बुधवार, 25 नवंबर 2026

ईश्वर की भक्ति में डूबा भक्त प्रह्लाद

ईश्वर की भक्ति में डूबा भक्त प्रह्लाद 

ईश्वर अपने भक्तों की सुरक्षा स्वयं करता है। जो भक्त सच्चे मन से अपने आप को प्रभु को समर्पित कर देता है, अपने सभी कर्मों का श्रेय ईश्वर को देता है और अपनी सभी असफलताओं का दोष ईश्वर को न देकर स्वयं को देता है, वही वास्तव में उसका अनन्य भक्त कहलाता है। ऐसे लोग विरल ही दृष्टिगोचर होते हैं।
          ईश्वर की भक्ति करने के लिए कहीं भी जाने की आवश्यकता नहीं पड़ती। अपने घर पर रहकर ही उसकी साधना की जा सकती है। ईश्वर की उपासना करते समय साधक को अनेक‌ परीक्षाओं को पास करना पड़ता है। जो इनसे घबराता नहीं है और डटकर उनका सामना करता है, वह ईश्वर की कृपा का पात्र बन जाता है।
          आज हम बालक प्रह्लाद की चर्चा करेंगें। वह सच्चे मन से  ईश्वर की आराधना करता था। अपने पिता के अत्याचारों से घबराकर उसने प्रभु की भक्ति से मुॅंह नहीं मोड़ा अपितु प्रभु का दामन थामे रखा। भक्त प्रहलाद की पौराणिक कथा भगवान श्रीविष्णु की अटूट भक्ति और बुराई पर अच्छाई की विजय का एक प्रतीक है।
          प्राचीन काल में हिरण्यकश्यप नामक एक अत्यन्त शक्तिशाली असुर या राक्षस राजा था। उसने कठोर तपस्या करके भगवान ब्रह्मा जी से बहुत विचित्र वरदान प्राप्त किया था। यह वरदान इस प्रकार था - 'वह न किसी मनुष्य से या न किसी पशु से, न दिन में और न रात में, न किसी अस्त्र से अथवा न किसी शस्त्र से, न घर के अन्दर और न ही घर के बाहर मारा जा सके।'
          ब्रह्मा जी से ऐसा विचित्र वरदान प्राप्त करके हिरण्यकश्यप बहुत अहंकारी बन गया। अपने घमण्ड में आकर हिरण्यकश्यप स्वयं को ही भगवान मानने लगा था। उसने अपनी प्रजा और परिवार को भगवान श्रीविष्णु की पूजा करने के लिए कठोरता से मना कर दिया था।
           हिरण्यकश्यप का प्रहलाद नामक एक पुत्र था। वह जन्म से ही भगवान श्रीहरि विष्णु का परम भक्त था। पिता के लाख समझाने और मना करने के उपरान्त पर भी वह निम्न मन्त्र का जाप करता रहता था -
          ॐ नमो भगवते वासुदेवाय
           अपने पुत्र को भगवान श्रीविष्णु की भक्ति से विमुख करने के लिए हिरण्यकश्यप ने उस पर बहुत अत्याचार किए। अपने पुत्र प्रहलाद को मारने के लिए अनेक प्रयास किए। उसे ऊॅंचे पर्वत से नीचे फेंका दिया। ईश्वर की कृपा से वह बच गया था। फिर उस दुष्ट पिता हिरण्यकश्यप ने उसे जहरीले सॉंपों से डसवाया। प्रभु की असीम कृपा से उसका जीवन बचा गया।
          हिरण्यकश्यप के आदेश से बालक प्रह्लाद को उबलते हुए तेल में फिकवा दिया। इस बार भी प्रभु के आशीर्वाद से उसका बाल भी बॉंका नहीं हुआ। इस प्रकार भगवान श्रीविष्णु ने बालक प्रह्लाद की हर बार रक्षा की। उसका जीवन हिरण्यकश्यप के अहंकार की भेंट नहीं चढ़ सका।
         हिरण्यकश्यप की बहन होलिका को यह वरदान प्राप्त था कि वह आग में नहीं जल सकती थी। अपने भाई की सहायता करने के लिए होलिका प्रहलाद को जलाने हेतु अपनी गोद में लेकर अग्नि में बैठ गई। भगवान की कृपा से होलिका जलकर भस्म हो गई और भक्त प्रह्लाद को खरोंच तक नहीं आई। इसी घटना की याद में आज भी रंगों के पर्व होली से एक दिन पहले रात के समय होलिका दहन किया जाता है। 
          हर अत्याचार से बचकर निकलने वाले पुत्र की हठधर्मिता से हिरण्यकश्यप बहुत क्रोधित था। एक दिन क्रोध में आकर हिरण्यकश्यप ने प्रह्लाद से पूछा, " तेरा भगवान कहॉं है?"
         प्रह्लाद ने शान्त भाव से अपने पिता को उत्तर दिया, "पिताजी, वे इस खम्भे सहित सृष्टि के कण-कण में विद्यमान हैं।"
          गुस्से में आकर हिरण्यकश्यप ने गदा से उस खम्भे पर प्रहार किया। तभी वह खम्भा टूट गया।तभी वहॉं पर भगवान श्रीविष्णु नरसिंह अवतार यानी आधा शरीर सिंह और आधा शरीर मनुष्य के रूप में प्रकट हुए।
          सायंकाल की संध्या के समय, घर की देहरी पर बैठकर, नरसिंह भगवान ने अपने नाखूखों से हिरण्यकश्यप का वध कर दिया। इस प्रकार उन्होंने अपने प्रिय भक्त प्रहलाद की रक्षा की। इसके बाद प्रहलाद को राजा बनाया गया और उन्होंने लम्बे समय तक धर्मपूर्वक राज किया। 
          भक्त प्रह्लाद के इस अटूट समर्पण और ईश्वर के प्रति अगाध श्रद्धा के कारण ही युगों के बाद भी आज हम लोग उसे स्मरण करते हैं। अपने पिता का दबाव और अत्याचार सहन करके भी उसने ईश्वर की ओर से अपना मुॅंह नहीं मोड़ा अपितु भक्ति के मार्ग पर दृढ़ता से आगे बढ़ता रहा।
           सार रूप में हम यह कह सकते हैं कि प्रभु की भक्ति करना कोई सरल कार्य नहीं है। पग-पग पर दुनिया के आकर्षण लुभाते रहते हैं तो कभी परीक्षाऍं मार्ग में बाधक बनती हैं। इन सब चुनौतियों और बाधाओं को पार करने वाला मनुष्य ही ईश्वर का परम भक्त बन जाता है।
चन्द्र प्रभा सूद 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें