गुरुवार, 26 नवंबर 2026

विवेक से अपनी तलाश जारी रखें

विवेक से अपनी तलाश जारी रखें 

ईश्वर ने मनुष्य को विवेक बुद्धि देकर बहुत उपकार किया है। विवेक के कारण मनुष्य को सही या गलत की पहचान होती है। यह जीवन में एक मार्गदर्शक का कार्य करता है। जब हम लोग बाहरी दुनिया के शोरगुल से दूर होकर अपने विवेक के बल पर स्वयं की तलाश करने के लिए निकलते हैं तो हमें जीवन का वास्तविक उद्देश्य और आन्तरिक शान्ति प्राप्त होती है।
          मानव का सारा जीवन इसी परेशानी में व्यतीत है जाता है कि उसे क्या ढूँढना है? उसकी तलाश वहाँ जाकर सिमट जाती है जब उसे यह सुकून मिल जाता है कि जो कुछ उसने इस संसार में कमा लिया है उसे वह अपने साथ अगले जन्म में लेकर नहीं जा सकता है। उसका जो सब कुछ है, इसी संसार में रह जाता है। 
         अपनी इस तलाश को जारी रखने के लिए प्रतिदिन आत्मविश्लेषण करना चाहिए। अपने विचारों, कर्मों और प्राथमिकताओं का बिना किसी पूर्वाग्रह के मूल्यॉंकन करना चाहिए। किसी भी बड़े निर्णय को जल्दबाजी या भावनाओं में बहकर नहीं करना चाहिए। विवेक कभी अफरातफरी नहीं मचाता बल्कि शान्त मन से काम करता है।
         अपनी कमियों को पहचानकर उन्हें सुधारने का प्रयास करना चाहिए। स्वयं के प्रति ईमानदार रहना ही विवेक की पहली सीढ़ी है। स्वयं की क्षमताओं, सीमाओं और सपनों को समझने का प्रयास करना चाहिए। विवेक रूपी दीपक सदा हमारा मार्ग प्रशस्त करता है।
        मनुष्य के शुभाशुभ कर्म ही केवल उसकी वास्तविक पूँजी कहलाते हैं जो जन्म-जन्मान्तर तक उसका साथ निभाते हैं। उसे कमाने के लिए वह जितना अधिक यत्न करता है उतना ही मानसिक रूप से मजबूत, सहृदय और दूसरों की चिन्ता करने वाला बनता है। 
        यदि मनुष्य अपने जीवन में पीछे मुड़कर देखे तो उसे अनुभव का खजाना ही मिलेगा। यदि भावी जीवन में दूरदर्शिता से काम लिया जाए तो आशा रूपी दीपक दिखाई देगा। दाएँ और बाएँ देखने पर सच्चाई के दर्शन होंगे। इसी तरह स्वयं अपने अन्तस् में झाँककर देखा जा सके तो वहाँ परमात्मा और आत्मविश्वास से मनुष्य का साक्षात्कार हो जाएगा।
        यदि मनुष्य उचित अवसर की तलाश करता है तो उसे सदा याद रखना चाहिए कि हर अवसर उपयुक्त होता है। यदि मनुष्य उसका सदुपयोग कर सके तो वह सफलता के सोपानों को छू सकता है। हम यहाँ तालाब का उदाहरण लेते हैं। जब वह भरा होता है तब मछलियाँ चींटियों को खाती हैं और जब वह तालाब खाली हो जाता है तब नन्ही चींटियाँ मछलियों को खाने लगती हैं। 
          इसका अर्थ यही निकलता है कि अवसर तो हर किसी जीव को मिलता है। देखना बस यही होता है कि वह उसका सदुपयोग कर सकता है अथवा नहीं। सोचने वाली बात यही है कि कब तक वह अपने लिए उपयुक्त अवसर का इन्तजार करता हुआ बैठा रहेगा।
          इस दुनिया में लोगों को आगे बढ़ता हुआ कोई भी मनुष्य अच्छा नहीं लगता। ऐसा अनुभव हममें से बहुत से लोगों को हुआ होगा। जो भी मनुष्य ऊँचाई छूने लगता है, लोग उसे पीछे धकेलने का  भरसक प्रयास करते हैं। लोग बीज को मिट्टी में दबाने का बार-बार प्रयास करते हैं लेकिन वे भूल जाते हैं कि बीज की यह आदत होती है कि वह बार-बार उग जाता है। फिर एक वृक्ष बनकर सब जीवों को फल और छाया देता है।
          इसी तरह मनुष्य भी बारम्बार अपने सामने आए हुए अवसर को नहीं चूकता। वह हर समय अपने लिए अवसर तलाशे का साहस करता है। कोई कितना भी उसे डिगाने का यत्न क्यों न करे, वह उन सब कठिनाइयों को पार करके अपने लक्ष्य को प्राप्त करने में सफल हो ही जाता है।
          मनुष्य की यह तलाश जीवन पर्यन्त चलती ही रहती है। कभी वह सुख की तलाश मे भटकता है तो कभी शान्ति की। इस खोज में वह देश-विदेश में घूमता है, जगलों के एकान्त में जाता है। इसी कड़ी में भटकता हुआ तथाकथित गुरुओं और तान्त्रिकों व मान्त्रिकों के चंगुल मे भी फंस जाता है। वहाँ से बाहर निकलने के लिए हाथ-पैर पटकता हुआ छटपटाता रहता है।
        जीवन में मनुष्य को बहुत-सी परेशानियों से दो-चार होना पड़ता है तथा लाभ-हानि जैसे द्वन्द्वों के थपेड़ों को भी सहन करना पड़ता हैं। प्रभु मनुष्य को अपने पूर्वकृत कर्मों के अनुसार उसे यह सब देता है। मनुष्य पर उसकी मेहरबानियाँ भी बहुत हैं जिसे उसे सदा याद रखना चाहिए।
          हर मनुष्य को अपनी सूझबूझ के अनुसार यानी अपने विवेक के बल पर ही अपनी तलाश नित्य जारी रखनी चाहिए। सबसे आगे रहने का उसे कोई भी अवसर गँवाना नहीं चाहिए। जब तक जीवन है उसे हार नहीं माननी चाहिए। अपनी इच्छाशक्ति और दृढ़ विश्वास पर पूर्णरूप से भरोसा करना चाहिए।
चन्द्र प्रभा सूद 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें