सत्य परेशान हो सकता है परन्तु पराजित नहीं। जो सत्य पर अड़ा रहता है उसका साथी बनकर परमात्मा सदा उसके खड़ा रहता है। दुनिया में इस सत्य को कोई मनुष्य पराजित नहीं कर सकता। इसलिए इसे अपराजेय कहते हैं। 'सत्यमेव जयते'- कहकर शास्त्र हमें जगाते हैं और समझाते हैं कि अन्ततः सत्य बाजी जीतकर विजयी रहता है। कोई उसके पैरों की बेड़ी नहीं बन सकता।
बादलों के द्वारा आच्छादित हुआ सूर्य कुछ समय के लिए हमारी नजरों से ओझल हो सकता है, परन्तु वह कभी नष्ट नहीं हो सकता। समय बीतते बादलों को चीरकर, वह फिर से एक मधुर-सी मुसकान लिए हमारे समक्ष उपस्थित हो जाता है। पूर्ववत प्रकाश और ताप देने के अपने कार्य में जुट जाता है। बादलों और सूर्य का लुकाछिपी का यह खेल कुछ समय के लिए तो खेला जा सकता है किन्तु सदा के लिए कदापि नहीं खेला जा सकता।
इसी प्रकार सत्य को झूठ कुछ समय के लिए आक्रान्त कर सकता है। सत्य तो आखिरकार सत्य है। सत्य पर असत्य का मुलम्मा कुछ समय के लिए चढ़ाया जा सकता है, हमेशा के लिए नहीं। इस विषय में ईशोपनिषद कहती है -
हिरण्मयेण पात्रेण सत्यस्यापिहितं मुखम्।
अर्थात स्वर्णिम पात्र से सत्य का मुँह ढका हुआ है।
इस मन्त्रांश का अर्थ यही है कि असत्य का आवरण इतना आकर्षक होता है कि मनुष्य उसमें अटककर रह जाता है। जब तक वह उस आवरण को अनावृत्त नहीं (खोलेगा) करेगा तब तक वह उस सत्य तक नहीं पहुँच सकता। यही कारण है कि हम सबकी जिन्दगी मुखौटानुमा बनती जा रही है। इसीलिए हमारे कार्य और व्यवहार सब अलग-अलग होते हैं।
एक समय ऐसा भी आता है जब यह सत्य अपने प्रतिद्वन्द्वी असत्य के सारे दावों और कसमों को झुठलाता हुआ सबके सामने शान्त भाव से आकर खड़ा हो जाता है। सत्य किसी के भी समक्ष झुक नहीं सकता। न ही वह अपनी गर्दन कदापि झुका सकता है। उस समय वह असत्य के बखिए उधेड़कर रख देता है। तब उस असत्य को अपनी सफाई में कुछ भी कहने का मौका ही नहीं देता।
इस संसार में लोग बड़ी सफाई से एक-दूसरे को झूठ परोसकर इतराते हैं कि सामने वाले को उन्होंने मूर्ख बना दिया है। फिर अपनी इस तथाकथित सफलता पर वे बहुत प्रसन्न भी होते हैं। किसी ओर की प्रतीक्षा किए बिना ही अपने उठाए गए साहसिक कदम के लिए वे स्वयं ही अपनी पीठ को थपथपा लेते हैं।
एक ओर जहाँ दूसरों के साथ झूठ का व्यवहार करके मनुष्य गर्व का अनुभव करता है, वहीं दूसरी ओर स्वयं दूसरों के द्वारा झूठ से मूर्ख बनते समय वह अपना आपा खो देता है। उस समय उसकी कोई मित्रता शेष नहीं बचती, केवल शत्रुता ही परवान चढ़ती है। वह असत्यवादियों से आजन्म सम्बन्ध तोड़ लेने की कसमें खाने लगता है। उसके मन में अविश्वास के अँकुर पनपने लगते हैं।
तब उन्हें विस्मृत हो जाता है कि इसी असत्य के कार्य-व्यवहार से उन्होंने दूसरे को हानि पहुँचाई थी। उस समय उनकी अपनी नैतिकता कहाँ चली गई थी? ऐसा तो कदापि नहीं हो सकता कि कोई बात नहीं अपना असत्य तो सत्य है पर दूसरे का असत्य मैं क्यों झेलूँ?
समाज में लेन देन के बाट जब तक भिन्न रखे जाएँगे तब तक यह कलह-क्लेश और मनमुटाव होता रहेगा। इनमें जब एकरूपता हो जाएगी तो निस्सन्देह स्वयं ही बहुत सारी समस्याएँ स्वतः समाप्त हो जाएँगी।
सत्य में बहुत अधिक शक्ति होती है। सत्यवादी की जिह्वा पर मानो सरस्वती का वास होता है। उसका हर कथन पत्थर की लकीर होता है। परन्तु असत्य का व्यवहार करने वाले की बात पर न कोई विश्वास करता है और न ही कोई उसे कोई महत्त्व देता है। इसलिए मनुष्य को हर शब्द तौलते हुए अपने मुँह से बाहर निकालना चाहिए। अन्त में यही कहना चाहती हूँ कि सत्यसदा विजयी होता है, असत्य नहीं -
सत्यमेव जयते नानृतम्।
चन्द्र प्रभा सूद
Email : cprabas59@gmail.com
Twitter : http//tco/86whejp
शुक्रवार, 14 अप्रैल 2017
सत्यमेव जयते नानृतम्
गुरुवार, 13 अप्रैल 2017
अभिनव प्रयोग करें
सभी शास्त्र
और वैज्ञानिक
कहते हैं सदियों से
गोल है यह धरती एक गेंद की तरह।
चलो आज
हम सब लोग
इस धरती के वासी
उछाल दें इसे दूर आसमान की ओर।
शायद अब
नव निर्माण हेतु
एक नवीन प्रयास
एक अभिनव प्रयोग करके देख लेते हैं।
हो सकता है
हमारी पृथ्वी से
बहुत दूर चले जाएँ
सदा के लिए बढ़ते हुए ये मनोमालिन्य।
कम हो जाएँ
या शायद फिर
समाप्त ही हो जाएँ
दिलों में छा गई ये दूरियाँ दिन-प्रतिदिन।
बह निकलें
एक बार फिर से
ठण्डी-मीठी नेह की
धाराएँ बहाती हुई नदियाँ घर-आँगन में।
यह सुन्दर-सी
शस्य श्यामला
धरती माता हमारी
बन जाए स्वर्ग से भी अधिक सुखदायी।
चन्द्र प्रभा सूद
Email : cprabas59@gmail.com
Twitter : http//tco/86whejp
बुधवार, 12 अप्रैल 2017
आधुनिक युग की देन अवसाद
डिप्रेशन या अवसाद आधुनिक भौतिक युग की देन है। हर इन्सान वह सब सुविधाएँ पाना चाहता है जो उसकी जेब खरीद सकती है और वे भी जो उसकी सामर्थ्य से परे हैं। इसलिए जीवन की रेस में भागते हुए हर व्यक्ति अपने आप में इतना अधिक व्यस्त रहने लगा है कि सामाजिक, धार्मिक और पारिवारिक गतिविधियों के लिए उसके पास समय ही नहीं बचता। इसीलिए आज डिप्रेशन की समस्या बढ़ती जा रही है। वृद्ध और युवा तो इसकी चपेट में आ ही गए हैं, इसने बच्चों तक को नहीं छोड़ा, उनको अपने जाल में फंसा लिया है।
जब वह पीछे मुड़कर देखता है तो स्वयं को नितान्त अकेला पाता है। इसका कारण है कि अपनों को तो पता नहीं कब का पीछे छोड़ आया होता है। यही नामुराद अकेलापन उसके जीवन के लिए सबसे बड़ा अवसाद का कारण बन जाता है।
इस अकेलेपन के कई और भी कारण हो सकते हैं। पति या पत्नी की मृत्यु के बाद, तलाक के बाद पुनर्विवाह न करना, माता-पिता की अत्यधिक व्यस्तता के कारण बच्चों में, आफिस में किसी के द्वारा किया गया दुर्व्यवहार, वृद्धावस्था आदि में भी इस अकेलेपन की समस्या आड़े आती है।
अनावश्यक ही अधिक सोचते रहने के कारण मनुष्य की अपने जीवन के प्रति नकारात्मक अवधारणा बनाने लगती है। वह ऐसी अपेक्षाएँ करता है जो वास्तव में पूर्ण होनी असम्भव होती हैं। जब उसकी अपेक्षाएँ अधूरी रह जाती हैं तो वे उसे अन्तर्मन की गहराइयों तक तोड़ देती हैं। ऐसी स्थिति में खाना-पहनना, घूमने जाना, हास-परिहास आदि उसे कुछ भी नहीं सुहाता। वह बस उल्टा-सीधा सोचता रहता है। ऐसे में उसके मन का उपचार करने की भी आवश्यक होती है। मन को नकारात्मक बनाने के स्थान पर उसे वास्तविकता के धरातल पर लाना आवश्यक होता है।
यह अवसाद यदि लम्बे समय तक बना रहे तो मन-मस्तिष्क को हानि पहुँचाता है। भावनात्मक परिवर्तन शरीर पर स्थाई एवं अस्थाई प्रभाव छोड़ते हैं। परेशानी इस कारण होती है कि मस्तिष्क का आकार घटने लगता है। शरीर में कुछ रासायनिक परिवर्तन होने लगते हैं।
अवसादग्रस्त जीवन के प्रति अरुचि जैसे लक्षण उभरने लगते हैं। यह अवस्था अधिक समय तक नहीं बनी रहती अपितु कुछ समय पश्चात स्वत: सामान्य हो जाती है। कई मानसिक रोगी तनावग्रस्त होने पर अधिक खाने लगते हैं। उनकी मानसिक एकाग्रता नष्ट हो जाती है। वे हर बात को भूलने लगते हैं और अनिर्णय की स्थिति में पहुँच जाते हैं। उनके विचारों की स्पष्टता खत्म हो जाती है व गडमड होने लगते हैं।
प्राचीनकाल से ही हमारे भारतीय मनीषी सकारात्मक सोच रखने की शिक्षा देते रहे। इसकी मनुष्य के शारीरिक, मानसिक और आत्मिक स्वास्थ के लिए बहुत जरूरत होती है।
इन सकारात्मक विचारों से शरीर की ग्रंथियाँ अधिक सक्रिय होकर काम करने लगती हैं। हारमोन्स का प्रवाह शरीर को स्फूर्ति प्रदान करता है जिससे भरपूर नींद आने लगती है और मन व मस्तिष्क को सुकून मिलता है। फिर से जीवन के प्रति उत्साह होने लगता है। तब यही दुनिया जो पहले बदसूरत दिखाई देती थी, सुन्दर लगने लगती है। चिंता, तनाव अथवा अवसाद बढ़ जाने की स्थिति में किसी योग्य चिकित्सक का परामर्श लेना आवश्यक होता है। अन्यथा व्यक्ति के मानसिक सन्तुलन खो जाने में अधिक समय नहीं लगता।
इस अवसाद से मुक्त होने के लिए सद् ग्रन्थों का स्वाध्याय करना चाहिए, सज्जनों की संगति में रहना चाहिए और ईश्वर का ध्यान लगाना चाहिए। यौगिक क्रियाएँ भी लाभदायक होती हैं। इन सबसे बढ़कर मनुष्य को स्वयं को सामाजिक कार्यों में व्यस्त रखना चाहिए। सबके साथ मिलना-जुलना चाहिए और हो सके तो किसी हाबी में समय बिताना चाहिए।
ईश्वर पर विश्वास सदैव आत्मिक बल देता है। अवसाद ग्रस्त व्यक्ति को यह विश्वास करवाना चाहिए कि ईश्वर उसका अपना है। वह उसकी रक्षा करेगा, दुख दूर करेगा, सहायता करेगा और कल्याण भी करेगा। ईश्वर पर दृढ़ विश्वास रखने वाले को कभी अवसाद हो नहीं सकता। यदि दुर्भाग्यवश कभी ऐसी स्थिति बन जाती है तो वह शीघ्र ही उस अवसाद से बाहर निकल आता है।
चन्द्र प्रभा सूद
Email : cprabas59@gmail.com
Twitter : http//tco/86whejp
मंगलवार, 11 अप्रैल 2017
धोखा देने वाले को सुख नहीं
किसी भी व्यक्ति को जाने-अनजाने कभी कष्ट अथवा धोखा नहीं देना चाहिए। वह समझता है कि दूसरों को ठगकर अथवा परेशान करके वह अपने लिए खुशियाँ या सुख एकत्र कर रहा है। परन्तु यह उसकी भूल होती है। इस तरह का व्यवहार करके न वह खुशियाँ बटोर सकता है और न ही वास्तव में धन कमा पाता है। हाँ, ऐसा करके मनुष्य अपने जीवन में स्वयं के लिए काँटे बोता चला जाता है।
यह तो जग में उल्टी रीत कहलाएगी। जबकि होना यह चाहिए कि अपने साथ अनुचित व्यवहार करने वालों को क्षमा कर देनी चाहिए। कबीरदास जी ने इस विषय पर कहा है -
जो तोको काँटा बुवै ताहे बोव तू फूल।
तोको फूल के फूल हैं वाको हैं तिरशूल।।
यानी अपनी तरफ से किसी का बुरा नहीं करना चाहिए और यदि कोई फिर भी गलत करे तो उसे काँटों की तरह कष्ट पीड़ित करते हैं। सदा दूसरों का शुभ करने वालों की फूलों के समान चहुँ ओर सुगन्ध फैलती है। उसे मानसिक सन्तोष मिलता है जो दुनिया के हर भौतिक ऐश्वर्य से बढ़कर होता है।
ऐसे कुकृत्यों से दूसरे मन को जो भी पीड़ा होती है, उसका भुगतान मनुष्य को स्वयं ही करना पड़ता है। कबीरदास जी ने चेतावनी देते हुए कहा है -
दुर्बल को न सताइए जाकी मोटी हाय।
बिना साँस की चाम से लौह भस्म हो जाय।।
अर्थात निर्जीव धौंकनी को जब कोई लुहार चलता है तो उससे आग और अधिक प्रज्जवलित होती है। उस समय वह कठोर लोहे को भी गला देती है।
तात्पर्य मात्र इतना है कि जिसे मनुष्य बेबस या कमजोर समझकर कष्ट देता है, उसके मन की पीड़ा से वह अछूता नहीं रह सकता। उसे उसका कुफल भुगतना ही पड़ता है। इससे बचाव का कोई मार्ग नहीं रह जाता। इसलिए दूसरों का सम्मान को कभी दागदार करने का प्रयास नहीं करना चाहिए और न ही किसी असहाय की हाय भी नहीं लेनी चाहिए। यदि मनुष्य ऐसा करने से बच सके तो उससे बड़ा कोई नहीं।
मनुष्य को कभी किसी की मजबूरी अथवा विवशता का लाभ नहीं उठाना चाहिए। मजबूरी ऐसी चीज है जो किसी से कुछ भी करवा सकती है। ऐसी स्थिति आ जाने पर इन्सान लाचार होकर स्वयं को भी बेच देता है यानी बन्धुवा मजदूर बन जाता है। मनुष्य अपने दीन-ईमान तक का सौदा कर बैठता है। यहाँ तक कि वह अपनों और अपने देश तक के रहस्यों को शत्रुओं को बेच देने में भी परहेज नहीं करता। केवल अपनी विपरीत स्थितियों से पार पा जाने की मजबूरी और जिन्दगी से लड़ने की जद्दोजहद ही इसका प्रमुख कारण प्रतीत होता है।
सोशल मीडिया और समाचार पत्रों में कई बार ऐसा समाचार पढ़ा-सुना है कि विवशता के कारण माता-पिता अपने जिगर के टुकड़ों को बेच देते हैं। आज के वैज्ञानिक युग में जहाँ एक ओर मानवाधिकारों की चर्चा जोर पकड़ रही है, वहीं दूसरी ओर बहुत से असहाय लोग गुलामों से भी बदतर बन्धुआ मजदूर का सा जीवन जी रहे हैं। यह हमारे सभ्य समाज के मुँह पर एक करारा तमाचा जड़ने जैसा कार्य हो कहा जा सकता है।
मनुष्य को हर कदम पर सचेत रहना चाहिए। उसे सदा इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि वह जाने अथवा अनजाने किसी के सन्ताप का कारण न बने। यदि दुर्भाग्यवश कभी उससे गलती हो भी जाए तो अपने तथाकथित अहं को एक किनारे रखकर अपनी उस भूल को सुधारने का एक प्रयास उसे अवश्य कर लेना चाहिए। इससे उसका कद और ऊँचा हो जाएगा, उसका मान नहीं कम होगा।
मनुष्य को मानव का यह जन्म बहुत कठिनता से मिलता है। इसे अनावश्यक ही व्यर्थ के झगड़ों, ईर्ष्या, द्वेष, वैमनस्य में नहीं गँवाना चाहिए। जहाँ तक सम्भव हो अपने जीवन को देश, धर्म और समाज के हित में लगाकर मनुष्य को अपना इहलोक और परलोक सुधारना चाहिए।
चन्द्र प्रभा सूद
Email : cprabas59@gmail.com
Twitter : http//tco/86whejp
रविवार, 9 अप्रैल 2017
देखकर अनदेखा करना
हमारे आसपास प्रतिदिन बहुत कुछ घटित होता रहता है। इसमें से कुछ ऐसा हो जाता है जो अपनी छाप सबके हृदयों पर छोड़ जाता है और कुछ ऐसा भी होता है जिसे हम अनावश्यक मानकर अनदेखा कर देते हैं अथवा शीघ्र भूल जाते हैं। सभी घटनाएँ जीवन के क्रम को बाधित नहीं कर सकतीं। कुछ घटनाओं से सीख लेकर हम आगे बढ़ जाते हैं जो जीवन की दिशा और दशा ही बदल देती हैं।
पूरे विश्व में कई भौतिक आश्चर्य हैं जिन्हें देखने के लिए जन सैलाब उमड़ता रहता है। इसी प्रकार प्राकृतिक सौन्दर्य चारों ओर बिखरा हुआ है। उसका आनन्द उठाने वाले भी बहुत से सैलानी हैं। परन्तु इन सबसे बड़ा आश्चर्य है अपने आसपास होने वाली मृत्यु को प्रत्यक्ष देखकर भी हम सभी अनदेखा करते हैं। यह मृत्यु दुनिया मे अपरिवर्तनशील है।
सभी यही सोचते हैं कि जाने वाला तो चला गया है, हम थोड़े ही जाने वाले हैं। हम तो मानो संसार में सदा रहने के लिए पट्टा लिखवाकर आए हैं। हमें कोई हिला नहीं सकता। इसलिए मनुष्य शुभ-अशुभ कर्म करने से घबराता नहीं है। उसे अपनी गलतियाँ कभी नजर नहीं आतीं। वह बेधड़क अपनी योजनाओं और षडयन्त्रों को अन्जाम देता रहता है और सुख-दुख के झूले में झूलता रहता है।
महाभारत में एक प्रसंग आता है कि युधिष्ठिर आदि पाण्डव तेरह वर्ष के लिए जंगल में भटक रहे थे। प्यास के कारण वे परेशान थे। उस समय भीम, अर्जुन, नकुल और सहदेव चारों भाई क्रमशः पानी की तलाश में जाते हैं। उन्हें एक तालाब दिखाई देता है जिसका स्वामी एक यक्ष होता है। पानी लेने से पहले यक्ष सबसे प्रश्न पूछता है और उसका उत्तर न दे पाने के कारण वे बेहोश हो जाते हैं। अन्त में युधिष्ठिर पानी के लिए जाते हैं।
यक्ष ने युधिष्ठिर से भी कई प्रश्न पूछे। उनमें से एक था - 'इस जगत में सबसे बड़ा आश्चर्य क्या है?'
इस प्रश्न का उत्तर देते हुए महाराज युधिष्ठिर ने कहा था - 'प्रतिदिन हजारों-लाखों लोग मरते हैं। इसे सभी लोग देखते हैं, फिर भी सबको अनन्त-काल तक जीते रहने की इच्छा होती है।'
यक्ष का महाराज युधिष्ठिर से यह प्रश्न करना वास्तव में बहुत ही समीचीन है। जितना यह तब सत्य था, उतना ही आज भी है। अतः इसे हम सार्वभौमिक सत्य की श्रेणी में रख सकते हैं। यदि क्रियात्मक रूप से देखा जाए तो इस सत्य कोई भी इन्कार नहीं कर सकता। मनीषियों ने इसीलिए इसे श्मशान वैराग्य की श्रेणी में रखा हैं।
अपने प्रिय बन्धु-बान्धवों की मृत्यु के उपरान्त उनका संस्कार करने के लिए उन्हें श्मशान ले जाते हैं। जब वहाँ उस शव को अग्नि को समर्पित करते हैं तब मन में यही भाव आता है कि इस संसार में कुछ नहीं रखा है। एक दिन सभी को यहीं आना है। दुनिया के सारे कार्य-व्यवहार का कोई लाभ नहीं। खून-पसीने से कमाई हुई यह धन-दौलत भी कोई अपने साथ लेकर नहीं जा सकता।
मनुष्य खाली हाथ इस संसार में आता है और खाली हाथ ही विदा हो जाता है। आँख मूँदते ही सारी मारधाड़, सारी मेहनत एक झटके में धरी-की-धरी रह जाती है। अपना वही है जो शुभ कार्यों में व्यय कर दिया गया। ईश्वर की माया समझ ही नहीं आती कि वह हमसे क्या चाहता है। ऐसे दार्शनिक विचार हर किसी के मन को मथते हैं।
श्मशान से बाहर निकलते ही एक पल में सारा दर्शन छूमन्तर हो जाता है। उस समय घर, परिवार, कार्यक्षेत्र आदि की समस्याएँ मुँह बाए खड़ी दिखाई देने लगती हैं। कुछ पल पहले के विचार न जाने मन के किस कोने में दफन हो जाते हैं। मनुष्य उन विचारों को अपने मन से झटककर पुनः दुनिया में रम जाता है। वह क्षणिक वैराग्य उसके पैर की बेड़ी नही बन पाता। वास्तव में इससे बड़ा आश्चर्य नहीं हो सकता।
चन्द्र प्रभा सूद
Email : cprabas59@gmail.com
Twitter : http//tco/86whejp
शनिवार, 8 अप्रैल 2017
ईश्वर का स्वरूप
सम्पूर्ण ब्रह्माण्ड को चलाने वाली सत्ता के विषय में हर इन्सान को जिज्ञासा रहती है। हमारे ग्रन्थ मानते हैं कि ईश्वर इस ब्रह्माण्ड का संचालन करता है। वही इसे बनाने और मिटाने वाला है। यानी जन्मदाता, पोषक और संहारक वही ईश्वर है। इसके विपरीत कुछ लोग इस ईश्वरीय सत्ता को चुनौती देते हुए उसके अस्तित्व को ही नकार देते हैं। वे मानते हैं कि ईश्वर नाम की कोई शक्ति नहीं है जो संसार को चलाती है। अलबत्ता 'कोई शक्ति सृष्टि को चलाती है' इसे मानने में उन्हें गुरेज नहीं होता।
संसार में मनुष्य जब जन्म लेता है तब से उसके मन में यह भाव बार-बार भरा जाता है कि उसे ईश्वर ने इस धरा पर भेजा है। इसलिए सदा उससे डरना चाहिए और उसकी पूजा-अर्चना करनी चाहिए। यानी ऐसा कहने और मानने वाले लोग परमपिता परमात्मा की सत्ता को स्वीकार करते हैं। अपने अच्छे-बुरे हर समय का उत्तरदायी उसे ही मानते हैं। अपने सभी कर्म उसे ही समर्पित करते हैं।
यदि उस ईश्वरीय सत्ता के अस्तित्व को हम स्वीकार कर लेते हैं तब कुछ ऐसे अनसुलझे प्रश्न मन को मथते रहते हैं। जैसे क्या ईश्वर है? यदि ईश्वर है तो उसका स्वरूप कैसा है? उसका रूप स्त्री का है या पुरुष का? किसने इस संसार की रचना की और क्यों की? इस संसार को चलाने वाला कौन है? यह संसार नष्ट क्यों हो जाता है?
हम कह सकते हैं कि ईश्वर है। जिस प्रकार लकड़ी को देखकर अग्नि का बोध नहीं होता, उसी तरह ब्रह्माण्ड को देखकर भी परमात्मा के होने का रहस्य समझ में नहीं आता। वह इस सृष्टि के कण-कण में विराजमान हैं। हर जीव में, प्रकृति की हर वस्तु में वह विद्यमान है। उसे मनुष्य इन भौतिक चर्म चक्षुओं से नहीं देख सकते। उसे देखने के लिए साधना करनी पड़ती है, तब वह दिखाई देता है।
उसका स्वरूप दिखाई नहीं देता। कुछ लोग उसे निराकार मानते हैं और कुछ उसे साकार मानकर, उसकी मूर्ति बनाकर उसकी पूजा करते हैं। वास्तव में सत्य यही है कि वह ईश्वर निराकार है और मात्र एक प्रकाशपुञ्ज है। उसे देख पाना बहुत ही कठिन कार्य है। सभी धर्मों का यही मानना है कि हर प्रकार की साधना के बाद उसका प्रकाश ही शेष रह जाता है।
वह न स्त्री है और न ही पुरुष। व्यक्ति की अपनी इच्छा है, वह चाहे जिस भी रूप में उसे माने। वैसे उसे जगज्जननी कहा जाता है। जैसे हर बच्चे का तार माँ से जुड़ा रहता है वैसे ही सभी जीवों का उस जगत माता से जुड़ाव होता है। भौतिक माता की तरह सभी उस माता से रूठते-मानते हैं, शिकवा-शिकायत करते हैँ, हर मनोकामना पूरी करने की प्रार्थना करते हैं। यानी यदि उसे माता मानकर उससे गुहार लगाएँ तो उसका फल शीघ्र मिलता है।
मन यह पहेली सुलझाना चाहता है कि इस सृष्टि की रचना करने की मालिक को क्या आवश्यकता थी? ऋग्वेद का नासदीय सूक्त इस विषय पर प्रकाश डालता है। जिस तरह कारण के बिना कोई कार्य नहीं हो सकता, उसी तरह यह संसार उस कारण के अस्तित्व का प्रमाण है। जब उसकी इच्छा हुई तब उसने इस सृष्टि की रचना की।
जब उस परमेश्वर ने सृष्टि को रचा तो उसका भरण-पोषण भी वही करता है। हर जीव को भेट भरने के लिए वह खाना देता है। वह हाथी जैसे विशालकाय और मच्छर जैसे छोटे सभी जीवों उनका भोज्य देता है। किसी को भी भूखा नही रखता। शेष जीव के अपने कृत कर्म होते हैं जिनके फलस्वरूप वह किसी भी प्रकार के कष्ट झेलने के लिए विवश होता है।
ईश्वर के स्वरूप के विषय वेदादि शास्त्र उसे 'नेति नेति' कहते हैँ। अर्थात ईश्वर यह भी नहीं हैं, यह भी नहीं है। सार रूप में मात्र इतना कह सकते हैं कि उसके रूप और गुणों का चित्रण इस मानव के वश की बात नहीं है। उस समय यह वाचाल वाणी बोलने नहीं सकती, हाथ कुछ लिख नहीं सकते। गूँगे के द्वारा खाए गए जैसे गुड़ की मिठास का वर्णन करना असम्भव होता है, उसी प्रकार मनुष्य की भी स्थिति होती है।
चन्द्र प्रभा सूद
Email : cprabas59@gmail.com
Twitter : http//tco/86whejp
शुक्रवार, 7 अप्रैल 2017
दुःख-सुख की रचना क्यों
मानव अपने जुड़वाँ सहोदरों की तरह सुख और दुख दोनों के साथ इस संसार में जन्म लेता है। ये दोनों मानो आजन्म बाडीगार्ड की तरह उसके अगल-बगल, उसकी परछाई बनकर चलते हैं। इनसे छिप जाना अथवा नजरें चुराकर कहीं भागकर चले जाना मनुष्य के लिए कदापि सम्भव नहीं है। यह सब कर पाना उसके वश की बात नहीं है।
सुख और दुख मनुष्य के जीवन में अहं किरदार निभाते हैं। अब विचार यह करना है कि दुख क्या है और सुख क्या है? ईश्वर ने इन दुःखों और सुखों की रचना किसके लिए की है? इस संसार में कौन व्यक्ति दुःखी है और कौन सुखी है? किसके खो जाने पर दुःख नहीं होता? ऐसा कौन-सा एकमात्र उपाय हो सकता है जिसे अपनाकर मनुष्य का जीवन लम्बे समय तक सुखी रह सकता है?
इस असार संसार में दुःखों का मूल कारण मनुष्य के मन में पनपने वाले काम, क्रोध, लोभ, मोह, अहंकार, स्वार्थ और भय की प्रवृत्ति होती है। इनके वश में रहने पर मनुष्य को सदा दुखों और परेशानियों का सामना करना पड़ता है। यदि वह अपनी इन कमजोरियों को नियन्त्रणित कर लेता है, उन्हें अपने ऊपर हावी नहीं होने देता तभी वह सुखी रह सकता है। मनुष्य का अच्छा स्वभाव ही उसके सुखी होने का उपाय है।
ईश्वर ने इस संसार की रचना की है। मनुष्य ने अपने विचारों और कर्मों से दुःख और सुख के व्यूह की रचना की है। वही अपने सुखों और दुखों का उत्तरदायी है, किसी अन्य व्यक्ति के माथे पर वह इसका दोष नहीं मढ़ सकता। मनुष्य कर्म करने में सर्वथा स्वतन्त्र है परन्तु उसके फल को भोगने में कदापि नहीं।
मनुष्य अपने जीवनकाल में जो कुछ भी स्याह-सफेद करता है, वह अपनी स्वयं इच्छा के अनुरूप करता है। उसमें किसी अन्य का दखल नहीं होता। यह बात और है कि वह किसी से प्रभावित होकर शुभाशुभ कर्म कर बैठता है जिसकी भरपाई उसे सुख-समृद्धि प्राप्त करके अथवा कष्ट-परेशानियाँ भोगकर स्वयं ही करनी होती है।
इसका कारण है कि मनुष्य की हर क्रिया, उसके हर कार्य का एक परिणाम है। परिणाम अच्छा भी हो सकता है, भयंकर भी हो सकता है। मनुष्य के पूर्वजन्मों में किए गए कर्म सञ्चित होकर उसके भाग्य का निर्माण करते हैं। यह भाग्य प्रत्येक जन्म में जीव के साथ-साथ चलता है। उसी के आधार पर समयानुसार उसे दुख और सुख आदि की प्राप्ति होती है।
मनुष्य की यह भूल होगी यदि वह ईश्वर को सुख और दुख का कारक मानता है। ईश्वर मनुष्य के खाते में इन्हें नहीं जोड़ता बल्कि मनुष्य अपने कर्मों से उनका संग्रह करता है। वास्तव में जैसे भी कर्म मनुष्य आज अपने खाते में जोड़ता है, वे ही कर्म आने वाले कल मे उसका भाग्य बन जाते हैं। ईश्वर की इसमें कोई भूमिका नहीं है, मनुष्य स्वयं ही उत्तरदायी है।
ईश्वर समय-समय पर मनुष्य को दुष्कर्म न करने की चेतावनी देता रहता है और सत्कर्म करने के लिए प्रोत्साहित करता है। मनुष्य स्वयं को ऐसा महान तथाकथित ज्ञानी मानता है जो ईश्वर को अपने अहं के कारण कुछ भी नहीं जानता और समझता। वह अपनी बुद्धि को सबसे ऊपर मानता है। ईश्वर सहित सारा संसार उसके समक्ष मानो पानी भरता है।
सुखों और दुखों के मकड़जाल में मनुष्य अपनी मूर्खताओं के कारण फँसता है। न वह ईश्वरीय चेतावनी पर ध्यान देता है, न हीं अपने मनीषियों से कुछ सीखना चाहता है और न ही अपने शास्त्रों की शिक्षाओं पर चलना चाहता है। इन सबके अतिरिक्त वह अपने मद के कारण न्याय-व्यवस्था से भयभीत होता है। वह स्वयं ही दुखों, कष्टों और परेशानियों को न्यौता देता है। फिर ईश्वर सहित सारे जमाने को पानी पी-पीकर कोसता रहता है।
चन्द्र प्रभा सूद
Email : cprabas59@gmail.com
Twitter : http//tco/86whejp