आवागमन के चक्र से मुक्ति
अपने दुखों, कष्टों और परेशानियों से मुक्ति पाने के लिए ही मनुष्य को भगवान याद आते हैं। अपनी पीड़ा से छुटकारा पाने के लिए हर इन्सान ईश्वर को याद करने लगता है। यदि सुख में प्रभु को याद किया जाए तो मनुष्य के पास दुख नहीं आता। यानी ईश्वर के स्मरण से उसका आत्मिक बल बढ़ जाता है। इसलिए उसमें दुखों से लड़ने, उनसे मुक्ति पाने की सामर्थ्य आ जाती है। इस तरह मानव का जीवन आनन्ददायक और सुखद बना जाता है।
प्रत्येक जीव में परमात्मा का वास है, इस देखना और समझना चाहिए। शरीर नश्वर है, इसलिए अपने इस क्षणभंगुर जीवन में कभी भी इस देह पर अभिमान नहीं करना चाहिए। जिसके मन में अभिमान का भाव आ जाता है, उसमें भगवान का वास नहीं हो सकता। दूसरे शब्दों में प्रभु उससे दूर होने लगता है। क्योंकि घमण्ड में आकर मनुष्य स्वयं को ही सर्वसमर्थ समझने लगता है। तब वह सोचता है कि उसे ईश्वर की कोई आवश्यकता नहीं है।
हर समय विषय और विकारों में डूबे रहने पर भी मनुष्य की इन्द्रियाँ कभी तृप्त नहीं होतीं। अपनी इन्द्रियों को शमन करने के चक्कर में फंसा हुआ मनुष्य अपने शरीर को रोगी बना लेता है। रोगग्रस्त हो जाने पर उसका मन हर समय अशान्त रहने लगता है। उस समय मानव को प्रभु का नाम सिमरन करने की सुध आती है।
सुखों की हिलोर में प्रायः लोग प्रभु को स्मरण करना ही नहीं चाहते। जहाँ वह दुखों से घिर गया वहीं मालिक की याद सताने लगती है। तब वह प्रभु के नाम का सिमरन करने लगता है। उसकी कृतघ्नता तो देखो, उस समय वह उस दाता को कष्ट से मुक्त करने के लिए रिश्वत तक देने की बात कहने लगता है।
कबीरदास जी ने इसीलिए मनुष्य को समझाते हुए कहा है-
दुख में सुमिरन सब करें सुख में करे न कोय।
जो सुख में सुमिरन करे, तो दुख काहे को होय।।
इस दोहे के माध्यम से कबीरदास जी मानव को चेतावनी दे रहे हैं। वे कहते हैं कि दुख के समय सब लोग प्रभु का स्मरण करते हैं परन्तु सुख में उसे कोई भी याद नहीं करता। यदि सुख में उसका स्मरण कर लिया जाए तो मनुष्य के पास कभी दुख आएगा ही नहीं।
इसका यह अर्थ कदापि नहीं लगाना चाहिए कि प्रभु का स्मरण करने मात्र से मनुष्य के सारे दुख कट जाऍंगे। अपने पूर्वजन्म कृत कर्मों से कोई जीव बच नहीं सकता, यही ईश्वरीय न्याय है। यही प्रभु का कठोर विधान है।
हमारे मनीषियों ने इस विषय में हमारा मार्गदर्शन किया है। वे कहते हैं कि हर समय यानी चौबीसों घण्टे मनुष्य को ईश्वर का स्मरण करना चाहिए। कैसी भी अवस्था क्यों न हो, सदा उसी की शरण में रहना चाहिए।
इसका कदापि यह अर्थ नहीं लगाना चाहिए कि दुनिया को बिसराकर बस धूनी रमाकर बैठ जाएँ। इसका सरल-सा अर्थ यही है कि अपने सभी दैनन्दिन कार्यों और दायित्वों का भली-भाँति निर्वहण करते हुए मनुष्य को सदा उस मालिक को याद करते रहना चाहिए।
सभी द्वन्द्वों को सहन करते हुए, अपने सम्पूर्ण शुभाशुभ कर्मो का फल उस मालिक को अर्पित करते रहना चाहिए। व्यवहार मे ऐसा करने वाला व्यक्ति कभी अभिमानी नहीं बन सकता। भगवान श्रीकृष्ण ने भी 'श्रीमद्भगवद्गीता' में यही उपदेश मनुष्य को दिया है कि-
कर्मण्येवाधिकारस्ते मा फलेषु कदाचन।
मा कर्मफलहेतुर्भूमा ते संगोSस्तवकर्मणि।।
अर्थात् केवल कर्म करना ही मनुष्य का अधिकार है, फल की कामना नहीं करनी चाहिए। कर्मफल का हेतु बनने पर मनुष्य में अकर्मन्यता का भाव आने लगता है।
'ईशावास्योपनिषद्' के प्रथम दो मन्त्र भी यही समझाते हैं। 'ईशोपनिषद्' का निम्न पहला मन्त्र हमें कहता है -
ईशावास्यमिदं सर्वंयत्किंच जगत्यां जगत्।
तेन त्यक्तेन भुंजीथा मां गृध: कस्यस्विद्धनम्।।
अर्थात् इस संसार में जो कुछ भी स्थावर-जंगम या चर-अचर जगत है, वह सब ईश्वर से आच्छादित या व्याप्त है। इसलिए उस त्यागपूर्वक भावना से ही उसका उपभोग करो। किसी के भी धन या सम्पत्ति का लालच मत करो।
'ईशावास्योपनिषद्' का दूसरा मन्त्र हमें समझाता हुआ कहता है -
कुर्वन्नैवेह कर्माणि जिजीविषेत् शतं समा:।
एवं त्वयि नान्यथेतोsस्ति न कर्म लिप्यते नरे।।
अर्थात् मनुष्य को इस लोक में कर्म करते हुए ही सौ वर्ष जीने की इच्छा करनी चाहिए। हे मनुष्य! तुम्हारे लिए इसके अलावा और कोई मार्ग नहीं है जिससे कर्म शुभ-अशुभ फल या बन्धन न प्रतीत हो।
यानी कर्म करते हुए सौ वर्ष जीने की कामना करनी चाहिए। कर्म किए बिना कोई चारा नहीं। ऐसा करने हुए भी मनुष्य कर्म में लिप्त नहीं होता।
दुख हो या सुख जो मनुष्य हर समय परमात्मा का स्मरण करता है उसके जीवन में सुख आए अथवा दुख वह हर स्थिति में समान रहता है। दोनों को प्रसाद समझकर ग्रहण करता है। जिसका मन उस निरंकार प्रभु से जुड़ा रहता है उसे ही परमात्मा की प्राप्ति हो सकती है, आवागमन के इस चक्र से मुक्ति मिल सकती है।
चन्द्र प्रभा सूद
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें