शनिवार, 21 नवंबर 2026

असहिष्णु बनते मनुष्य

असहिष्णु बनते मनुष्य 

इक्कीसवीं सदी में महान वैज्ञानिकों ने एक ओर धैर्यपूर्वक रहकर आश्चर्यजनक चमत्कार किए हैं, हम लोगों को सुख-सुविधाओं से सम्पन्न किया है। वहीं दूसरी ओर हम मनुष्य आवश्यकता से अधिक असहिष्णु बनते जा रहे हैं। इसका कारण क्या हो सकता है? मेरी समझ में नहीं आ रहा कि आखिर ऐसा क्यों हो रहा है?
        आजकल समाज में जनमानस की बढ़ती हुई असहिष्णुता के समाचार नित्य प्रति टी.वी. पर, समाचार पत्रों में और सोशल मीडिया पर देखे एवं पढ़े जा सकते हैं। इनके कारण समाज में निराशा का वातावरण बनने लगा है। लोग इस विषय में चिन्तित रहने लगे हैं।
          पति या पत्नी के आपसी झगड़े में अथवा विवाहेत्तर सम्बन्ध के चलते पति अपनी पत्नी की हत्या कर देता है या करवा देता। इसी तरह पत्नी अपने पति की हत्या कर देती है या करवा देती है। पति का पत्नी से अथवा पत्नी का पति से मनमुटाव हो जाने पर, दोनों में से किसी ने अपने बेटों या बेटियों को मार दिया और स्वयं को पुलिस के हवाले कर दिया या फाँसी लगा ली अथवा आत्महत्या कर ली। समाज के लिए ये स्थितियॉं वाकई दुर्भाग्यपूर्ण कही जा सकती हैं।
          पुश्तैनी झगड़ों में किसी की हत्या करना या करवा देना आम बात है। व्यापार में अपने ही पार्टनर की हत्या का षडयन्त्र करके उसे मरवा देने के किस्से भी चर्चा का विषय बन जाते हैं। कुछ रुपयों के कारण किसी को मार दिया जाता है। सड़क पर चलती गाड़ी में टक्कर लग जाने पर झगड़ा  हो जाता है। इसके बढ़ जाने पर सामने वाले को पीट-पीटकर मार दिया जाता है। जरा-सी कहासुनी हो जाने पर सामने वाले की हत्या कर दी जाती है।
        मौज-मस्ती करते हुए कब तकरार बढ़कर साथी की हत्या करा देती है, पता ही नहीं चलता। राजनैतिक शत्रुता भी इस खेल में पीछे नहीं है। आज विश्व के लिए नासूर बना आतंकवाद धार्मिक कट्टरता का ही विध्वंसक रूप है। इसके अतिरिक्त सयम-समय पर इस धार्मिक असहिष्णुता के कई अन्य रूप भी हमारे समक्ष प्रकट होते रहते हैं।
          बच्चे भी आजकल के माहौल में कम असहिष्णु नहीं है। देश और विदेश से ऐसे समाचार मिलते रहते हैं जहाँ बच्चों ने अपने ही साथियों पर स्कूल में गोलियाँ चलाईं अथवा उन पर चाकुओं से वार किया। इससे भी बढ़कर अपने ही अध्यापकों पर चाकुओं से प्रहार करना अथवा उन्हें जान से मार देना भी बच्चों की नृशंसता का ही द्योतक है।
          समाज में बढ़ते हुए नित्य प्रति के बलात्कार और अपहरण इसी असहिष्णुता के ही परिणाम हैं। दहेज के कारण अपनी बहुओं को जला देना भी कम नृशंसता नहीं कही जा सकती। एक शक्तिशाली देश दूसरे निर्बल देशों को अपने अधीन करने की फिराक में रहते है। उसके लिए जासूसी करवाने या आम जनता को हानि पहुॅंचाने को किसी भी तरह से सही नहीं ठहराया जा सकता।
        जल, थल और आकाश भी मानव की इस असहिष्णुता के शिकार बन रहे हैं। विश्व में हर तरफ जहाँ देखो मारामारी हो रही है। बस गोले ही बरसते हुए दिखाई पड़ते हैं। नेताओं की महत्वाकॉंक्षाओं की बलि पर जन साधारण चढ़ जाता है। वे नेता लोग अपने सुरक्षित किलों में बैठे रहते हैं। उनकी जान और माल की कोई हानि नहीं होती।
        इस तरह मनुष्य की असहिष्णुता का परिणाम दो देशों के बीच होने वाले युद्ध भी हैं जिनमें अगणित निर्दोषों के जान जाती है। परिश्रम से कमाए हुए उनकी धन और सम्पत्ति की भी हानि हो जाती है। इसकी भरपाई किसी भी तरह सम्भव नहीं हो सकती।
          अपने दोषों को दूसरों के सिर पर मढ़ने से इसका कोई भी हल निकलने वाला नहीं है। सबसे पहले अपने अन्तस् में झाँकने की आवश्यकता है। यह विचार भी सबको करना चाहिए कि क्या हममें सहिष्णुता की कमी होती जा रही है? यदि हाँ तो इसका कारण क्या है?
          मेरे विचार में अपने सांस्कृतिक जीवन मूल्यों का त्याग करना ही इस असहिष्णुता का सबसे बड़ा कारण है। इसके अतिरिक्त संयुक्त परिवारों का होता जा रहा विघटन भी कम दोषी नहीं है। संयुक्त परिवार के चलते लोगों को मिलजुल कर रहना, एक-दूसरे को बर्दाश्त करना, अपनी प्रिय वस्तुओं को बाँटना, दूसरों की परवाह करना इत्यादि गुण स्वभाविक रूप से आ जाते हैं।
          आज एकल परिवारों के चलते बच्चे जिद्दी, नकचढ़े, अहंकारी बनते जा रहे हैं। इनमें सहिष्णुता का अभाव है। वे अपनी कोई भी वस्तु किसी से साझा नहीं करना चाहते। हर एक को देख लेने की प्रवृत्ति बहुत घातक है। इसके अतिरिक्त खानपान का भी बहुत प्रभाव पड़ रहा है। मनीषी कहते हैं-
        जैसा खाओ अन्न वैसा होग मन।
        प्रत्येक मनुष्य को सहनशीलता रूपी गुण अपनाना चाहिए। हम सभी लोगों को आत्मचिन्तन करना चाहिए और अपने मन को शान्त रखने का प्रयास करना चाहिए। इस प्रकार करने से इन्सान को मानसिक सुख तो मिलता ही है और साथ ही समाज को भी असहिष्णुता नामक इस घातक बिमारी से मुक्ति मिल सकती है।
चन्द्र प्रभा सूद 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें