मंगलवार, 20 मई 2025

जीवन वर्ग पहेली की तरह चोकोर

जीवन वर्ग पहेली की तरह चोकोर

जीवन एक वर्ग पहेली की तरह चोकोर है जिसे हम लोगों के लिए सुलझाना टेढ़ी खीर जैसा है। हमा में से कोई भी चोकोर होना नहीं चाहता। समस्या यह है कि हमारे चाहने से कुछ नहीं होता। हम अपना जीवन अपनी शर्तों पर जीना चाहते हैं पर हमारी नजरों से ओझल वह मालिक हम सबकी डोर थामे रहता है। हमें ईश्वर कठपुतलियों की तरह जैसा चाहे वैसा नाच नचाता रहता है। यद्यपि वह हमें हमारे कर्मों के अनुसार ही सब कुछ देता है परन्तु उसके न्याय को समझ पाना हम जैसे साधारण  लोगों के लिए सम्भव नहीं है।
         पहेली सुलझाते समय हम शब्द बनाते हैं व लिखते हैं पर फिट न बैठने पर उन्हें मिटाते हैं और सही शब्दों के बनने तक फिर-फिर यही क्रिया दोहराते हैं। उसी तरह हम सारा जीवन हम बार-बार गलतियाँ करते हैं और क्षमा याचना करके अपनी भूल सुधारना चाहते हैं। यह बात अलग है कि हम उसमें सदा सफल नहीं हो पाते।
          आयुपर्यन्त हम शुभ की कामना करते हैं। अपनी जिम्मेवारियों को निपटाने में जुटे रहते हैं। दिन-रात चौबीसों घण्टे जी तोड़ परिश्रम करते हैं और घर-परिवार, बन्धु-बान्धवों व समाज के प्रति अपने दायित्व निभाते हैं। जब हमें यह लगता है कि सारे दायित्वों से मुक्त होकर अब हम चैन की सांस लेंगे तब वह मालिक घण्टी बजा देता है और हमें अपने पास बुला लेता है।
          कहने का तात्पर्य यह है कि अपनी होश सम्हालने से लेकर मृत्यु पर्यन्त कोई ऐसा क्षण मानव जीवन में नहीं आता जब वह यह कह सके कि ये पल मैंने बड़े सुकून से गुजारे हैं। सारा समय जो मैंने गुजारा यह मेरा अपना है।
          चोकोर होने का अर्थ है कि एक ही ढर्रे पर जीवन जीना। दूसरे शब्दों में कहें तो नीरस जीवन व्यतीत होना। केवल एक ही प्रकार से जीवन यापन करना तो बहुत ही कठिन होता है। मानव मन हमेशा कुछ-न-कुछ नया चाहता है क्योंकि उसे नवीनता ही भाती है।
           हम एक ही आकृति को यदि बार-बार देखते रहें तो हम अपना आपा खोने लगते हैं। उसे उठाकर बाहर फैंक देना चाहते हैं अथवा बदल देना चाहते हैं। जीवन में यदि एकरूपता रहे तो भी मनुष्य परेशान हो जाता है। कभी-कभी डिप्रेशन का शिकार हो जाता है। फिर बस डाक्टरों के चक्कर और पैसे की बरबादी होने लगती है।
          चोकोर या वर्ग के अतिरिक्त और भी कई आकृतियाँ होती हैं। उसी प्रकार हमारे जीवन में भी बहुविध रंग एवं परिस्थितियाँ होती हैं। ये स्थितियाँ सुख-दुख, लाभ-हानि, जय-पराजय आदि के रूप में हमारे समक्ष आती हैं। इन अलग-अलग रंगों में रंगे हम कभी प्रसन्न होते हैं और कभी चीख-पुकार करते हैं। 
        कल्पना कीजिए कि यदि ईश्वर सबको एक ही जैसा रंग-रूप देता तो चारों ओर एक ही शक्ल व एक ही रंग के लोग दिखते तब कितना बोरिंग लगता। इसी तरह सभी लाल, काले, सफेद या नीले किसी एक ही रंग के कपड़े पहनते तो वातावरण कैसा दिखाई देता? तब सब कितना नीरस प्रतीत हो जाता। और यदि एक ही स्टाइल के या एक ही रंग के कपड़े सभी लोग पहनते तो यह सब भी अच्छा नहीं लगता।
           ऐसे ही यदि सभी लोग एक ही तरह के अन्न-फल खाते तब भी मनभावन न हो पाता। अगर सभी फल-फूल, पेड़-पौधे आदि एक ही रंग व लम्बाई-चौड़ाई यानी माप के होते तो प्रकृति कितनी बदरंग दिखाई देती। उसकी सुन्दरता उसकी विविधता में है।
          ईश्वर की बनाई हुई इस सृष्टि में हर प्रकार की जो विविधता दिखाई देती है, वह आकर्षक होती है। वह हमेशा हमें मोहित करती है। संसार में रहते हुए हम ईश्वरीय चमत्कारों से चमत्कृत होते रहते हैं। हम ईश्वर के इस विधान में कोई कमी नहीं निकाल सकते। अपने जीवन में होने वाले ऊबाऊपन का त्याग करके हमें उसका अनुग्रहीत होना चाहिए जिसने इस जीवन में हमें सब कुछ दिया है।
चन्द्र प्रभा सूद 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें