गुरुवार, 10 मार्च 2016

हितचिन्तक

हितचिन्तक सदा ही निस्वार्थ रहकर देश, धर्म और समाज की भलाई के विषय में सोचते हैं। इस नेक काम के लिए अपने घर-परिवार तक की परवाह न करते हुए वे अपने तन, मन और धन सबका उपयोग करते हैं। सबसे बढ़कर अपना अमूल्य समय भी जनहित में खर्च करते हैं।
            जहाँ लोग अपने शारीरिक आराम को अधिक महत्त्व देते हैं। वे अपने शरीर को सजाने-संवारने में कोई भी कसर नहीं छोड़ते और इसके सुखों में खोए रहते हैं।  वहीं ये महानुभाव अपने सुख और आराम को तिलाञ्जलि देकर दिन-रात जनहित के कार्य करते रहते हैं। इन लोगों का मानना है कि यह मानव शरीर ईश्वर ने अपने बनाए जीवों का ध्यान रखने के लिए दिया है। वे अपने नैतिक दायित्व को पूर्ण कर रहे हैं, किसी पर अहसान नहीं।
            ये परोपकारी जीव अपने मन से भी सबका हित चाहते हैं। किसी का अहित करने के विषय में सोच भी नहीं सकते। हर समय नित-नए उपाय ही सोचते रहते हैं जिनसे दूसरों की भलाई की जा सके। दीन-दुखियों के जख्मों पर मलहम लगाने का कार्य करने के लिए वे सदा तत्पर रहते हैं। इसीलिए इनका मन बहुत ही खूबसूरत होता है।
             अपने अथक परिश्रम से अर्जित धन को परमार्थ के लिए खर्च करने से नहीं हिचकिचाते। हम सभी जानते हैं कि धन के बिना मनुष्य इस संसार में एक कदम भी नहीं चल सकता। कहीं आने-जाने में भी धन का व्यय होता है और किसी की सहायता के लिए भी उसे दिया जाता है।
           वे अपने धन का मोह पालते हुए कभी स्वार्थी नहीं बनते। बादलों की तरह जो भी इस समाज से लेते हैं उसे इसी धरती पर लोगों में बाँट देने में विश्वास रखते हैं। हो सकता है मूर्ख लोग इसे धन का अपव्यय समझें पर वास्तव में ये महान लोग अपने धन का सदुपयोग करते हैं जिसे वे अज्ञ समझ नहीं सकते।
            तन, मन और धन से भी बढ़कर मूल्यवान समय होता है। जो इसका सदुपयोग करते हैं, सफल कहलाते हैं और इस समय को अपनी लापरवाही से व्यर्थ गंवाने वाले अपने जीवन में असफल रहते हैं। उचित समय पर ही मनुष्य को उसके कृत कर्मों का फल अथवा कुफल भी मिलता है, ऐसा मनीषी कहते हैं। ऐसे मूल्यवान समय को भी ये सज्जन दूसरों पर खुशी-खुशी खर्च कर देते हैं।
           वे समय का मूल्य समझते हैं और जानते हैं कि समय पर यदि किसी की सहायता न की जाए तो उसकी उपयोगिता नहीं रह जाती। यदि हल जुते तैयार खेत में यदि वर्षा अपने ठीक समय पर न हो तो वह सूख जाता है। फिर उसके बाद कितनी ही मूसलाधार वर्षा हो जाए पर उस सूखे खेत में फसल नहीं हो पाती बल्कि उस खेत के लिए व्यर्थ हो जाती है।
            ऐसे व्यक्तियों को हमेशा अधिक महत्त्व और मान-सम्मान देना चाहिए क्योंकि वे दूसरों के लिए अपने जीवन के वो पल खर्च कर रहे होते हैं जो उन्हें कभी वापिस नहीं मिल सकते। कहते हैं कि बीता हुआ समय लौटकर नहीं आता चाहे कितना भी प्रयास क्यों न किया जाए। परोपकार करने वाले जन इस समय का वास्तव में निस्वार्थ रूप से सदुपयोग करते हैं।  इसीलिए इनका यश बिना किसी प्रयास के स्वयं ही चारों दिशाओं में फैल जाता है। इनकी कीर्ति इनके कहीं भी जाने से पहले पहुँच जाती है।
            अपनी इच्छा से, अपने मानसिक सन्तोष के लिए अपने तन, मन, धन और समय का सत्कार्यों में उपयोग करने से मनुष्य के पुण्य कर्मों में स्वत: ही बढ़ोत्तरी होती जाती है। उसका इहलोक और परलोक दोनों संवर जाते हैं। ऐसे यही महापुरुष विश्व वन्दनीय होते हैं और ईश्वर के प्रिय बन जाते हैं।
चन्द्र प्रभा सूद
Twitter : http//tco/86whejp

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें