शुक्रवार, 23 जनवरी 2015

गुरु कौन

ज्ञान देने वाले को हम गुरु कहते हैं। ज्ञान अगाध होता है उसकी कोई सीमा नहीं होती। उस असीम ज्ञान रूपी अमृत को हम किसी से भी प्राप्त कर सकते हैं यानि कि शिक्षा देने वाला कोई भी जीव हो सकता है। वह कोई मनुष्य भी हो सकता है और अन्य कोई जीव यानि पेड़-पौधे या पशु-पक्षी भी हो सकता है।
       हम चींटी जैसे छोटे से जीव से भी ज्ञान ले सकते हैं और शेर जैसे शक्तिशाली जीव से भी। आप कहेंगे क्या मूर्खतापूर्ण बात कही है। मेरी बात को सहजता से स्वीकार मत कीजिए पहले उसे अपनी तर्क की कसौटी पर परखें।
        रामायण में आपने पढ़ा होगा कि भगवान राम पेड़-पौधों से सीता जी के विषय में पूछते हैं पर जटायु ने उन्हें दिशानिर्देश दिया। हनुमान जी को वानर मानते हुए भी उन्हें  भगवान की तरह पूजते हैं। रामचरितमानस में काक भुशुण्डी ने ईश्वर भक्ति का उपदेश दिया। भगवान विष्णु के दस प्रमुख अवतारों में मनुष्य रूप के अतिरिक्त मत्स्य, वराह आदि अन्य जीव भी हैं।
        भगवान बुद्ध के विषय में लिखी गई जातकमाला में उनके पशु-पक्षियों के रूप में अवतरित होकर ज्ञान देने का चित्रण है। इससे प्रेरणा लेकर हम महात्मा बुद्ध के उपदेशों का जीवन में पालन करके आत्मिक उन्नति कर सकते हैं।
       यह आवश्यक नहीं हैं कि हम किसी मनुष्य को ही गुरु मानकर उसे अपनाने के साथ-साथ उसके दुष्कर्मों पर परदा डालें। हमें अपनी ज्ञान पिपासा को शांत करने के लिए बहुत ही सूझबूझ से काम लेना चाहिए नहीं तो व्यर्थ ही भटकना पड़ता है जिसका कोई अंत नहीं होता।
         गुरु सहिष्णु, ईमानदार, सत्यवादी, संयमी,  सदाचारी, अपरिग्रही होने के साथ-साथ मन, वचन व कर्म से भी एक होना चाहिए। तभी वह सही मायने में गुरु कहलाता है। हम उसे ईश्वर तुल्य मानकर उसकी पूजा करते हैं।
      उसकी कही गई हर बात का प्रभाव दूसरों पर होता है। जो वस्तुतः गुरु होता है उसे किसी प्रकार की सुरक्षा, हथियारों या सेना की आवश्यकता नहीं होती। यदि वह इस कसौटी पर खरा न उतरे तो गुरु कहलाने का अधिकारी नहीं है।
        हमारे ग्रन्थों में गुरु का बखान अनेकशः मिलता है। कसौटी पर कसने के पश्चात ही किसी को गुरु बनाना चाहिए। आँख मूँद करके भेड़ चाल नहीं करनी चाहिए। न ही अपने तुच्छ स्वार्थों की पूर्ति के लिए अवांछित गुरु का साथ ही करना चाहिए। यदि हम ऐसा करते हैं तो इसका दुष्परिणाम भोगने के लिए भी हमें तैयार रहना पड़ेगा।
        अपने ग्रन्थों को यदि गुरु बनाकर उनका पारायण किया जाए तो मनुष्य को कोई भटका नहीं सकता। इनसे अच्छा गुरु और कोई नहीं हो सकता।
      सिख पंथ 'गुरु ग्रन्थ साहब' को ही अपना गुरु मानते हैं। कहने मात्र से ही पता चलता है कि गुरु  कोई मनुष्य विशेष नहीं बल्कि ग्रन्थ है। इसी तरह अपने सद् ग्रन्थों को गुरु मानकर उनका पारायण करके अपने जीवन को सफल बना सकते हैं।
         गुरुपद बहुत ही महान होता है इस पद का अपमान करने वालों को अपनी दूरदृष्टि से पहचान कर उनसे किनारा करना चाहिए। अपना खून-पसीना एक करके कमाए धन व अपने बहुमूल्य समय को नष्ट होने से यथासंभव बचाएँ।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें