभाने के लिए दिन-रात खटता रहता है। ये दायित्व हैं कि सुरसा की तरह मुँह फैलाए बढ़ते ही जाते हैं और उसे चैन नहीं लेने देते। कब दिन होता है और रात हो जाती है? उसे इसका पता ही नहीं चल पाता।
        हर मनुष्य अपने घर और दफ्तर के कार्यों में इतना अधिक उलझा रहता है कि वह अपने सामाजिक, पारिवारिक, धार्मिक दायित्वों के निर्वहण करने में पिछड़ता जा रहा है। इस तरह वह सबसे कटता हुआ बस अकेला होता जा रहा है। 
          कंक्रीट के जंगलों में रहता हुआ मशीन बनता जा रहा मानव मानो संवेदना शून्य हो रहा है। घर के पड़ोस में क्या हो रहा है, इससे अनजान रहने लगा है। देश-दुनिया की तो चर्चा करना ही व्यर्थ है।
          आज के भौतिक युग में हर इन्सान को आराम की हर उस वस्तु की कामना रहती है जो बाजार में उपलब्ध है या उसके पड़ोसी अथवा उसके भाई-बन्धुओं के पास है। वह किसी से हीन कहलाना पसन्द नहीं करता। आयुपर्यन्त वह रेस में दौड़ता रहता है पर हारना नहीं चाहता।
            इसलिए एक के बाद एक नई और मँहगी चीजों को खरीदने की होड़ उसे बेचैन करती रहती है। इसी तरह दूसरों की देखादेखी होड़ करते हुए बच्चों को अच्छे और मँहगे स्कूलों में शिक्षा दिलाना, मोटी रकम देकर ट्यूशन के लिए भेजना भी एक फैशन-सा बनता जा रहा है।
          इन सब चक्करों में अधिक और अधिक कमाने की जिद उसके दिलो-दिमाग पर हावी होती जा रही है। इसलिए भी उसे अपनी सामर्थ्य से अधिक धन जुटाने के लिए हाड़तोड़ श्रम करना पड़ता है।
          यह अनथक परिश्रम उसके लिए बिमारियों की सौगात लेकर आ रहा है। ये बिमारियाँ मनुष्य के शरीर को अपना घर बनाती जा रही हैँ। वे हैं- बी पी, शूगर, हार्ट अटैक, कलस्ट्रोल, मोटापा आदि की समस्याएँ। तब न चाहते हुए भी डाक्टरों के चक्कर लगाने पड़ते हैं।
          फिर यहाँ भी स्टेटस आड़े आ जाता है। इलाज भी मँहगे अस्पतालों में करवाना होता है जहाँ जाकर उसे बहुत-सा धन और समय को व्यय करना पड़ता है।
          इन सब परिस्थितियों के कारण मनुष्य को  मानसिक तनाव झेलना पड़ता है। वह दवा की गोलियाँ खाता रहता है और अपना काम करता रहता है। इसका एक ही कारण है कि उसके पास सिर खुजाने के लिए भी बिल्कुल समय नहीं है।
          जिस शरीर की बदौलत मनुष्य अपने सारे क्रिया-कलाप करता है, उसी के प्रति बहुत अधिक लापरवाही बरतता रहता है। जिन्दगी की भागमभाग में वह भूल जाता है कि यदि एक बार इस शरीर ने साथ देने से इन्कार कर दिया तो सारे कामकाज धरे रह जाएँगे।
          मनुष्य को चाहिए कि वह थोड़ा-सा समय अपने और अपने परिवार के लिए निकाले। ऐसा नहीं होना चाहिए कि वह घर से जाए तो बच्चे सो रहे हों और जब रात को वापिस लौटे तो भी बच्चे सो गए हों। ऐसी स्थिति में वह घर एक घर न रहकर बस सराय या होटल बन जाता है जहाँ आकर रात बिताई जाती है और सवेरे उठते ही अगली यात्रा के लिए तैयार हो गए।
          स्वयं के लिए समय निकालने के लिए अपने काम और पर्सनल लाइफ के बीच मनुष्य को एक स्पष्ट दायरा बनाना चाहिए। दिन में 10-15 मिनट सिर्फ अपने पसन्दीदा काम के लिए निकालने चाहिए। चाहे वह गहरी साँस लेना हो, वॉक करना हो या कोई किताब पढ़ना हो। हर काम के लिए हाँ नहीं कहनी चाहिए। इससे स्वयं पर अनावश्यक बोझ नहीं पड़ेगा। अपनी देखभाल को अपने दैनिक कार्यों के की सूची में शामिल करना चाहिए।
          वीक एंड में परिवार को समय देना चाहिए जो बच्चों के समुचित विकास के लिए आवश्यक है। कभी-कभी उनके साथ मनचाहे स्थानों की यात्रा के लिए भी जाना चाहिए। केवल पैसा कमाने की मशीन बनने से बचना चाहिए।
          हो सके तो मानसिक तनाव कम करने के लिए ध्यान लगाएँ, योगासन करें। ईश्वर की उपासना करनी चाहिए, इससे आत्मिक बल बढ़ता है। बच्चों के साथ गपशप लगाते हुए समय व्यतीत करें। इससे बच्चे भी खुश रहते हैं और अपना स्वयं का मन भी प्रसन्न रहता है। इस प्रकार करके इन्सान अपनी सारी कटुताओं से परे रहकर तरोताजा हो जाता है।
चन्द्र प्रभा सूद 

मंगलवार, 10 नवंबर 2026

भाई-बहन का प्यार - भैयादूज पर्व

भाई-बहन का प्यार - भैयादूज पर्व 

भाई-बहन का सम्बन्ध अटूट होता है। यह ईश्वर की ओर से दिया गया एक अनमोल उपहार है। एक घर तभी पूर्ण कहा जाता है जहॉं पर बेटी और बेटा दोनों होते हैं। ये दोनों अर्थात् भाई और बहन एक-दूसरे के पूरक होते हैं। भाई यदि घर की शान होता है तो बहन घर का मान होती है। बहन के लिए भाई का और भाई के लिए बहन का प्यार अमूल्य होता है। भाई-बहन का रिश्ता बहुत गहरा होता है। यह रिश्ता प्यार, देखभाल और कभी-कभी झगड़ों से भरा होता है। हमेशा एक-दूसरे के प्रति इन दोनों का एक मजबूत बन्धन होता है।
            भारतीय संस्कृति में भाई-बहन का बन्धन अनमोल माना जाता है। मृत्युपर्यन्त भाई इस रिश्ते को अपना कर्तव्य के समझकर, अपनी हैसियत के अनुसार भली-भाँति निभाता है। इसी रिश्ते के प्रतीक-स्वरूप रक्षाबन्धन व भैयादूज त्योहार मनाए जाने हैं। ये सामाजिक त्योहार भाई-बहन के प्रगाढ़ बन्धन के प्रतीक हैं। रक्षाबन्धन जैसा कि नाम से ही स्पष्ट है, इस त्योहार में बहन अपने भाई को राखी के रूप में रक्षाकवच बाँधती है और भाई उसे यथाशक्ति उपहार देकर आयुपर्यन्त रक्षा उसकी करने का वचन देता है। 
             भैयादूज पर बहन भाई के माथे पर तिलक लगाती है। भाई सामर्थ्यानुसार बहन को उपहार देता है। भाई चाहे छोटा हो या बड़ा हमेशा अपनी बहन का सहारा बनता है। बहन को भी अपने भाई पर मान होता है। माता-पिता के न रहने के पश्चात बहन का मायका भाई-भाभी से बना रहता है। भाई-बहन बड़े चाव से एक-दूसरे की खुशियों के साथी बनते हैं। भारतीय संस्कृति में बहन की जब शादी होती है तो भाई उसके हाथ में खील या लाजा डालता है। जब भाई का विवाह होता है तो बहन बड़ी हसरतों से उसके माथे पर सेहरा सजाती है। बहन के बच्चों की शादी में भाई मायरा देता है।
            इस प्रकार भाई-बहन का एक-दूसरे से अटूट प्यार और समर्थन उनकी पूॅंजी होती है। दोनों एक-दूसरे की परवाह करते हैं, देखभाल करते हैं। यह प्यार बचपन से ही शुरू होता है और जीवन भर बना रहता है। भाई-बहन एक-दूसरे के लिए सुरक्षा और समर्थन का स्रोत होते हैं। कठिनाई के समय वे एक-दूसरे की दिल से मदद करते हैं। कन्धे-से-कन्धा मिलाकर साथ खड़े रहते हैं। भाई-बहन के बीच कभी-कभी झगड़े भी होते हैं और प्रतिस्पर्धा भी होती है। यह सब उनके पवित्र प्यार का ही एक हिस्सा होता है।
         ‌   भाई-बहन एक-दूसरे के दोस्त और साथी भी होते हैं। ये दोनों हमराज होते हैं। एक-दूसरे के साथ ये समय बिताना पसन्द करते हैं। एक-दूसरे की कम्पनी का आनन्द लेते हैं। इन दोनों में रिश्ता जीवन भर बना रहता है। समय अथवा स्थान की दूरी इस रिश्ते में मायने नहीं रखती। एक-दूसरे से दोनों सामाजिक कौशल सीखते हैं। बातों, कामों या किन्हीं अन्य वस्तुओं को आपस में साझा करते हैं ।परस्पर एक-दूसरे का सहयोग करते हैं। एक-दूसरे को अपने मम्मी-पापा के गुस्से से बचाने काम करते हैं। उस स्थिति में ये दोनों एक-दूसरे का रक्षा कवच बन जाते हैं।
              भाई-बहन को एक-दूसरे का भावनात्मक समर्थन प्राप्त होता हैं। परिवार में रहते वह उनके भावनात्मक विकास के लिए बहुत महत्वपूर्ण होता है।‌ भाई-बहन एक-दूसरे को प्रोत्साहित करते रहते हैं और आत्मविश्वास बढ़ाते रहते हैं। भाई-बहन के साथ रहने के कारण वे अन्य रिश्तों को भली-भॉंति समझ पाते हैं। यद्यपि आज के भौतिकतावादी युग में ये सम्बन्ध भी अछूता नहीं रहा। कहीं-कहीं किन्हीं परिवारों में धन-संपत्ति को लेकर भाई-बहन के संबंधों में कुछ कड़वाहट अवश्य आ गई हैं। पर वे कुछ परिवार अंगुलियों पर गिने जा सकते हैं।
            यहाँ मैं एक बात और स्पष्ट करना चाहती हूँ कि जिस धर्म में अपने रक्त सम्बन्धों में विवाह की अनुमति है, वहाँ भी सगे भाई-बहन में विवाह निषिद्ध है। इस कथन का यहॉं संकेत करने का यही तात्पर्य है कि भाई-बहन का सम्बन्ध बहुत ही पवित्र है इसे उन दोनों को ही सच्चे मन से निभाना चाहिए। यहाँ पर हम यह बात भी जोड़ सकते हैं कि भारतीय संस्कृति में यदि सगी बहन न होते हुए, किसी युवती को बहन मान लिया जाता है तो उसके साथ भी ताउम्र वैसा ही सम्बन्ध निभाया जाता है जैसा रिश्ता अपनी सगी बहन के साथ निभाया जाता है।
           आधुनिकता की अन्धी दौड़ और पाश्चात्य प्रभाव के कारण कुछ भाई और बहनों में विवाद होने लगा है। माता-पिता की धन-सम्पत्ति के बटवारे में कुछ बहनें अपना हिस्सा मॉंगने लगी हैं। यदि उनकी इस इच्छा को नहीं माना जाता तो मामला कोर्ट-कचहरी तक चला जाता है। ऐसे घरों में दोनों भाई-बहन में मन मुटाव हो जाता है। वहॉं आपसी सम्बन्ध समाप्त हो जाते हैं। उन दोनों में दूरियॉं इतनी बढ़ जाती हैं कि वे एक-दूसरे का मुॅंह तक नहीं देखना चाहते। आजकल वैधानिक तौर पर माता-पिता की सम्पत्ति में सभी भाई-बहनों का बराबर का अधिकार कहा गया है।
              कुछ अपवादों को छोड़कर अभी भी बहनें अपने माता-पिता की सम्पत्ति में अपना अधिकार भाई के लिए छोड़ देती हैं। ईश्वर से  प्रार्थना है कि भाई और बहन के इस अनमोल रिश्ते की पवित्रता को बनाए रखे।
चन्द्र प्रभा सूद 

सोमवार, 9 नवंबर 2026

मन में छुपी असीम शक्तियों को पहचानिए

मन में छुपी असीम शक्तियों को पहचानिए 

मनुष्य यदि अपने अन्तस् में झाँककर देख सके और अपनी असीम शक्तियों को पहचानकर उनका भरपूर लाभ उठा सके तो अपने किसी भी सपने को पूरा करने से उसे कोई नहीं रोक सकता। मनुष्य का मन असीम ऊर्जा और चमत्कारी शक्तियों का एक विशाल भण्डार है। उसे पहचानकर वह अपने जीवन में कुछ भी प्राप्त कर सकता है।
      मानव मन को ईश्वर ने असीम ऊर्जाकोष का उपहार स्वरूप दिया है। प्रत्येक मनुष्य में इतनी सामर्थ्य होती है कि वह जो भी चाहे हाथ बढ़ाकर पा सकता है। उसके लिए कुछ भी असम्भव नहीं है, उसे बस प्रयत्न करना होता है। परन्तु दुःख इस बात का है कि उसे अपनी इन विशिष्ट शक्तियों पर विश्वास ही नहीं होता। 
        ‌अवचेतन मन मनुष्य की सभी आदतों, भावनाओं और निर्णयों को नियन्त्रित करता है। वह असम्भव को भी सम्भव बना सकता है। उसके विचारों और संकल्पों में इतनी शक्ति होती है कि वे व्यक्ति की वास्तविकता को आकार देते हैं। हर इन्सान के भीतर ज्ञान, कर्म और क्रिया की त्रिविध शक्तियॉं प्राकृतिक रूप से विद्यमान रहती हैं।
      अपनी स्वयं की शक्तियों को ढूँढने के लिए मनुष्य को पर्वतों, गुफाओं, जंगलों, तीर्थ स्थानों में जाकर भटकने की कोई आवश्यकता नहीं होती। उसे तथाकथित गुरुओं और तान्त्रिकों-मान्त्रिकों के पास जाकर माथा रगड़ने की भी जरूरत नहीं होती। फिर भी वह कस्तूरी मृग की तरह स्थान-स्थान पर भटकता हुआ वह इन शक्तियों को ढूँढता फिरता है।
        ये सारी शक्तियाँ उसे आपने भीतर ही मिल सकती हैं। एकान्त में बैठकर, मनन करते हुए उसे अपने अन्तस् में ही तलाश करनी चाहिए। तभी वह अपनी शक्तियों को पहचान सकता है और उन्हें और अधिक निखार सकता है।  
          एक बोधकथा कहीं पढ़ी थी कि किसी समय देवताओं में परस्पर विवाद हुआ, "मनोकामनाओं को पूर्ण करने वाली गुप्त चमत्कारी शक्तियों को कहाँ छुपाया जाए?" 
           सभी देवता इस विषय पर अपना-अपना मत रख रहे थे। एक देवता ने सुझाव दिया, "इन शक्तियों को जंगल की किसी एक गुफा में छिपाकर रख देते हैं।" 
        दूसरे देवता ने उसका विरोध करते हुए कहा, "इन्हें पर्वत की चोटी पर छिपा देते हैं।"
            उस देवता की बात अभी पूरी भी नहीं हुई थी कि अन्य तीसरे देवता ने कहा, "इन्हें समुद्र की गहराइयों में छिपाकर रख देते हैं। यह स्थान इसके लिए सबसे उपयुक्त रहेगा और मानव की पहुँच से दूर भी रहेगा।"
          इस प्रकार सबने अपना-अपना मत रखा। अन्त में एक बुद्धिमान देवता ने बड़ा अच्छा उपाय बताते हुए कहा, "मानव की चमत्कारिक शक्तियों को मानव-मन की गहराइयों में ही छिपा देते हैं। बचपन से ही मनुष्य का मन इधर-उधर दौड़ता रहता है। उसे कभी कल्पना भी नहीं होगी कि इतनी अदभुत और विलक्षण शक्तियाँ उसके अपने अंतस में छिपी हो सकती हैं।" 
      उस देवता ने आगे कहा, "मानव बाह्य जगत में इन शक्तियों को ढूँढता रहेगा, भटकता रहेगा पर अपने मन में झाँककर इन्हें नहीं देखेगा। इन बहुमूल्य शक्तियों को यदि उसके मन की निचली सतह में छिपा दिया जाए तो केवल वही मनुष्य उन्हें खोज सकेगा जो वास्तव में अपने मन को साधने में सफल होगा।"
          सभी देवताओं को यह विचार बहुत पसन्द आया और फिर मनुष्य के मन में ही इन चमत्कारी शक्तियों का भण्डार छिपा दिया गया। इसीलिए मानव के अपने मन में ही अद्भुत असीम शक्तियाँ निवास करती हैं जिन्हें उसे स्वयं ही साधना करके खोजना होता है।
        कबूतर की तरह हथेलियों से आँखें बन्द कर लेने से केवल अन्धकार ही दिखाई देता है। इसे दूर करने के लिए मनुष्य को अपने मन को साधना होता है जो असाध्य नहीं है पर कठिन अवश्य है।
        जब तक मनुष्य अपने ही मन में विद्यमान अहंकार, ईर्ष्या, द्वेष, लोभ, मोह, क्रोध आदि दुर्गुणों को दूर नहीं करता तब तक उसका मन शुद्ध और पवित्र नहीं हो सकता। इस कारण उसका मन मन्दिर नहीं बन सकता। इस स्थिति में उसे न तो सिद्धियाँ प्राप्त हो सकती हैं और न ही वह ईश्वर की स्थापना वहाँ कर सकता है।
        जितना वह अपनी शक्तियों को पहचानता जाता है, उतनी ही सरलता से अपनी आध्यात्मिक उन्नति करता जाता है। उस परमपिता परमात्मा के और अधिक करीब आ जाता है।
        इस संसार में रहते हुए जीवन रूपी रथ को चलाने के लिए इस मन को साधकर, अपनी इन शक्तियों का सदुपयोग करते हुए मनुष्य इहलोक और परलोक सुधार सकता है। जन्म-मरण के बन्धनों से मुक्त होकर वह मालिक का प्रिय बन सकता है। तब उसे चौरासी लाख योनियों का भय बिल्कुल नहीं सताता। 
चन्द्र प्रभा सूद

रविवार, 8 नवंबर 2026

शब्द को सदा सम्हालकर बोलें

शब्द को सदा सम्हलकर बोलें

हर शब्द को यथासम्भव सदा सम्हलकर ही बोलना चाहिए। शब्द का कोई भी मूर्त रूप नहीं होता यानी हमारी तरह उनके शरीर या हाथ-पाँव नहीं होते। इसलिए वे हम इन्सानों की तरह हाथों-पैरों से झगड़ा नहीं करते और न ही कोई हथियार चलाकर किसी को घायल कर सकते हैं अथवा किसी की जान ले सकते हैं।
          ये अशरीरी शब्द यानी शरीरधारी न होते हुए भी अपने सामने वाले को गम्भीर घाव दे जाते हैं। उन घावों की टीस आजन्म मनुष्य के मन को आहत करती रहती है। निम्न प्रसिद्ध दोहा महान सन्त कबीरदास जी का है। यह समझा रहा है कि मीठे वचन दवा की तरह मन और शरीर को शान्ति देते हैं जबकि कड़वे वचन तीर की तरह चुभकर गहरा घाव करते हैं - 
       मधुर वचन हैं औषधि, कटुक वचन हैं तीर।
        स्रवण द्वार होई संचरे, वैधे सकल सरीर।।
अर्थात् मधुर वचन औषधि की तरह होते हैं पर कड़वे वचन तीर की तरह होते हैं। सुनाई कानों से देते हैं पर सारे शरीर को बेध देते हैं।
         दूसरी ओर ऐसे शब्द भी हैं जो औषधि की तरह दूसरे की चोट पर मलहम लगाते हैं और सान्त्वना देते हैं। प्यार और सम्मान से बोले गए शब्द दुख और तनाव को दूर करते हैं। अपमानजनक शब्द दिल पर सीधा वार करते हैं और रिश्ता तोड़ देते हैं।
         ये मधुर वचन कल्पवृक्ष और कामधेनु के समान होते हैं जो पलक झपकते ही मनुष्य की सारी मनोकामनाओं को पूर्ण कर देते हैं। ये दुखी और पीड़ित व्यक्ति को कष्ट से राहत दिलाने का भरसक प्रयास करते हैं।
          शब्द बहुत अमूल्य होते हैं। इनका प्रयोग करते समय सावधानी बरतनी चाहिए इसीलिए मनीषी हमें समझाते है- 
                 पहले तोलो फिर बोलो।'
यानी जिन शब्दों का प्रयोग करना चाहते हैं, बहुत सोच-समझकर उन्हें बोलना चाहिए। मनीषी यह भी कहते हैं तीर का घाव भर जाता है पर शब्दों द्वारा दिया गया घाव नहीं भरता।  इसी भाव को इस दोहे में बहुत सरल शब्दों में समझाया है-
          बोली एक अमोल है जो कोई बोले आन।
          हिय तराजू तौल के तव मुख बाहर आन।
अर्थात् बोली या शब्द अनमोल होते हैं। उन्हें मन के तराजू में तोलकर ही अपने मुँह से बाहर निकालना चाहिए। यानी शब्दों को बैलेंस करके बोलना चाहिए, इसी में समझदारी होती है।
            बिहारी कवि के दोहों की तरह ये शब्द छोटे होते हुए भी गम्भीर घाव करते हैं। जब घाव नासूर बन जाते हैं तब किसी भी मनुष्य की सहनशक्ति सीमा को पार कर जाती है जिसका परिणाम भयंकर होता है। इसी के कारण पीढ़ी-दर-पीढ़ी शत्रुता निभाई जाती है। शत्रु पक्ष को अधिकाधिक जान और माल की हानि पहुँचाने का प्रयास किया जाता है।
          स्वर्ण मृग को पकड़ने गए भगवान श्रीराम की करुण पुकार का अनुज लक्ष्मण पर कोई प्रभाव नही हो रहा था। उस समय उसे भगवती सीता ने कठोर वचन कहे। फिर लाचार होकर लक्ष्मण के प्रस्थान कर जाने के पश्चात रावण उन्हें हरकर ले गया। इसका दुष्परिणाम हुआ था भगवान श्रीराम और रावण का युद्ध।
          दुर्योधन को कहे गए द्रौपदी के अपशब्दों के कारण महाभारत काल में विनाश का ताण्डव हुआ। जिसे भगवान श्रीकृष्ण भी नहीं बचा सके। 
         यदि भगवती सीता और द्रौपदी ने अपने मुख से कठोर और अपमान जनक शब्द न बोले होते तो उन दोनों कालों में होने वाला घोर अनर्थ शायद बच सकता था।
        अपने अधीनस्थों और छोटों के लिए न तो कभी व्यंग्य बाण चलाने चाहिए और न ही अपशब्द बोलने चाहिए। ऐसा करने वाले मनुष्य को सदा तिरस्कार का सामना करना पड़ता है। समय-समय पर पीठ पीछे उनका उपहास भी किया जाता है।
        इन शब्दों के मर्मभेदी बाण चलाकर मनुष्य अपने मित्रों को शत्रु बना लेता है। इसके विपरीत सद् वचनों के प्रभाव से शत्रु को भी मित्र बना लेता है। यह सब शब्दों की शक्ति है जो मनुष्य से उसका मनचाहा करवा लेती है। इसे आम भाषा में हम चाटुकारिता या चापलूसी भी कह सकते हैं। चापलूसी एकाध बार तो किसी को मोह सकती है, हमेशा नहीं।
          अनावश्यक ही क्षणिक आवेश में आकर मनुष्य को कभी अनर्गल प्रलाप नहीं करना चाहिए। ऐसा करने वाले इन्सान को कहीं भी सम्मान नहीं मिलता। फिर धीरे-धीरे लोग उसके बोलने की परवाह करना छोड़ देते हैं। फिर उससे किनारा करने में परहेज नहीं करते।
          स्वयं पर और अपने शब्दों पर जो संयम रखते हैं वही व्यक्ति संसार में मान्य होते हैं। यही लोग लोकप्रिय बनते हैं। हर कोई उनका साथ पाने के लिए लालायित रहता है।
चन्द्र प्रभा सूद

शनिवार, 7 नवंबर 2026

वैवाहिक जीवन की सफलता सामंजस्य से

वैवाहिक जीवन की सफलता सामंजस्य से 

वैवाहिक जीवन की सफलता पति-पत्नी के परस्पर आपसी सामञ्जस्य पर निर्भर करती है। वैवाहिक जीवन की सफलता का सबसे महत्वपूर्ण आधार है सामंजस्य बनाना या तालमेल बनाकर रखना।‌ इसके बिना यह रिश्ता चलाना बहुत कठिन हो जाता है।
यदि दोनों मिल-जुलकर प्रेम और सद्भावना से रहते हैं तो घर-परिवार में सब शुभ होता है। माता-पिता प्रसन्न रहते हैं, बच्चे संस्कारी व आज्ञाकारी बनते हैं और आने वाले अतिथि उनकी प्रशंसा करते नहीं अघाते।
        इसके विपरीत यदि घर में कलह-क्लेश हो तो धन-समृद्धि सब भागने लगती है। घर का सुख-चैन तिरोहित होने लगता है। पति और पत्नी दोनों स्वयं को सुपर सिद्ध करने के लिए झगड़ा करने के बहाने ढूँढते रहते हैं।
          एक-दूसरे की बात को ध्यान से सुनना चाहिए और बिना किसी पूर्वाग्रह के अपनी भावनाओं को साझा करना‌ चाहिए। जीवनसाथी को बदलने की कोशिश करने के स्थान पर उनके स्वभाव और कमियों के साथ उन्हें स्वीकार करना चाहिए। छोटी-छोटी बातों पर बहस करने या जीतने की जिद करने से बचना चाहिए। एक-दूसरे की गलतियों को माफ करना चाहिए और एक-दूसरे के नजरिए को समझना चाहिए। इस तरह रिश्ते मजबूत बनाते हैं।
          प्रतिदिन के झगड़ों का बच्चों पर बुरा असर होने लगता है, उनकी पढ़ाई पर प्रभाव पड़ता है। उनका विकास प्रभावित होता है। वे उच्छृँखल और उद्दण्ड बन जाते हैं। माता-पिता के झगड़ों के कारण वे अवसरवादी बन जाते हैं। उन्हें दूसरों के सामने अपमानित करने का कोई मौका नहीं छोड़ते।
          पति और पत्नी के आपसी सौहार्द के कारण ही कोई घर स्वर्ग के समान सुन्दर और सुखमय बन सकता है। अभावों के होते हुए भी वे अपनी इस जीवन नैय्या को पार ले जा सकते हैं। उनका सर्वत्र सम्मान होता है। ऐसे घरों की सुगन्ध दूर-दूर तक फैलती है। लोग ऐसे आदर्श परिवार के उदाहरण देते नहीं थकते।
          जिन परिवारों में सभी सदस्य एक-दूसरे पर विश्वास नहीं करते, उनमें आपसी नोकझौंक चलती रहती है, हर कोई किसी दूसरे को नीचा दिखाने का यत्न करता है, वहाँ दुखों और कष्टों की भरमार रहती है। घर में हर प्रकार की सुख-समृद्धि होने पर भी वहाँ शान्ति नहीं होती। मनोमालिन्य बढ़ जाने से घर की एकता तार-तार होने लगती है।
          बिखराव की कगार पर खड़े ऐसे घरों के बच्चों का व्यक्तित्व खण्डित होकर टुकड़ों में बट जाता है। वे बच्चे या तो अन्तर्मुखी हो जाते हैं या फिर विद्रोही बन जाते हैं। उन्हें रिश्तों को अपना कहने में शर्म महसूस होती है। उनके लिए अपने माता-पिता का सम्मान केवल दिखावा होता है, वे ऐसा स्वार्थवश करते हैं।
          ऐसे घर लम्बे समय तक जीवन्त नहीं रह पाते, उनमें श्मशान की सी चुप्पी घर कर जाती है। वहाँ रहने वालों को भी अपनापन कहीं नहीं दिखाई देता। सभी घर से दूर रहने और तिरस्कृत करने के अवसर तलाशते रहते हैं। घर में एकजुटता न होने के कारण वहाँ सब बिखर जाता है। किसी को कुछ भी हासिल नहीं हो पाता।
          घर में रहते हुए यदि पति या पत्नी में से कोई भी स्वच्छन्द हो जाए अथवा विवाहेत्तर सम्बन्धों में संलिप्त हो जाए तो ऐसा सम्बन्ध किसी को भी स्वीकार्य नहीं होता। ऐसे सम्बन्ध दूसरे साथी को किसी भी शर्त पर मंजूर नहीं होते। 
          जीवन साथी को तो क्या समाज में भी मान्य नहीं होते। इनके चलते परिवार टूटने की कगार पर आ जाता है। यह बहुत दुखद स्थिति होती है। इसका भुगतान उन मासूम बच्चों को जीवन भर करना पड़ता है जिनके पालन-पोषण का दायित्व माता और पिता दोनों का होता है।
        जो पुरुष या स्त्री अपने दायित्वों से मुँह मोड़कर किसी भी कारण से घर से बाहर रहते हैं, वहाँ पर नित्य तू तू मैं मैं होने से स्थितियाँ विपरीत हो जाती हैं। इसके अतिरिक्त जहाँ घर का पुरुष कुमार्गगामी हो या समाज विरोधी कार्यों में संलिप्त हो जाए तो उस घर से दुर्भाग्य कभी भी पीछा नहीं छोड़ता।
        हर युवक और युवती सुनहले सपने लेकर वैवाहिक जीवन में प्रवेश करता है। कोई नहीं चाहता कि उसका जीवन कभी कड़वाहट भर जाए या उनमें कभी अलगाव की स्थितियाँ बनें। अपने जीवन को वे सफलतापूर्वक, एक उदाहरण बनाकर व्यतीत करना चाहते हैं।
        वैवाहिक जीवन की सफलता तभी सम्भव हो सकती है जब घर के सभी सदस्य एक मुट्ठी की तरह रहते हों। वहाँ तेरे और मेरे के स्थान पर हम और हमारे का राग होना चाहिए। छोटे हों या बड़े सभी एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करने वाले हों। मन से भी वे किसी का अहित करने वाले न बनें। अपने पूर्वाग्रहों और मिथ्या अभिमान का सर्वथा त्याग करना चाहिए यानी उनको होम कर देना चाहिए।
          यदि इन छोटी-छोटी बातों को आत्मसात कर लिया जाए तो कोई कारण नहीं कि गृहस्थी की गाड़ी सफलतापूर्वक न चल सके।
चन्द्र प्रभा सूद