सोमवार, 4 अगस्त 2025

जैसा राजा वैसी प्रजा

जैसा राजा वैसी प्रजा 

हम सब अक्सर सुनते हैं-  
            यथा राजा तथा प्रजा
अर्थात् इस उक्ति का अर्थ है कि प्रजा वैसी ही बन जाती है जैसा उस देश का राजा होता है। सत्ता पर आसीन राजा के चाल-चलन अथवा चरित्र का प्रभाव प्रजा पर अवश्य पड़ता है।
          आजकल शासनकर्त्ता राजा तो रहे नहीं हैं परन्तु सत्ता जिसके अधिकार में है या जो देश पर शासन कर रहा है, उसे हम यहाँ राजा कहकर सम्बोधित कर लेते हैं।
             राजा यदि सदाचारी होता है तो प्रजा में भी सदाचार बढ़ता है। राजा के अनुसार ही प्रजा में नैतिकता, ईमानदारी, सच्चाई, दूसरों की परवाह करना आदि गुण देखादेखी स्वयमेव आ जाते है। जिस देश का राजा देशहित को सर्वोपरि रखता है, उस देश की प्रजा देशभक्त होती है। वहॉं के लोग अपने देश के साथ कभी गद्दारी करने के विषय में सोच ही नहीं सकते।
             इसके विपरीत जिस देश में राजा सदा लूट-खसोट करता है और प्रजा के हक पर डाका डालता है, वहाँ अराजकता फैल जाती है। प्रजाजन भी लूटमार करते हैं और दूसरों का हक छीनते हैं। उस देश में भ्रष्टाचार, चोरबाजारी, कालाबाजारी, रिश्वतखोरी आदि बुराइयाँ मुँह बाये खड़ी रहती हैं। शासनतन्त्र अपना बीभत्स रूप उदाहरण के तौर पर सबके समक्ष रखता है तब उस देश का ईश्वर ही मालिक होता है।
            न्यायपालिका, पुलिस व प्रशासन से सभी लोगों का विश्वास तब उठने लगता है। जब प्रजा यह देखती हैं कि सत्ताधारी व्यक्तियों को आम आदमी जैसे समान अपराध के लिए या तो सजा मिलती ही नहीं या मिलती है तो जनसाधारण की आँखों में धूल झौंकने के लिए होती है। वहॉं न्याय व्यवस्था चरमराने लगती है। जन साधारण का विश्वास न्याय पालिका से उठने लगता है। स्थिति यहॉं तक पहुॅंच जाती है कि लोग स्वयं ही दोषी को दण्ड देने का कार्य करने लगते हैं।
             जिस देश में इस प्रकार अफरा-तफरी का माहौल बन जाता है, वह भीतरघात का शिकार बनता है। जब तक देश के शासक व प्रजा सच्चरित्र नहीं होंगें, अपने देश, वेष व संस्कृति के लिए उनमें मर-मिटने का जज्बा नहीं होगा तो वे चन्द टुकड़ों के लालच में देश के रहस्य विदेशियों को बेचने में जरा भी हिचकिचाएँगे नहीं। इस प्रकार विदेशी उस देश की सभी अच्छाइयों, बुराइयों और सैन्य बल आदि सभी जानकारियाँ जुटा लेंगे।
              ऐसे अशान्त व अराजक देश को शीघ्र ही अपने अधिकार में कर लेना किसी भी अन्य देश के लिए कठिन नहीं होता। वह बिना अधिक कठिनाई के अपनी मनमानी करने में सफल हो जाता है। उस अराजक देश को गुलाम बना लेता है।
             एक रामराज्य था जिसकी कल्पना हम आज भी करते हैं। उस राज्य में आपसी सौहार्द था, एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान किया जाता था। राजा अपनी प्रजा पर पुत्रवत स्नेह रखता था। उसका सुख-दुख राजा का होता था। इसी प्रकार प्रजा भी अपने राजा पर न्योछावर हो जाती थी। दोनों का सामंजस्य देखकर कोई दूसरा राजा उनकी ओर नजर उठाकर भी नहीं देख सकता था।
            दूसरी ओर महाभारत काल था जहाँ भाई ही भाई का शत्रु बन गया था। सभी एक-दूसरे के खून के प्यासे हो गए थे। उस समय सारी मान्यताओं को ताक पर रख दिया गया था। चारों ओर स्वार्थ हावी हो गया था। इसके  परिणाम स्वरूप ही तब महाभारत का युद्ध हुआ जिसका फल हम आजतक भुगत रहे हैं। उसके बाद आने वाले शासक भी स्वार्थी, पदलोलुप व प्रजा के स्थान पर अपने हितों को सर्वोपरि रखने लगे। इसी कारण ही पहले मुगलों का शासन व अत्याचार देश पर हुआ और फिर अंग्रेजों का। इनसे मुक्ति के लिए न जाने कितने ही युवकों ने अपने बलिदान दिए। तब जाकर कहीं देश स्वतन्त्र हो सका।
           राजा और प्रजा में आपसी सामंजस्य का होना बहुत आवश्यक होता है। प्रजा के बिना राजा का कोई अस्तित्व नहीं होता और राजा के बिना प्रजा का। यह बात राजसत्ता को अच्छी तरह से आत्मसात कर लेनी चाहिए। यथासम्भव प्रजा के हितों की रक्षा राजा को करनी चाहिए तभी देश उन्नति के सोपानों पर चढ़ सकता है। राजा और प्रजा के सम्मिलित प्रयास से देश विश्व में अग्रणी बन सकता है।
चन्द्र प्रभा सूद

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें