अपने प्रति समर्पितों की चिन्ता करता ईश्वर
मनीषी कहते हैं कि जो व्यक्ति ईश्वर के प्रति पूर्णतः समर्पित होते हैं, उनकी चिन्ता वह मालिक स्वयं करता है। यह सत्य है कि इस संसार के सभी जीव परमात्मा का ही अंश हैं। इस भौतिक संसार के माता-पिता जैसे अपने बच्चों को सारी सुविधाएँ देते हैं, उसी तरह परमपिता भी अपने सब बच्चों के सुख-दुख और सुविधाओं के विषय में सदा सोचता रहता है।
वैसे तो वह परमपिता परमात्मा सभी जीवों के विषय में सोचता है, उसके लिए सभी जीव एक समान हैं। वह किसी के साथ पक्षपात नहीं करता। इसीलिए उसे महान न्यायकारी कहा जाता है। उसे हम समदर्शी भी कहते हैं। हर जीव को उसके पूर्व जन्म कृत कर्मों के अनुसार समय पर फल देता रहता है। उनके भरण-पोषण की व्यवस्था वह स्वयं करता है। वह किसी को भूखा नहीं सोने देता। यदि दुर्भाग्यवश कोई भूखा रह जाता है तो वह उसके पूर्व जन्मों के किए कर्मों का दोष होता है।
बाबा फरीद साहब कहते हैं-
फिकर करे सो बावरा। जिक्र करे सौ बार।
उठ फरीदा जिक्र कर। फिकर करेगा आप।
अर्थात् बाबा फरीद जी से कहते हैं कि हे मनुष्य, तू फिक्र मत किया कर। कुछ करना है तो सद् गुरु का जिक्र सौ बार कर, यह तेरा काम है। जिक्र करना यानी ईश्वर का सिमरण करना, भजन करना। तेरी फिक्र करना सद् गुरु का काम है। जब तू उसे सच्चे मन से याद करेगा तो वो मालिक भी तेरी फिक्र या चिन्ता करेगा।
'श्रीमद्भगवद्गीता' में भगवान श्रीकृष्ण इस विषय पर कहते हैं -
अनन्याश्चिन्तयन्तो मां ये जनाः पर्युपासते ।
तेषां नित्याभियुक्तानां योगक्षेमं वहाम्यहम्॥
अर्थात् जो लोग अनन्य भाव यानी पूर्ण समर्पण और बिना किसी अन्य कामना से मेरा स्मरण और मेरी उपासना करते हैं, जो सदा मुझमें ही लीन रहते हैं, उनके योग और क्षेम यानी उनकी आवश्यकताओं की पूर्ति और उसकी रक्षा का भार मैं स्वयं वहन करता हूँ।
दूसरे शब्दों में हम कह सकते हैं कि जो मनुष्य ईश्वर को एकमात्र लक्ष्य मान कर अनन्य भाव से उसका स्मरण करता है, पूजा-अर्चना करता हुआ सदैव प्रभु की भक्ति में लीन रहता है, उस मनुष्य की सभी मनोकामनाऍं ईश्वर पूर्ण करता है।
मनुष्य को स्वयं अपने अन्तस् में ही आत्मिक विकास करना होता है। कोई भी अन्य व्यक्ति उसको कुछ सिखा नहीं सकता। निस्सन्देह मनुष्य स्वयं ही अपने सद् ग्रन्थों का अध्ययन करके, सज्जनों की संगति में रहकर और ईश्वर की उपासना करके ही एक आध्यात्मिक व्यक्ति बन सकता है।
मनुष्य को कोई भी आध्यात्मिक नहीं बना सकता। यह कोई ऐसा लड्डू नहीं है कि उसे खिलाकर मानव को हाथोंहाथ प्रभु का प्रिय बना दिया जाए। मनुष्य को सिखाने वाला कोई और नहीं होता बल्कि उसकी अपनी ही अन्तरात्मा होती है। उसे आत्मचिन्तन करते हुए स्वयं ही अपने अन्तस् में विद्यमान दुर्गुणों को त्याग करके स्वयं में सद् गुणों का विकास करना होता है। ईश्वर के बनाए हुए सभी जीवों के साथ सदैव समनता का व्यवहार करना होता है। उन सब जीवों में ईश्वर की उपस्थिति को अनुभव करना होता है।
मनीषी कहते हैं कि ईश्वर सृष्टि के कण-कण में विद्यमान है। उसे ढूँढने के लिए जंगलों में जाने की कोई आवश्यकता नहीं है। तथाकथित धर्मगुरुओं अथवा तान्त्रिकों-मान्त्रिकों के पास जाकर अपना अमूल्य धन व समय को बर्बाद नहीं करना चाहिए। उसे जब भी खोजना हो, बस अपने घर मे एकान्त में बैठकर मन में झाँककर देख लो। वह वहीं मिल जाएगा।
मालिक को मन में देखने के लिए उसे मन्दिर की तरह शुद्ध और पवित्र बनाना पड़ता है। काम, क्रोध, लोभ, मोह, अहंकार आदि आन्तरिक शत्रुओं को वश में करना होता है। अपनी दसों इन्द्रियों को साधना होता है।
जो व्यक्ति अपने अन्तस् में ईश्वर का ध्यान करता है तथा दूसरे जीवों में ईश्वर को देखता है और ईश्वर की विद्यमानता का सर्वत्र अनुभव करता है, वास्तव में वही ज्ञानी कहलाता है।
स्वयं को ईश्वरमय बनाना कोई खाला जी का घर नहीं है। उसके लिए कठोर यम और नियमों का कड़ाई से पालन करना होता है। सभी सांसारिक भोगों को भोगते हुए जल में कमल की तरह उनसे निर्लिप्त रहना होता है।
ईश्वर ने हम सबको इस संसार में एक खाली चेक की भाँति भेजा है। हमें स्वयं अपने गुणों तथा योग्यताओं के आधार पर ही उसमें अपनी कीमत भरनी होती है।
यदि स्वयं को मूल्यवान बनाना है तो उपरोक्त बातों पर हमें गम्भीरता पूर्वक मनन करना होगा। आत्मचिन्तन करके ईश्वर का कृपा पात्र बनने का भरसक प्रयास करना होगा। ताकि इस असार संसार से विदा लेते हुए मन में कोई कसक न बच सके। पूर्ण रूपेण अपनी जीवन नैया उस परमेश्वर के हवाले कर देनी चाहिए।
चन्द्र प्रभा सूद
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें