मंगलवार, 2 जनवरी 2018

सन्त समाज के पथ-प्रदर्शक

आजकल तथाकथित सन्तों या धर्मगुरुओं की चर्चा टी वी, समाचार पत्रों और सोशल मीडिया पर छाई रहती है। आम साधारण लोग इनके तमझाम से आकर्षित होकर उलझ जाते हैं। वे उन्हें ईश्वर का सच्चा प्रतिनिधि मानकर उनकी शरण में जाते हैं। वे ज्ञान व शान्ति की तलाश में उनके पास जाते हैं पर उन्हें वहाँ कुछ भी नहीं मिलता। जब उनकी आँखें खुलती हैं तो बहुत देर हो चुकी होती है।
        आज हम सन्त के विषय में चर्चा करते हैं। सन्त समाज का आईना व मार्गदर्शक होते हैं। साधु-सन्तों की जाति नहीं पूछी जाती बल्कि उनका ज्ञान परखा जाता है। इसीलिए कहा है-
'जाति न पूछो साधु की पूछ लीजिए ज्ञान।'
       जिसे हम वास्तव में सन्त कहते हैं वह संसार के बंधनों से मुक्त होता है। वह किसी आडम्बर या नाम की इच्छा नहीं रखता।ऐसे सन्त समाज का आभूषण कहलाते हैं। वे अनाम रहकर आत्मोन्नति के लिए समाज से कटकर जंगलों, पर्वतों या गुफाओं साधना करते हुए  कैवल्य प्राप्त करते हैं। और यदि समाज में रहते भी हैं तो भौतिक ऐश्वर्यों का त्याग कर समाज की भलाई के कार्य करते हुए संसार से विदा लेते हैं। 
       सन्तों को हम उनके सद् गुणों, संयम, आचार-व्यवहार, उनकी कथनी-करनी के एकस्वरूप होना आदि गुणों से पहचान सकते हैं।
       सन्त को पहचान कर उस पर विश्वास करना उचित है। दूसरों की चिकनी-चुपडी बातों में न उलझकर अपने विवेक पर भरोसा कीजिए।आपकी तर्क की कसौटी  पर जो खरा उतरे उसे मानें अन्यथा सब छोड दें।
     सन्त समाज को दिशा नहीं दे सकता अथवा दिग्दशर्क नहीं बनता तो ऐसा वह त्याज्य है व सम्मान नहीं प्राप्त करने के योग्य नहीं हो सकता।
      सन्त की कोई उपाधि नहीं होती। न ही उसके लिए कोई मापदण्ड होता है। उसके लिए किसी विद्वत परिषद के गठन की भी आवश्यकता नहीं होती।
     सन्त यदि केवल पुस्तकीय ज्ञान से प्रभावित करता है और उसका आचरण अनुकरणीय नहीं है तो वह त्याज्य है। पुस्तकीय ज्ञान तो गधे पर लादे बोझ की तरह होता है यदि उस पर मन, वचन व कर्म से आचरण न किया जाए। साधु-संतो की परख उनके सद् गुणों और आचरण से होती है।
       हमारा अपना विवेक सबसे बडी कसौटी है। अपनी तर्क की कसौटी पर जो खरा उतरे उसे ही विद्वान मानें अन्यथा सब छोड दें। हमारा विश्वास हमारी पूँजी है इसे यूँ ही नहीं डगमगाने दे सकते।
      वे कदापि सन्त या धर्मगुरु नहीं कहे जा सकते जिन्हें लोकप्रशंसा की भूख हो। जो टीवी अथवा राजनैतिक पार्टी के मंच से लुभावने और मंत्रमुग्ध करने वाले प्रवचनों और भाषणों से सबको मन्त्र मुग्ध कर लें।  इसके अतिरिक्त वे भी सन्त नहीं हो सकते जो देश व समाज के प्रति आपराधिक गतिविधियों में संलग्न हो। मजबूरन उन पर भारतीय दण्ड संहिता के अंतर्गत आरोप सिद्ध किए जाएँ।
       सन्तों का स्वभाव बालसुलभ होता है। वे सच्चे सन्त नहीं हो सकते जो द्वन्द्व सहन नहीं कर सकते या मात्र अपनी आलोचना से विचलित हो जाएँ।
      मेरा मानना है कि सन्त की उपाधि के  ज्ञान, धैर्य, इन्द्रिय नियंत्रण, मानसिक और शारीरिक बल के आकलन की कदापि आवश्यकता नहीं होती। सन्त बनाने या कहलाने के कोई मानक या मापदण्ड नहीं हैं।
     एक आख्यान है कि ऋषि विश्वामित्र को महर्षि कहलाने के लिए महर्षि वसिष्ठ की अनुमति चाहिए थी। पर जब तक वे इस पद के योग्य न हुए तब तक वसिष्ठ जी ने उन्हे महर्षि नहीं कहा। वर्षों की साधना के पश्चात जब वे अपने आचरण से इस पद के योग्य हुए तब उन्हें महर्षि वसिष्ठ ने उनको महर्षि विश्वामित्र कहकर पुकारा।
       साधना करके ही ये उपाधियाँ प्राप्त की जा सकती हैं। वैसे जो वास्तव में सच्चे सन्त होते हैं वे इन उपाधियों के गुलाम नहीं होते। उनके कर्म ऐसे होते हैं जिससे लोग उन्हें सिर माथे पर बिठाते हैं।
       दूसरों को धोखा देने या ठगने वालों से हमेशा सावधान रहना चाहिए चाहे वे तथाकथित धर्मगुरु कहलवाने वाले हों या आम धूर्त। इनसे किनारा करना ही हमारे लिए श्रेयस्कर है।
     यदि आप कर्मसिद्धांत और पुनर्जन्म पर विश्वास करते हैं तो कबीर दास जी के शब्दों में मानकर चलिए-
  जो करेगा सो भरेगा तू क्यों भया उदास।
चन्द्र प्रभा सूद
Email : cprabas59@gmail.com
Blog : http//prabhavmanthan.blogpost.com/2015/5blogpost_29html
Twitter : http//tco/86whejp

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें