सोमवार, 3 अगस्त 2015

किसी के प्रभाव में न आएँ

संसार में आने वाले सभी जीव भिन्न-भिन्न प्रकृति के होते हैं। हम कुछ मुट्ठी भर लोगों को ही जानते हैं जो हमारे संपर्क में होते हैं शेष अन्यों को नहीं। इसकी भी कोई गारंटी नहीं कि हम उन्हें भलीभाँति पहचानते हैं। हो सकता है वे मुखौटा लगाकर दूसरों को प्रभावित कर उन्हें अपने जाल में फंसा रहे हों। हमारे लिए किसी के रंग-रूप,  धन-संपत्ति, डीलडौल( व्यक्तित्व) या लच्छेदार बातों के कारण बिना जाँचे-परखे उसके प्रभाव में आ जाना युक्तिसंगत नहीं।
      मनुष्य अपने स्वभाव व आदतों से परखे जाते हैं। रहीम जी इस दोहे के माध्यम से कौवे और कोयल का उदाहरण देते हुए लोगों को सही रूप में पहचानने का सद् परामर्श देते हैं-
दोनों रहिमन एक से,  जब तक बोलत नाहीं।
जान परत हैं काक-पिक, ऋतु बसंत के माहीं॥
     इस दोहे के माध्यम से रहीम जी कौवे की मूर्खता और कोयल की मक्करी के बारे में बताते हुए सतर्क रहने के लिए समझा रहे हैं। रंग व रूप में दोनों मिलते-जुलते हैं। दोनों का रंग काला है। कोयल मीठा गाकर सबका मन मोह लेती है। इसके विपरीत किसी के घर की मुंडेर पर कौआ बोले तो कर्कश ध्वनि के कारण लोग उसे कंकर मार कर उड़ा देते हैं। कोयल की मक्करी की हद तो देखिए अपने अंडे सेने के लिए कौवे के घोंसले में रख देती है। मूर्ख कौवा उसकी चाल नहीं समझ पाता। वसंत ऋतु जब आती है तब कोयल की आवाज़ के कारण उन दोनों का वास्तविक रूप सबके सामने आ जाता है।
       यह बहुत बड़ा सत्य है कि हम प्राय: लोगों को पहचानने में भूल कर बैठते हैं। दूसरों की चिकनी-चुपड़ी बातों में बिना आगा-पीछा सोचे आ जाते हैं जिससे हम धोखा जा जाते हैं। कुछ लोग आस्तिन के साँप की तरह होते हैं जो मौके-बेमौके डंक मारने से भी नहीं चूकते।उनसे सावधान रहना बहुत आवश्यक होता है।
         'दूरतः पर्वता: रम्या:'  अर्थात् दूर से देखने पर तो पर्वत भी सुन्दर लगते हैं पर पास जाने पर उनका सौंदर्य गायब हो जाता है और हमें परेशानियाँ दिखाई देने लगती हैं। वहाँ ऊपर चढ़ने  की कठिनाई और हर तरफ एक अजीब सी गंध भी महसूस होती है।
     उसी प्रकार सभी इंसान हमें देखने में भले प्रतीत होते हैं परंतु जब उनसे व्यवहार किया जाता है तब उनकी असलियत सामने आ जाती है कि वे कितने पानी में हैं।
चन्द्र प्रभा सूद
Twitter- http://t.co/86wT8BHeJP

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें