बगुला भक्तों के लिए प्रायः कहा जाता है- 'मुँह में राम बगल में छुरी।'
इस उक्ति का अर्थ मुझे कुछ ऐसा लगता है कि ईश्वर की उपासना करो तो सच्चे मन से। वहाँ दिखावा नहीं होना चाहिए। आप किससे भक्त होने का सर्टिफिकेट या तमगा चाहते हैं। इस भौतिक संसार से यदि यह प्रशंसा पा ली कि अमुक व्यक्ति बड़ा भक्त है या बहुत बड़ा दानी है तो उससे क्या फर्क पड़ेगा? जिसकी उपासना के लिए सब ढोंग कर रहे हो यदि उसने अस्वीकृत कर दिया तो सब व्यर्थ हो जाएगा।
बगुले को भक्त क्यों कहते हैं? पहले यह जानना आवश्यक है तभी जान सकेंगे कि इंसान को बगुला भक्त क्यों कहा गया है? कहते हैं कि जब बगुला जब मछली पकड़ने में असमर्थ हो गया है तब उसने एक तरकीब सोची। वह तालाब में एक टांग पर खड़ा हो गया। उसे देखकर मछलियों ने सोचा अब यह भक्त बन गया है। इसलिए इससे डरने की कोई आवश्यकता नहीं। वे बेचारी मछलियाँ उसके षडयंत्र को समझ नहीं सकीं। मस्ती से तालाब में इधर-उधर अठखेलियाँ करने लगीं। अब बगुले की मौज हो गई। जो मछली उसके पास आती उसे सबकी नजर बचाकर उसे खा लेता। तो यह थी भक्त बने बगुले की सच्चाई।
मनुष्यों में जो मनुष्य अपने आचार-व्यवहार एवं चरित्र से वास्तव में ईश्वर का भक्त है उसे यह बताने या दिखाने की कोई आवश्यकता नहीं होती कि वह सच्चा भक्त है। जैसे हीरे को अपने मूल्यवान होने का प्रमाण किसी को भी नहीं देने की जरूरत नहीं होती। जौहरी उसका मूल्य स्वयं ही लगा लेता है।
जो लोग आयुपर्यन्त लूट-खसौट करते हैं, चोरी, रिश्वतखोरी, भ्रष्टाचार आदि कुकर्मों में लिप्त रहते हैं वे मंदिर में जाकर कितनी भी घंटियाँ बजा लें ईश्वर उनसे प्रसन्न नहीं होता। बेशक वे सुखी होने का दिखावा करें परन्तु मन में हर समय ही भयभीत रहते हैं।
कभी उन्हें अपनी सफेदपोशी का डर होता है तो कभी कानून के शिकंजे में जकड़े जाने का भय सताता है। अपने घर-परिवार के सदस्यों के मनमाने व्यवहार से पीड़ित रहते हैं। कहते हैं- 'जैसा खाओ अन्न वैसा होगा मन।' नाजायज तरीके से कमाए धन का सभी दुरूपयोग करते हैं।
मंदिरों या धार्मिक स्थानों पर गुप्त दान के नाम लाखों रूपयों नकद रूप में या सोने-चाँदी के आभूषण एक ही व्यक्ति क्या ईमानदारी व सच्चाई की कमाई से कभी दे सकता है? इसका उत्तर सभी न में ही देंगे। ईश्वर ऐसे धन को दान में प्राप्त करके कभी प्रसन्न नहीं होता। ऐसे लोगों की कमाई में बरकत भी नहीं होती।
पूजा, अर्चना और दान उन्हीं लोगों का फलीभूत होता है जो ईमानदारी व सच्चाई से कमाते हैं। ऐसे लोगों के पैसे में बहुत बरकत होती है। मेरी बात पर विश्वास न करके अपने आसपास इसको कसौटी पर परख लें तभी मानें।
कुछ लोग अपने जीवन में दुष्कर्मों की ओर प्रवृत्त रहते हैं और घंटों-घंटों पूजापाठ करते हैं उनका यह सब निष्फल हो जाता है। वे शायद सोचते हैं कि पूजापाठ करने से उनके पाप कट जाएँगे पर ऐसा नहीं होता। वे भूल जाते हैं- 'अवश्यमेव भोक्तव्यं कृतं कर्म शुभाशुभम्।'
अर्थात जो भी अच्छे या बुरे कर्म मनुष्य करता है उन दोनों का ही फल उसे भोगना पड़ता है।
अपने आपको ईश्वर की दृष्टि में श्रेष्ठ सिद्ध करना चाहिए। दुनियावी प्रदर्शन से बचना चाहिए। जिस मालिक के नाम पर सारे आडम्बर कर रहे हैं वह तो सर्वज्ञ है। आँखें बंद कर लेने से जैसे बिल्ली नहीं भाग जाती उसी प्रकार अपने कर्मों से भी जीव नहीं बच सकता। फल भोगते समय बहुत कष्ट होता है। घर-परिवार सहित सारी दुनिया से मनुष्य छल कर सकता है पर स्वयं से भागकर नहीं जा सकता। अतः बगुला भक्त न बनकर सच्चा भक्त बनें।
शुक्रवार, 15 मई 2015
बगुला भक्त
गुरुवार, 14 मई 2015
दरिया किनारे
आ बैठी हूँ मैं इस दरिया के किनारे
सोचती हूँ इसके पानी को लकीर से
दो हिस्सों में बाँट इसे दूँ सदा के लिए
लो देखो जरा यह क्या हो रह है यहाँ
मिट गई वो लकीर जो मैंने खींची थी
बारबार कोशिश करती जा रही हूँ मैं
पर यह लकीर है कि खिंचती नहीं है
पानी के साथ अठखेलियाँ करती हुई
यह भागती जा रही है दूर दूर और दूर
मेरी नजरों से ओझल होती जा रही है
मानों मुँह चिढ़ाती कह रही हो ये मुझे
और कह रही हो अरी नादान मत बन
ऐसी मूर्खता करती बैठी है छलावे में
बहते पानी को क्या कभी सपने में भी
इस जहाँ में अब तक कोई रोक पाया है
तू भी करले सबकी तरह जतन बारबार
सोच ले फिर हर बार मुँह की ही खाएगी
कब कोई ढूँढ कर आ पाया है आजतक
रमते योगी और बहते पानी का ठिकाना
फिर मुझे चेताते हुए अब बोली थी नदी
मेरे पानी को है इंसान समझ लिया तुमने
जिसे बाँटोगे तुम बारबार जब तक यहाँ
कभी धर्म के नाम तो कभी जाती नाम से
कभी अमीर और गरीब की तकदीर से
कभी नस्लभेद और कभी रंग के भेद से
कभी लिंग या कभी भाषा के ही नाम पर
नित नए बखेड़े खड़े करना तुम्हें भाता है
न तो मैं इंसान हूँ और न ही मेरा ये पानी
तुम इंसानों की दुनिया से नहीं है वास्ता
मैं अनवरत गाती हुई मस्त रहती हूँ सदा
अपनी धुन में निरंतर बहती हुई दिन-रात
अपने लक्ष्य समुद्र तक जाती हूँ चाव से
वह भी बाहें पसारे ताकता मेरी राह है
तुम इंसान हो भटकते रहो लक्ष्यहीन
यहाँ से वहाँ और फिर वहाँ से यहाँ तक
मुझे और मेरे पानी को दूषित करते हो
मैं फिर भी सबको माफ करती अनकहे
भाई अब न तुम झंझाल बनो मेरे लिए
बस बहुत हो गया चले जाओ यहाँ से
रोको न मेरा रास्ता जाने दो मुझे अब।
बुधवार, 13 मई 2015
मुखिया
मुखिया या Head को निष्पक्ष होना चाहिए। उसकी दृष्टि में सभी बराबर होने चाहिए। मुखिया कैसा होना चाहिए? इस विषय पर तुलसीदास जी ने कहा है-
'मुखिया मुख सो चाहिए खानपान को एक।'
पाले पैसे सकल अंग तुलसी सहित विवेक॥
दोहे की इस पंक्ति में तुलसीदास का कहना है कि मुखिया को मुख के समान होना चाहिए। उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि मुख में जब कोई खाद्य पदार्थ डाला जाता है तो वह खाने में कोई भेदभाव नहीं करता। अब चाहे वह खाना नमकीन, खट्टा, मीठा, तीखा, कसैला आदि किसी भी स्वाद का हो। वह सभी पदार्थों को एक ही प्रकार से बिना किसी झिकझिक के खाता है। उसी प्रकार एक ही प्रक्रिया से उन सबको पचने व शरीर के संपूर्ण अंगों को पुष्ट करने के लिए आगे भेज देता है।
इसी प्रकार मुखिया भी होना चाहिए। उसे किसी के साथ भेदभाव नहीं करना चाहिए। धर्म-जाति, रंग-रूप, अमीर-गरीब आदि के भेद को अनदेखा करते हुए सबको एक समान समझे और सबके साथ एक जैसा व्यवहार करे। अब प्रश्न यह उठता है कि मुखिया किसे कहते हैं? वह कौन होता है? उसके क्या कर्त्तव्य हैं? आदि।
इन प्रश्नों के उत्तर में कह सकते हैं कि मुखिया सबसे बड़े या प्रमुख को कहते हैं। अब वह किसी व्यापारिक संस्था, किसी आफिस, किसी धार्मिक संस्था आदि का बास हो सकता है। घर-परिवार में सबसे बड़ा सदस्य हो सकता है या फिर किसी देश का राष्ट्रपति अथवा प्रधानमंत्री कोई भी हो सकता है।
व्यापारिक संस्था या किसी आफिस का मुखिया यानि मालिक या बास यदि अपने सभी कर्मचारियों के साथ मधुरता व सहृदयता का व्यवहार करता है, उनके सुख-दुख में उनसे सहानुभूति रखता है तो वहाँ का माहौल बहुत ही सौहार्दपूर्ण होता है। सभी कर्मचारी अपनी क्षमता से भी बढ़कर अपने काम निपटाते हैं। ऐसी ही संस्थाएँ निरन्तर सफलता की सीढ़ियाँ चढ़ती हैं।
इसी प्रकार अन्य धार्मिक, समाजिक आदि संस्थाओं में प्रधान आदि के समतापूर्वक व्यवहार से कार्य कुशलतापूर्वक सम्पन्न होते हैं। वहाँ पर सभी मिलजुल कर संस्था को उन्नत करते हैं।
शिक्षण संस्थानों की सफलता भी वहाँ के मुखिया यानी प्रिंसिपल के व्यवहार पर निर्भर करता है। यह उसके हाथ में होता है कि संस्था को नम्बर वन बनाए ताकि उसकी धूम मच सके। अन्यथा संस्था के लोग उसके विरूद्ध हो जाते हैं और संस्थान की टी आर पी नित्य गिरने लगती है।
घर-परिवार में यदि मुखिया छोटे-बड़े सभी सदस्यों के साथ समता का व्यवहार करेगा, सबको यथायोग्य सम्मान देगा तो उस घर में सौहार्द व सद्भावना का माहौल रहेगा। सबकी शक्ति मिलकर जब एक हो जाती है तो वहाँ सभी परेशानियाँ पलक झपकते दूर हो जाती हैं। ऐसे परिवारों में सुख, समृद्धि व शांति का साम्राज्य होता है जो सबको आह्लादित करता है। यदि मुखिया पक्षपात करेगा तो वहाँ नित झगड़े होने लगते। संबंधों में दरारें आने लगती हैं और घर नरक के तुल्य हो जाता है।
किसी देश में राजा या राष्ट्रपति या प्रधानमंत्री जो भी मुखिया है यदि वह अपने देशवासियों को एकसमान मानते हुए सबके लिए नीतियाँ और कानून बनाता है तो देश की भलाई होती है।वहाँ लूट- नहीं खसौट नहीं होती और न ही अराजकता का वातावरण होता है। शासक सकारात्मक रुख अपनाएगा तो देश के लोग समृद्धि की ओर कदम बढ़ाते हैं। यही समृद्ध देश किसी भी परिस्थिति का सामना करने के लिए सक्षम होता है। पर यदि वह अपनी प्रजाजनों के साथ भेदभाव करेगा तो लोगों में आपस में वैमनस्य बढ़ेगा, परस्पर एक दूसरे पर विश्वास नहीं रहता और वहाँ अराजकता फैल जाती है। ऐसे देश पर कोई अन्य देश अपना आधिपत्य कर लेता है।
मुखिया जब निष्पक्ष होकर अपने अधीनस्थों के लिए सोचता है तो सबका दिल जीत लेता है। वह प्रिय बनकर सबके हृदयों पर राज करता है। तब सर्वत्र ही खुशियाँ खुश होकर दस्तक देती हैं।
मंगलवार, 12 मई 2015
शिक्षक
शिक्षक या आचार्य कैसा होना चाहिए यह विषय आज बहुत महत्वपूर्ण हो गया है क्योंकि हमारे लाड़लों के भविष्य निर्माण का दायित्व उनके कंधों पर है।
प्राचीन काल में हमारे देश भारत में गुरुकुल शिक्षा पद्धति होती थी। वहाँ गुरु पथप्रदर्शक होता था। उसके मार्गदर्शन में शिष्य सर्वांगीण विकास करता था। अपने छात्र के जीवन निर्माण का दायित्व उसका होता था इसलिए उसे गुरु कहा जाता था। वह निस्वार्थभाव से बिना किसी वेतन के शिक्षण कार्य करता था।
उपनिषद के शिक्षा वल्ली में शिक्षा पूर्ण कर चुके शिष्यों को गुरुकुल से विदा होते समय आचार्य उपदेश देता है-
माता को देवता मानो। पिता को देवता मानो। अतिथि को देवता मानो। सृष्टि के क्रम को न तोड़ना। जो हमारे अच्छे कार्य हैं उन्हें ग्रहण करते हुए उन पर चलो। परन्तु यदि कोई हमारा कार्य अनुकरणीय न हो तो उसे छोड़ देना।
आज के इस भौतिक युग में धन के प्रधान हो जाने से जीवन के इन मूल्यों का अभाव ही होता जा रहा है। शिक्षक भी व्पापारी होते जा रहे हैं। वे कक्षा में पढ़ाएँ या न पढ़ाएँ पर उनकी दुकानदारी चलनी चाहिए वाला कुछ शिक्षकों का एटीच्यूट शिक्षा पद्धति के लिए घातक बनता जा रहा है।
आज समय व परिस्थितियाँ बदल गईं है। धन पहली आवश्यकता बन गया है। इसीलिए ट्यूशन सेंटर कुक्करमुत्ते की तरह फैलते जा रहे हैं। इससे अध्यापकों की संवेदनशीलता पर प्रश्न चिह्न लगता जा रहा है।
शिक्षक शब्द का अर्थ ही यही है कि वह शिक्षित करे यानि अपने छात्रों को अपनी जीवन पद्धति के अनुसार ढाले। एक शिक्षक से सभी यह उम्मीद करते हैं कि वह उन्हें अपनी पारिवारिक, सांस्कृतिक व धार्मिक विरासत को यथावत सौंपे। अपने देश के प्रति समर्पण की भावना बच्चों में कूट-कूटकर भरे।
वह स्वयं चरित्रवान बने और अपने छात्रों को भी इसका पालन करने के लिए प्रेरित करे।
कुछ मुट्ठी भर शिक्षकों के कदाचार के कारण यह गुरु-शिष्य का पवित्र संबंध आज कटघरे में खड़ा दिखाई दे रहा है। अध्यापक आज अपने ही शिष्यों लड़के या लड़कियों के साथ छेड़छाड़ करते पकड़े गए हैं। कुछेक बलात्कार जैसे घृणित कार्य तक कर बैठे हैं। वे अपने सांस्कृतिक जीवन मूल्य को भूल गए हैं कि शिष्य या शिष्या बेटे एवं बेटी ही होते हैं। इस प्रकार के चारित्रिक पतन ने उन्हें अधम बना दिया है।
शिक्षकों की एक और गंभीर समस्या है कि वे दैनन्दिन सामान्य ज्ञान से भी परे हैं। प्रायः वे मात्र केवल उस विषय की जानकारी रखना चाहते हैं जिसे स्कूल या कालेज में पढ़ाते हैं। उनमें से भी बहुत से ऐसे अध्यापक हैं जो अपना विषय है या जिसे पढ़ाते हैं उसमें भी दक्ष नहीं हैं। अपने ज्ञान की वृद्धि करने की ललक उनमें नहीं है। इसलिए अन्य पुस्तकें या पत्र-पत्रिकाएँ तो छोड़िए अपने विषय से संबंधित पुस्तकें तक नहीं पढ़ना चाहते। बिना तैयारी के कक्षा में चले जाते हैं और बच्चों में हंसी का पात्र बनते हैं।
जहाँ शिक्षक को अपनी योग्यता व ज्ञान के बल पर अपना स्थान बनाना चाहिए था वहाँ वह ऐसे शिष्यों की तलाश करता है जिनके माता-पिता धनाढ्य हैं या बड़े-बड़े व्यापारी हैं या राजनैतिक रुतबे वाले हैं या ऊँचे पदों पर कार्य रत हैं ताकि तुच्छ भौतिक स्वार्थों की पूर्ति कर सके। ऐसा ही कुछ हाल शिक्षण संस्थानों का भी है।
शिक्षक या आचार्य को यदि अपनी गरिमा बनाए रखनी है व प्राचीन भारतीय गुरुओं की भाँति सम्मान चाहिए तो अपने को सामर्थ्यवान बनाना होगा। अपने सात्विक गुणों, निस्वार्थ सेवा ओर अपनी योग्यता आदि गुणों को अपने अंतस में समाहित करना होगा।
सोमवार, 11 मई 2015
जैसा देश वैसा भेष
जैसा देश वैसा भेष- उक्ति हमने बहुधा सुनी है। हर कथन के पीछे कोई-न-कोई सार अवश्य होता है। चाहे हम उसे समझ सकें या नहीं।
व्यक्ति किसी भी देश का निवासी हो वह अपने रंग-रूप, अपनी वेशभूषा, अपनी भाषा, अपनी धार्मिक आस्थाओं, अपने सांस्कृतिक मूल्यों और अपनी ऐतिहासिक विरासतों से ही सदा पहचाना जाता है। अफगानिस्तान, अरब आदि देशों को हम उनके वेष व भाषाओं से पहचान लेते हैं। इसी तरह अन्य देशों के नागरिकों की भी एक पहचान है जिसे उसके अनुसार हम सरलता से जान लेते हैं।
कहते हैं जिस देश में रहो वहाँ की सभ्यता व संस्कृति में रच बस जाओ। उस देश के संविधान, कानून व्यवस्था, शिक्षण व्यवस्था आदि का पालन करना चाहिए। उनके रीति-रिवाजों का सम्मान करो और मन भाएँ तो उन्हें अपना भी लो। वहाँ इस तरह घुलमिल जाओ जैसे पानी में शक्कर मिल जाती है।
यदि ऐसा नहीं कर पाओ तो उस देश हैं रहने का कोई औचित्य नहीं होता। फिर तो सारा समय अपने देश व जहाँ निवास कर रहे हैं उस देश के साथ तुलनात्मक अध्ययन में ही बीतेगा। ऐसा करके अपने लिए कष्ट व परेशानी ही जुटाई जा सकती है। सारा समय मन परेशान रहेगा उसका कोई लाभ नहीं होता।
उनकी अच्छाइयों को अपना लेना चाहिए पर दूषित विचारों व रूढ़ियों को नहीं। कहना आसान है पर कर पाना कठिन है। जो बच्चे वहाँ जन्म लेते हैं वे तो वहीं के होकर रह जाते हैं। उनका अपना देश वही होता है। दूसरे देश रहने के कारण अपने पितरों के देश से उन्हें लगाव कम होता है। हाँ जब रक्त संबंध जोर मारते हैं या माता-पिता से अपने घर-परिवार की कहानियाँ सुन-सुनकर अथवा घूमने के उद्देश्य से वे अपने देश जाते हैं। तब वहाँ सभी चेहरे उन को अनजाने दिखाई देते हैं।
अपने बंधुजनों से मिलना यथासमय होता है परन्तु उनको बंधु मानकर उनके साथ सौहार्द रखना चाहिए। वही हर समय, हर स्थिति में तत्क्षण साथ दे सकते हैं।
अपनी सांस्कृतिक जड़ें इतनी मजबूत हैं कि चाहे नौकरी, व्यापार या पढ़ाई किसी भी कारण से जो दूसरे देश जाकर रहते हैं वे उन्हें काट नहीं सकते। हमेशा अपने देश की खट्टी-मीठी यादें कचोटती रहती हैं। इसलिए वे न वे अपने देश के रह जाते हैं और न ही उस देश के हो पाते हैं जहाँ वे रहते हैं। इस तरह मनोभावनाओं व यादों की आँख-मिचौनी उनके अंतस में निरन्तर चलती रहती है।
व्यक्ति जहाँ भी रहे खुले मन से उस देश व देशवासियों को अपनाए। तभी अंतस में शांति बनी रहती है। मात्र ऊपरी दिखावे से बात नहीं बनती। वहाँ रच बस जाने अतिरिक्त उनके पास और कोई चारा नहीं बचता।
इस रचने बसने का यह अर्थ तो कदापि नहीं है कि व्यक्ति अपने जन्मजात संस्कारों को ही तिलांजलि दे बैठे या फिर उन सबको गठरी में बांधकर संदूक के अंदर सात परतों में छिपाकर रख दे। अपने संस्कारों को कभी न छोड़ते की सोचते हुए दूसरी संस्कृति के साथ अपना सामंजस्य स्थापित करना ही श्रेयस्कर होता है।
रविवार, 10 मई 2015
बहु बेटी बने
हमारे पारिवारिक ढ़ाँचे में हर बेटी को विवाह के उपरान्त अपने माता-पिता का वह घर जहाँ उसने बचपन से अब तक का समय बिताया को छोड़कर अपने पति के घर ससुराल जाना होता है। बहू दूसरे घर से आती है। अतः अपेक्षा की जातिउसे अपने ससुराल के तौर-तरीके शीघ्र अपना लेने चाहिएँ ताकि टकराव से बचा जा सके।
हर लड़की कुछ सपने संजोय अपने ससुराल आती है। उसे चाहिए कि घर के बड़ों को विश्वास में लेकर उन्हें पूरा करे। उसे सच्चे मन से सास-ससुर को माता-पिता और देवर-ननदों को भाई-बहन मानना चाहिए। उनके साथ व्यवहार करने में कभी अपनी ओर से कमी नहीं रखनी चाहिए।
बहू का यही प्रयास होना चाहिए कि रिश्तों की मर्यादा रखते हुए वह बड़ों को कभी पलटकर जवाब न दे ताकि संबंधों में कटुता न आए। उस समय यदि वह चुप्प लगा ली जाए तो होने वाले बहुत से झगड़ों से बचा जा सकता है। कहते हैं-
एक चुप सौ सुख।
एक चुप सौ को हराए।
उसे यह हमेशा याद रखना चाहिए कि उसका पति पहले किसी का बेटा या भाई है। यदि उन्होंने अपने बेटे या भाई से कुछ आशा रखी है तो यह स्वाभाविक है। उसे रोड़ा बनने का कार्य नहीं करना चाहिए। उनके प्रति दायित्वों को निभाने में पति की सहायता करे। फिर देखिए उसे कितना सम्मान मिलता है जिसे हर बहू को कमाना पड़ता है।
बहू को यह भी चाहिए कि घर के कामकाज में बराबर का सहयोग दे वैसे तो प्रायः घरों में सफाई और बर्तन का कार्य तो करवा लिया जाता है। कपड़े धोने के लिए भी मशीनों का प्रयोग किया जाता है।
सारी आयु सास अपने दायित्वों का निर्वहण करती है। उसे भी चाहत होती है कि बहू आए और घर सम्भाले। रिश्तेदारों व मेहमानों से अच्छे से मिले। इसमें कुछ गलत नहीं है यह मानकर चलना चाहिए।
बहू को अपने ससुराल में सदा सामंजस्य बनाकर रखना चाहिए। बेटी रूप में अपने मायके घर में उसे दखल नहीं देना चाहिए। इससे दोनों परिवारों में उसका सम्मान बना रहता है अन्यथा उसे व्यर्थ में अपमानित होना पड़ता है।
सबसे अहम बात यह है कि बहू को यह उम्मीद कदापि नहीं करनी चाहिए कि जो कुछ सास-ससुर के पास है वह उसे अपने जीते जी सौंप दे। उनको भी अपने रिश्तेदारों व दूसरे बच्चों के साथ वरतना होता है और अपनी वृद्धावस्था के लिए भी सिक्योरिटी चाहिए होती है।
माता-पिता बेटी की खुशी चाहते हैं। बेटी को चाहिए कि वह अपने पति या ससुराल की हर छोटी-बड़ी बात माता-पिता को न बताए। वे अपनी बेटी को ससुराल में सबके साथ तालमेल रखने की सलाह दें। उनसे यह अपेक्षा की जाती है कि वे बेटी के ससुराल में अनावश्यक दखल न दें जब तक उसके साथ कोई अन्याय या अत्याचार न हो रहा हो।
कुछ बहुएँ ऐसी होती हैं जो घर में एडजस्ट नहीं होना चाहतीं। बिना बात लड़ाई के मौके तलाशती हैं। ऐसी वे छोटी-सी बात को तूल देकर या घर की अपनी जिम्मेदारियों से बचने के लिए घर छोड़कर चली जाती हैं। अनावश्यक रूप से पुलिस व कोर्ट जाने की धमकी तक दे देती हैं। उन्हें अपने व्यवहार पर ध्यान देना चाहिए।
सास और बहू के संबंध ऐसे होते हैं कि उनमें कड़वाहट न आने पाए इसके लिए दोनों को सावधान रहना चाहिए।अन्यथा घर का सुख-चैन अंगूठा दिखाने लगता है। इसलिए उसे घर में बेटी बनकर रहना चाहिए।
शनिवार, 9 मई 2015
माँ सास के रूप में
माँ अपने बच्चों के लिए बहुत ही पोसेसिव होती है। उनके सुख-दुख उसके अपने होते हैं। वह अपने बच्चों को गर्म हवा तक नहीं लगने देना चाहती।
परन्तु जब यही माँ एक सास बनती है तो वह इतनी असहिष्णु क्यों बन जाती है? उसका प्यार, उसकी ममता कहाँ गायब हो जाते हैं? न जाने उसे किस बात का डर सताने लगता है?
ये कुछ प्रश्न हैं जो सबके लिए पहेली बने रहते हैं और सुलझ नहीं पाते। चलिए आज हम इसी विषय पर चर्चा करते हैं।
माँ का अपनी संतान से जो रिश्ता होता है वह उसकी मृत्यु के पश्चात भी नहीं टूटता। यह सत्य है कि बच्चा यदि बूढ़ा भी हो जाता है तो कष्ट के समय माँ को ही याद करता है। यदि बच्चे को संस्कारी बनाया हो तो फिर किस बात का डर?
हमारे पारिवारिक ढ़ाँचे में हर बेटी को विवाह के उपरान्त अपने माता-पिता का घर छोड़कर अपने पति के घर ससुराल जाना होता है।
माँ बहुत चाव से बेटे का विवाह करती है। अपनी मनपसंद दुल्हन अपने घर लेकर आती है। उसे चाहिए कि अपने सपनों को साकार करने के लिए वह घर आई लक्ष्मी का खुले दिल से स्वागत करे। उसे पराया न समझते हुए वही मान-सम्मान दे जो वह अपनी बेटी को देती है।
हर घर के तौर-तरीके, खान-पान, व्यवहार आदि में अन्तर होता है। बहु की किसी भी कमी पर उसे या उसके मायके वालों को कोसने के स्थान पर उसकी गलती को नजरअंदाज कर देना समझदारी होती है। उसे प्यार से समझाइए वह समझ जाएगी।
बेटे और बहु को शादी के बाद से ही पराया न करें। पत्नी उसकी जिम्मेदारी है। यदि उसकी सुने तो उसे जोरु का गुलाम कहकर न धिक्कारें। छींटाकशी से रिश्तों में खटास आती है।
अपनी बेटी और बहु के लिए एक जैसा व्यवहार करना चाहिए। बहु को अपनी बेटी मानकर ऊँच-नीच हो जाने पर उसे नजर अंदाज कर दें। जहाँ तक हो सके दूसरों के सामने बहु की प्रशंसा कीजिए बुराई कदापि नहीं।
लड़की सपने लेकर ससुराल आती है उन्हें बड़ों को विश्वास में लेकर पूरा करना चाहिए। सच्चे मन से सास-ससुर को माता-पिता और देवर-ननदों को भाई-बहन मानना चाहिए। बहु को यही प्रयास करना चाहिए कि रिश्तों की मर्यादा रखते हुए बड़ों को कभी पलटकर जवाब न दे ताकि संबंधों में कटुता न आए। उस समय यदि वह चुप्प लगा ले होने वाले बहुत से झगड़ों से बच सकती है।
गलती हो जाने पर दोनों को ही बिना किसी पूर्वाग्रह के अपना अहम छोड़कर क्षमा याचना कर लेनी चाहिए इससे उनके रिश्ते मजबूत बने रहते हैं।
माता-पिता बेटी की खुशी चाहते हैं। बेटी को चाहिए कि वह हर छोटी-बड़ी बात माता-पिता को न बताए और वे अपनी बेटी को ससुराल में सामंजस्य रखने की सलाह दें व बेटी के घर में दखल न दें।
सास और बहु के संबंधों में कड़वाहट न हो इसके लिए दोनों को सावधान रहना चाहिए।अन्यथा घर का सुख-चैन अंगूठा दिखाने लगता है।
बहु को ताने देना या दहेज के लिए प्रताड़ित नहीं करना चाहिए। बहु का भी कर्तव्य है कि छोटी-सी बात को तूल देकर घर न छोड़े। अनावश्यक रूप से पुलिस व कोर्ट जाने की धमकी न दे।
खटपट के लिए सास और बहु दोनों ही दोषी होते हैं। यदि दोनों ही थोड़ी-सी समझदारी से काम लें तो घर सुखी व खुशहाल हो जाता है।