शुक्रवार, 28 अगस्त 2015

भाई-बहन का संबंध

रक्षाबन्धन पर विशेष-

भाई बहन का संबंध ईश्वर की ओर दिया गया एक अनमोल उपहार है। ये दोनों अर्थात् भाई और बहन एक-दूसरे के पूरक हैं।भाई यदि घर की शान है बहन घर का मान होती है। बहन के लिए भाई का और भाई के लिए बहन का प्यार अमूल्य होता है।
     भारतीय संस्कृति में बहन एक अनमोल बंधन है। मृत्यु पर्यन्त भाई इस रिश्ते को अपने कर्तव्य के अनुसार भलीभाँति निभाता है। इसी रिश्ते के प्रतीक-स्वरूप रक्षाबंधन व भैयादूज त्योहार हैं। ये सामाजिक त्योहार भाई-बहन के प्रगाढ़ बंधन के प्रतीक हैं। रक्षाबंधन जैसा कि नाम से ही स्पष्ट है में बहन भाई को राखी के स्वरूप में रक्षाकवच बाँधती है और भाई उसे यथाशक्ति उपहार देकर आयु पर्यंत रक्षा करने का वचन देता है। भैयादूज पर बहन भाई के माथे पर तिलक लगाती है भाई सामर्थ्यानुसार बहन को उपहार देता है। भाई चाहे छोटा हो या बड़ा हमेशा बहन का सहारा बनता है।
    यद्यपि आज के भौतिकतावादी युग में ये संबंध भी अछूता नहीं रहा। कहीं-कहीं किन्हीं परिवारों में धन-संपत्ति को लेकर भाई-बहन के संबंधों में कुछ कड़वाहट अवश्य आई हैं। पर वे परिवार अंगुलियों पर गिने जा सकते हैं।
       यहाँ मैं एक बात स्पष्ट करना चाहती हूँ कि जिस धर्म में अपने रक्त संबंधों में विवाह की अनुमति है वहाँ भी सगे भाई-बहन में विवाह निषिद्ध है।
      इस कथन का यही तात्पर्य है कि भाई-बहन का संबंध बहुत ही पवित्र है इसे दोनों को ही सच्चे मन से निभाना चाहिए।
        यहाँ हम यह भी जोड़ सकते हैं कि भारतीय संस्कृति में यदि सगी बहन न होते हुए किसी को युवती को बहन मान लिया जाता है तो उसके साथ भी ताउम्र वैसा ही संबंध निभाया जाता है जैसा रिश्ता सगी बहन के साथ निभाया जाता है।
      ईश्वर भाई और बहन के इस रिश्ते की पवित्रता बनाए रखे।
चन्द्र प्रभा सूद
Twitter- http://t.co/86wT8BHeJP

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें