रविवार, 29 मार्च 2015

पंचमहायज्ञ

हमारे शास्त्र हमें प्रतिदिन पञ्च महायज्ञ करने का निर्देश देते हैं। वे हैं- ब्रह्मयज्ञ, देवयज्ञ, पितृयज्ञ, अतिथियज्ञ या भूतयज्ञ और बलिवैश्व देव। प्रत्येक गृहस्थ के लिए इन पाँचों महायज्ञों का अनुपालन करना आवश्यक माना जाता है।
        इन यज्ञों के नाम पढ़कर कदाचित आप सोच रहे हैं कि शास्त्र क्या करने के लिए कह रहे हैं। निश्चिंत रहिए इन सभी यज्ञों को हम नित्य करते हैं परन्तु शायद अनजाने में और बिना नियम के। इनके विषय में आप जानिए।
         सबसे पहला यज्ञ कहा गया है- ब्रह्मयज्ञ। इसका अर्थ है प्रातः उठकर नित्य-नैमित्तिक कार्यों से निपटकर ईश्वर की उपासना करनी चाहिए। उसके बाद दुनिया के झमेले निपटाने चाहिएँ। जिसने इस संसार में जन्म दिया है उसकी स्तुति करते हुए उसका धन्यवाद करना चाहिए। वैसे इस भौतिक संसार में रहते हुए यदि कोई हमारी सहायता करता है या हमें लाभ पहुँचाता है तो हम शिष्टाचारवश उस मनुष्य को कृतज्ञता ज्ञापन करते हुए धन्यवाद देते हैं। जिस परमपिता परमात्मा ने इस धरती पर जन्म देकर हम पर महान उपकार किया है उसका आभार तो हमें प्रकट करना ही चाहिए। यह हमारा नैतिक दायित्व है जिसकी अपेक्षा शायद वह प्रभु भी हमसे करता होगा।
         दूसरा यज्ञ ऋषियों ने बताया है- देवयज्ञ। इसका अर्थ है सज्जनों की संगति करना। दूसरा अर्थ है सभी देवों को उनका भाग दिया जाए। सभी देवों से तात्पर्य है प्रकृति के कहे जाने वाले वे सभी देव जिनसे हम प्रतिदिन ग्रहण करते रहते हैं। दूसरे शब्दों में सूर्य जो हमें प्रकाश व ताप देता है, इन्द्र यानि बादल जिनके बरसने से हमें खाने के लिए अनाज व पीने के लिए जल मिलता है, वृक्ष जो हमें फल व छाया देते हैं। ये कुछ नाम गिनाए हैं इसी प्रकार अन्य सभी देव हैं।
         हमारा अपना परिवेश भी है जिसमें हम बदबू व गंदगी फैलाते हैं। इन सबको उनका भाग यज्ञ-हवन करके दे सकते हैं। यज्ञ की सामग्री, धूप व अगरबत्ती जलाकर इस यज्ञ को किया जाता है।
        तीसरा महायज्ञ पितृयज्ञ कहा गया है। जो अपने माता-पिता की सेवा करने के लिए कहता है। इसका अर्थ है उनकी सारी आवश्यकताओं को उनके बिना कहे पूरा करना व उन्हें यथोचित सम्मान देना जो उनको मिलना चाहिए। माता-पिता हमें इस संसार में लाकर हम पर महान उपकार करते हैं। उनके इस ऋण को हम आजन्म उनकी सेवा करके भी नहीं चुका सकते। यह हमें हमेशा याद रखनी चाहिए।
        चौथा यज्ञ है अतिथियज्ञ। हमारे घर में आने वाले साधु-संतो, मित्रों-संबंधियों आदि का यथोचित आदर-सत्कार करना अतिथियज्ञ कहलाता है। इस यज्ञ को करने का एक विशेष प्रयोजन है। वह यह है कि मनुष्य सामाजिक प्राणि है और अकेला नहीं रह सकता। इसलिए वह समाज से बहुत कुछ लेता रहता है। अत: मनुष्य का कर्त्तव्य बनता है कि वह समाज के हित के कार्य करे। अतिथि का सत्कार करना उसी का ही एक रूप है।
        पाँचवाँ है बलिवैश्वदेव यज्ञ जिसमें प्रतिदिन जो भी भोजन घर में बनाया जाए उसमें नमकीन, खट्टे और खार अन्न को छोड़कर घी और मीठे से युक्त अन्न को चूल्हे से अग्नि लेकर आहुति देते हैं। आजकल चूल्हे हैं नहीं तो वह अन्न चींटियों को भी डाल सकते हैं।
       इस प्रकार नियमपूर्वक इन यज्ञों को करने से हम अपने दायित्वों की पूर्ति कर सकते हैं जिससे हमें आत्मिक सुख मिलता है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें