शनिवार, 17 जनवरी 2026

उत्तम प्रकृति के लोग

उत्तम प्रकृति के लोग

चन्दन वृक्ष की सुगन्ध और शीतलता के कारण अजगर जैसे विशाल विषधर उस पर लिपटे रहते हैं उस पर उनके विष का कोई प्रभाव नहीं पड़ता। उसी प्रकार उत्तम प्रकृति के महान लोगों पर भी बुरी सगति का कोई असर नहीं होता। रहीम जी ने इसी बात को बड़े सुन्दर शब्दों में कहा है-
    जो रहीम उत्तम प्रकृति , का करि सकत कुसंग।
     चन्दन विष व्यापत नहीं, लिपटे रहत भुजंग॥
अर्थात् चंदन की तरह ही उत्तम प्रकृति के लोग होते हैं जिनके ऊपर किसी भी प्रकार के विष का प्रभाव नहीं पड़ता। हम कह सकते हैं कि सज्जन व्यक्ति अपने उच्च गुणों के कारण बुरे लोगों के प्रभाव में आकर भी अपनी अच्छाई नहीं खोते।
          यह दोहा हमें सिखाता है कि हमें चन्दन के वृक्ष के समान बनना चाहिए। अपनी अच्छाइयों को परिस्थितियों या बुरे लोगों के प्रभाव में आकर नहीं छोड़ना चाहिए बल्कि हर हाल में अपने सद्गुणों को बनाए रखना चाहिए। चन्दन के पेड़ की यही विशेषता है कि इन विषधरों के लिपट जाने से इसकी महत्ता कम नहीं होती। यह सत्य है कि चन्दन के वृक्ष की न ही शीतलता कम होती है और न ही उसकी सुगन्ध को चारों दिशाओं में फैलने से कोई रोक सकता है।
           जिन लोगों में सतोगुण की अधिकता होती है अथवा जो सात्विक प्रवृत्ति के लोग होते हैं, उन्हें कोई भी संगति प्रभावित नहीं कर सकती। कुसंगति भी यदि उनके पास आती है तो शीतलता ही ढूँढती है। उनकी खुश्बू का आनन्द लेकर वह प्रसन्न होती है। उनके संसर्ग से वह अच्छाई की ओर अग्रसर होने लगती है।
             यह मैंने इसलिए कहा कि महापुरुषों की संगति में आकर बड़े खूँखार अपराधी भी सात्विक और शुद्ध हृदय बन जाते हैं। महर्षि वाल्मीकि, अंगुलिमाल डाकू आदि हमारे सामने प्रत्यक्ष उदाहरण हैं। रत्नाकर डाकू साधुओं की संगति में आने के पश्चात अमर रामकथा के रचयिता महर्षि वाल्मीकि बन गए। अंगुलिमाल डाकू महात्मा बुद्ध की शरण में आकर उनके प्रिय शिष्य बन गए थे। इसी प्रकार इतिहास के पृष्ठों को खंगालने पर हमें ऐसे कई और उदाहरण मिल जाएँगे।
           अब हमें विचार इस विषय पर करना है कि इन उत्तम प्रकृति के लोगों के पास ऐसा क्या होता है जो ये सबको बरबस अपनी ओर चुम्बक की तरह आकर्षित कर लेते हैं? वास्तव में ये लोग पारस पत्थर की तरह मूल्यवान होते हैं। इनके सम्पर्क जो एक बार आ जाता है तो वह क्या सोना बन जाता है। यानी बहुमूल्य बन जाता है।
            दूसरे शब्दों में कहें तो वह धीरे-धीरे अपने दुर्गुणों का त्याग करता हुआ इनकी छत्रछाया में महान बन जाता है। तब उसकी सुगन्ध भी चारों ओर फैलने लगती है। सद् गुणों को अपने में आत्मसात कर लेने की उसकी प्रवृति उसे महान लोगों की श्रेणी में लाकर खड़ा कर देती है। फिर उसके पास भी आकर लोग शीतलता पाते हैं। इसी प्रकार यह क्रम चलता रहता है।
          उत्तम प्रकृति के लोगो की महानता उनकी विशाल हृदयता, दूसरों के प्रति दया व सहानुभूति की भावना और बिना किसी भेदभाव के सबके कष्टों को हरने की इच्छा आदि गुणों के कारण होती है। लोग इन्हें इनके इन महान गुणों के कारण ईश्वर की पूजते हैं।
            जो भी दुखित या पीड़ित इनके द्वार पर अपनी समस्याओं को सुलझाने की याचना लेकर जाता है, उसे ये लोग कभी निराश नहीं करते। ये यथासभव उसे प्रसन्न करके ही भेजते हैं। आज के इस भौतिक युग में जहाँ लोगों के पास अपने लिए समय नहीं होता वहाँ इस प्रकार किसी के दुखों को दूर करने वाला महानुभाव मिल जाए तो यह बहुत बड़ी बात है।
          ईश्वर ऐसे लोगों को वरदान स्वरूप धरा पर अवतरित करता है। ये चन्दन की तरह अपनी सुगन्ध देश-विदेश में सर्वत्र फैलाते हैं। इनके पास आकर कोई भी व्यक्ति खाली हाथ निराश नहीं लौटता। इनकी शीतलता को अपने भीतर महसूस करता रहता है।
          सार रूप में मैं यही कहना चाहती हूॅं कि उत्तम प्रकृति के लोगों के पास यदि विषधर जैसा कुसंग भी आ जाए तो उन्हें कोई अन्तर नहीं पड़ता। वे उसके साथ भी सहृदयता का व्यवहार करते हुए शरण देते हैं। हमें यत्नपूर्वक ऐसे लोगों को ढूँढना चाहिए और उनकी सगति में रहकर महकना चाहिए।
चन्द्र प्रभा सूद 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें